रीवा

रीवा में दो चरणों में होंगे नगरीय निकाय चुनावः महापौर पद के लिए भाजपा व्यंकटेश-विवेक, तो कांग्रेस मंगू पर खेल सकती है दांव

Aaryan Puneet Dwivedi
2 Jun 2022 11:22 AM IST
Updated: 2022-06-02 05:53:28
रीवा में दो चरणों में होंगे नगरीय निकाय चुनावः महापौर पद के लिए भाजपा व्यंकटेश-विवेक, तो कांग्रेस मंगू पर खेल सकती है दांव
x
रीवा में दो चरणों में होंगे नगरीय निकाय चुनावः रीवा नगर निगम में लंबे समय से भाजपा का कब्जा है, इस भाजपाई किले को भेद पाना कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती है.

रीवा। मध्यप्रदेश में चुनावी माहौल फिर शुरू हो गया है। नगरीय निकाय चुनावों की घोषणा होते ही दावेदारों के सफेद कुर्ते की सफेदी चमकती हुई दिखने लगी है। सभी पार्टियों के दावेदार अपने आलाकमान के चक्कर काटने लगे हैं, तो निर्दलीय मैदान में उतरने वालें पोस्टर छपवाने लगे हैं। रीवा में नगरीय निकाय चुनाव दो चरणों में होंगे। महापौर पद के लिए प्रदेश की दो सबसे बड़ी पार्टी भाजपा एवं कांग्रेस में दावेदारी को लेकर शोर सिफारिश शुरू हो चुकी है।

भाजपा से ये चेहरे हो सकते हैं महापौर के उम्मीदवार

रीवा नगर निगम में लंबे समय से भाजपा का कब्जा है। इस बार भी भाजपा अपराजित रीवा नगर निगम के लिए नए चेहरे पर दांव खेलने जा रही है। रीवा नगर निगम का महापौर पद अनारक्षित है। इस वजह से दावेदार भी अधिक हैं।

भाजपा सूत्रों की मानें तो महापौर पद का उम्मीदवार व्यंकटेश पाण्डेय को बनाया जा सकता है। पाण्डेय अनुभवी एवं भाजपा के बड़े जनप्रतिनिधि के बेहद खास होने के साथ-साथ मिलनसार नेता के तौर पर पहचाने जाते हैं। इसके अलावा अगर भाजपा युवा पर दांव लगाती है तो फिर उसके समक्ष विवेक गौतम जैसा जुझारू एवं जनता के बीच पकड़ रखने वाला युवा नेता भी है। इसलिए व्यंकटेश पाण्डेय के अलावा भाजपा विवेक गौतम पर भी नगर निगम महापौर पद के लिए दांव खेल सकती है।

इन द्वय के अलावा दावेदारों की रेस में प्रमोद व्यास, अरूण तिवारी 'मुन्नू', नारेन्द्र गुप्ता, नरेन्द्र शर्मा, संजय द्विवेदी, कमल सकलेचा, विवेक दुबे, प्रज्ञा त्रिपाठी, मनीषा पाठक एवं परमजीत सिंह डंग जैसे नेता के नाम शामिल हैं।

कांग्रेस से ये चेहरे हो सकते हैं महापौर के उम्मीदवार

प्रदेश में सत्ता न होना एवं लंबे समय से रीवा नगर निगम के महापौर का पद भाजपा के झोली में होना कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। यह भाजपाई किला भेद पाना कांग्रेस के लिए बेहद कठिन टास्क है। इसके अलावा कांग्रेस के अलग-अलग गुट खुद पार्टी के लिए सबसे बड़ी चुनौती हैं। इन सबके अलावा 2018 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की एक भी विधानसभा सीट रीवा जिले की किसी भी विधानसभा में नहीं आ सकी, जिसके चलते कांग्रेस आलाकमान की तिरछी निगाह रीवा नगर निगम के महापौर पद पर बनी हुई है।

प्रायः देखा जाता है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ हर जगह विंध्य के रीवा पर ही ठीकरा फोड़ते आ रहे है। ऐसे में बड़े नेता के खास गुरमीत सिंह 'मंगू' पर दांव लगाया जा सकता है। वहीं कविता पाण्डेय, अजय मिश्रा बाबा, विनोद शर्मा, राजेन्द्र शर्मा और डॉ. मुजीद खान के नामों पर विचार किया जा सकता है।

किस चरण में कहां होंगे चुनाव

  • प्रथम चरण (मतदान- 6 जुलाई, परिणाम- 17 जुलाई): नगर परिषद मऊगंज, नगर परिषद हनुमना और नगर परिषद नईगढ़ी।
  • द्वितीय चरण (मतदान- 13 जुलाई, परिणाम- 18 जुलाई) : नगर निगम रीवा, नगर परिषद गोविंदगढ़, गुढ़, मनगवां, सिरमौर, बैकुंठपुर, सेमरिया, त्योंथर, चाकघाट और डभौरा।

Aaryan Puneet Dwivedi

Aaryan Puneet Dwivedi

Aaryan Puneet Dwivedi is a senior editor and an experienced journalist who has been active in the news industry since 2013. He has extensive experience covering and editing news across multiple fields, including politics, national and international affairs, sports, technology, business, and social issues. He is a state-level accredited journalist recognized by the Madhya Pradesh government. Known for his in-depth understanding of news and current affairs, he focuses on delivering accurate, reliable, and reader-friendly information across all major news categories.

Next Story