
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- रीवा
- /
- रीवा : ससुराल पक्ष पर...
रीवा : ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप, मायके पक्ष वालों ने पति एवं ससुर को अस्पताल में पीटा

रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा शहर अंतर्गत संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला का शव घर के अंदर पंखे से लटकता मिला। घटना की जानकारी जैसे ही मायके पक्ष को लगी तो तनाव का वातावरण निर्मित हो गया। देखते ही देखते मर्चुरी के सामने ससुराल और मायके पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। बड़े बवाल की आशंका को देखते हुए भारी संख्या में अस्पताल परिसर के सामने पुलिस बल तैनात हो गया।
परिजन जहां इसे आत्महत्या बता रहे हैं तो वहीं मायके पक्ष के लोगों ने महिला की हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना सिटी कोतवाली थाने के घोघर मोहल्ले में हुई है।
ये है मामला मिली जानकारी के अनुसार वंशिका पुरुषवानी पति जितेंद्र 28 वर्ष का गुरुवार की शाम घर के कमरे के अंदर शव लटकता मिला। घटना के समय परिजन दूसरे कमरे में थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिसने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में लाया गया। जहाँ तनाव का वातावरण निर्मित हो गया। घटना से गुस्साए मायके पक्ष के लोगों ने मृतिका के पति व ससुर से मारपीट शुरू कर दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने बीच-बचाव को शांत कराया।
शव को लटकाने का आरोप घटना के बाद भारी पुलिस बल अस्पताल पहुंच गए और परिजनों को समझाइश देकर शांत कराया गया। घटना की सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने उसकी हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया हैं। पिता लक्ष्मीचंद ज्ञानचंदानी निवासी माधव नगर कटनी का आरोप था कि उनकी पुत्री को ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। उन्होंने हत्या करके शव को लटकाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी ओंकार तिवारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।




