रीवा

रीवा में दहेज में नहीं मिली कार तो पति ने पत्नी को फांसी के फंदे पर लटकाया

Rewa MP News
x

सांकेतिक तस्वीर 

Rewa MP News: आज के इस आधुनिक युग में आज भी बेटियां दहेज की बलिवेदी पर अपनी आहूति दे रही है।

Rewa MP News: आज के इस आधुनिक युग में आज भी बेटियां दहेज की बलिवेदी पर अपनी आहूति दे रही है। आज भी दहेज के नाम पर ससुराल वालों द्वारा बहुओं को या तो जला कर मारा जा रहा है या फिर फांसी पर लटकाया जा रहा है। ऐसा ही एक मामला जिले के चोरहटा थाना अंतर्गत धौचठ गांव में देखने में आया है। जहां दहेज में अल्टो कार न दिए जाने पर पति ने अपनी नवब्याहता पत्नी को फांसी के फंदे पर लटका कर मार डाला।

महिला के मायके वालों ने ऐसा आरोप ससुराल वालों पर लगाया है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में दहेज हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट और पुलिस जांच में अगर हत्या की बात स्पष्ट होती है तो धारा बढ़ाते हुए हत्या का प्रकरण दर्ज किया जाएगा। फिलहाल मृतक महिला के शव का पीएम करने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।

सात माह पूर्व हुई थी शादी

बताया गया है कि गोविंदगढ़ थाना अंतर्गत शिवपुर्वा निवासी महिमा नामदेव पत्नी अनूप नामदेव 22 वर्ष की शादी सात माह पूर्व अप्रैल माह में धौचठ निवासी अनूप के साथ हुई थी। मायके वालों को यह नहीं पता था कि अपने कलेजे को टुकडे़ को जहां वह विदा कर भेज रहे हैं वहीं से उन्हें एक दिन उसकी मौत की सूचना मिलेगी।

क्या कहते हैं मायके वाले

मायके वालों का आरोप है कि हमने अपनी हैसियत से बढ़ कर ससुराल वालों को दहेज दिया था। दहेज में दामाद को बाइक भी दी थी। लेकिन दामाद का कहना है कि वह अच्छा कमाता है, उसे कार चाहिए। चार दिन पूर्व महिला ने अपनी भाभी से भी इस बारे में बताया था कि ससुराल वाले आए दिन दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करते हैं।

पति पर नशा करने और मारपीट का आरोप

बताया गया है कि महिला का पति नशे का आदी था। नशे में धुत्त होकर जब वह घर आता था तो अपनी पत्नी के साथ गाली-गलौज और मारपीट किया करता था। महिला इस प्रताणना से काफी तंग थी।

पति ने की हत्या

आरोप है कि जब यह घटना हुई तब घर में केवल महिला और उसका पति था। महिला की सास रिश्तेदारी में कहीं गई थी, ससुर रीवा स्थिति अपनी दुकान में आ गया था। माना जा रहा है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर आरोपी पति ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद उसे फांसी पर लटका दिया होगा। फिलहाल इस आरोप में कितनी सच्चाई है इसका पता तो पीएम रिपोर्ट के बाद ही चल पाएगा।

वर्जन

महिला की मौत पर मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने दहेज हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला की हत्या हुई है या उसने फांसी लगाई है इसका पता पीएम रिपोर्ट के बाद ही चल पाएगा।

अवनीश पाण्डेय, थाना प्रभारी चोरहटा

Suyash Dubey | रीवा रियासत

Suyash Dubey | रीवा रियासत

News Content SEO Expert

Next Story