
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- रीवा
- /
- सीधी के बाद रीवा में...
सीधी के बाद रीवा में वीडियोकांड: मारपीट कर युवक को पहनाई चप्पलों की माला, पुलिस ने मामला दर्ज किया

रीवा. सीधी के बाद अब रीवा में दबंगई का वीडियो वायरल हुआ है। एक युवक के साथ आरोपियों ने मारपीट की और उसे चप्पलों की माला पहना कर पूरे गांव में घुमाया। फोटो और वीडियो संज्ञान में आते ही पुलिस ने पीड़ित को बुलाकर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध किया है। फिलहाल आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। घटना सोहागी थाने के गंगतीरा खुर्द गांव की बताई जा रही है। घटना करीब 10 दिन पुरानी है। युवक के घर डंडा लेकर आरोपी विवाद करने पहुंचे थे। उसके घर के सामने गाली-गलौज कर काफी देर तक हंगामा किया। बाद में युवक के साथ जमकर मारपीट की और उसे चप्पलों की माला पहना कर पूरे गांव में घुमाया। काफी देर तक आरोपी उक्त युवक के साथ बर्बरता करते रहे। बाद में स्थानीय लोगों ने बीचबचाव कर विवाद को शांत कराया।
घटना का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। मामला संज्ञान में आते ही अधिकारियों ने तत्काल पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। सोहागी पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को लेकर थाने आ गई। उसकी शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। देशपाल सिंह पिता अवधराज सिंह, रिंकू सिंह पिता हरि सिंह, हरिओम सिंह पिता देशपाल सिंह तीनों निवासी गंगतीरा खुर्द थाना सोहागी शामिल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर सत्यता का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
विवाद के कारणों का पता लगा रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस अब विवाद के कारणों का पता लगा रही है। प्रारंभिक जांच में मामूली बात को लेकर उनके बीच विवाद होने की जानकारी सामने आई है, जिसकी पुलिस तस्दीक कर रही है। अभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, जिससे विवाद के असली कारण सामने नहीं आए हैं।
युवक के साथ मारपीट कर उसे चप्पलों की माला पहनाने संबंधी कुछ फोटो वायरल हुई थीं, जिसको संज्ञान में लेकर पीड़ित की शिकायत पर प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है। अभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर आगे कार्रवाई की जायेगी। - समरजीत सिंह, एसडीओपी
गोविंदगढ़ में भी दो साल पुराने मामले पर गिरफ्तारी हुई
रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाने में मारपीट का वीडियो वायरल होने पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गोविंदगढ़ थाने के डिहिया गांव का यह वीडियो दो साल पुराना बताया जा रहा है। 9 दिसम्बर 2021 को प्रमोद कुमार सिंह की शिकायत पर आरोपी संतोष सिंह के खिलाफ 454, 427 का प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया था। इस घटना का एक वीडियो दो दिन पूर्व सोशल मीडिया में वायरल हुआ, जिसमें फरियादी आरोपी संतोष सिंह को चप्पलों से पीटते नजर आ रहे हैं। वीडियो संज्ञान में आने के बाद गोविंदगढ़ थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल ने उसको संज्ञान में लेकर पीड़ित को तलब किया और उसकी शिकायत पर आरोपी दिनेश यादव, प्रमोद सिंह, राममनोरथ दाहिया के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर एक आरोपी को प्रमोद सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
Aaryan Puneet Dwivedi
Aaryan Puneet Dwivedi is a senior editor and an experienced journalist who has been active in the news industry since 2013. He has extensive experience covering and editing news across multiple fields, including politics, national and international affairs, sports, technology, business, and social issues. He is a state-level accredited journalist recognized by the Madhya Pradesh government. Known for his in-depth understanding of news and current affairs, he focuses on delivering accurate, reliable, and reader-friendly information across all major news categories.




