रीवा

रीवा में शिवराज: सीएम ने सिरमौर में किया 222.79 करोड़ के निर्माण कार्यों का लोकार्पण तथा भूमिपूजन, कहा- रीवा के गेंहू की विदेशो में भी मांग है

Aaryan Puneet Dwivedi
13 March 2022 7:03 PM IST
MP Rojgar Diwas 2022
x

MP Rojgar Diwas 2022

रीवा के सिरमौर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जवा में एसडीएम कोर्ट तथा बैकुण्ठपुर में उप तहसील बनाने की घोषणा की.

रीवा। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) एक दिवसीय प्रवास पर रीवा जिले के सिरमौर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट विद्यालय मैदान में आयोजित कार्यक्रम में 222.79 करोड़ रुपए के निर्माण कार्यों का लोकार्पण तथा भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं से हितग्राहियों को 6 करोड़ रुपए से अधिक के हितलाभ का वितरण किया।

सीएम शिवराज ने सिरमौर क्षेत्र के विकास के लिए अनेक सौगातें दी। मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि सिरमौर आईटीआई का उन्नयन होगा। इसमें 6 नए ट्रेड शुरू होंगे तथा भवन निर्माण के लिए राशि दी जाएगी। डभौरा में औद्योगिक केन्द्र विकास के लिए सर्वेक्षण कराकर कार्यवाही की जाएगी। नगर पंचायत डभौरा में सब्जी मंडी तथा अन्य निर्माण कार्यों के लिए 50 लाख रुपए दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आमजनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उनके आवेदन पत्रों में कार्यवाही के निर्देश अधिकारियों को दिए। मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन करके बेटियों का सम्मान किया।

मुख्यमंत्री ने आमजनता की करतल ध्वनि के बीच जवा में एसडीएम कोर्ट खोलने तथा जवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के सिविल अस्पताल के उन्नयन की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बैकुण्ठपुर में अगले सत्र से महाविद्यालय खोलने, जनपद पंचायत सिरमौर के जीर्ण-शीर्ण भवन के सुधार की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने नष्टिगवां का नाम दिव्यग्राम करने तथा नष्टिगवां कॉलेज का नाम बिरसामुंडा कॉलेज करने की घोषणा की।

पूर्व सांसद स्वर्गीय चन्द्रमणि त्रिपाठी के नाम होगा आईटीआई कॉलेज

मुख्यमंत्री ने सिरमौर सिविल हास्पिटल का नाम डॉ. भीमराव अंबेडकर चिकित्सालय तथा आईटीआई कॉलेज का नाम पूर्व सांसद स्वर्गीय चन्द्रमणि त्रिपाठी आईटीआई कॉलेज करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बैकुण्ठपुर में उप तहसील खोलने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने लालगांव हायर सेकण्डरी स्कूल का नाम लाल रूक्मणि रमण प्रताप सिंह स्कूल करने की घोषणा की।

रीवा के गेंहू की देश ही नहीं विदेशों में भी मांग है- सीएम शिवराज

मुख्यमंत्री ने विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार गरीबों को विकास का हक देने वाली सरकार है। हम हर वर्ग के विकास की चिंता कर रहे हैं। लेकिन जो विकास की दौड़ में सबसे पीछे छूट गया है उस गरीब और वंचित को सबसे पहले विकास का हक दिया जा रहा है। विन्ध्य क्षेत्र में बाणसागर बांध की नहरों से खेती में अभूतपूर्व विकास हुआ है। अब रीवा के गेंहू की देश ही नहीं विदेशों में भी मांग है। सिरमौर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा के लिए सर्वेक्षण कराया जाएगा। टमस नदी से उद्वहन सिंचाई योजना के सर्वेक्षण के आदेश दिए गए हैं।

एक लाख से अधिक परिवारों को जमीन के पट्ट दिए जाएंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना से 84 हजार गरीबों के आवास बने हैं। योजना के पात्र परिवारों का सर्वेक्षण कराकर 86 हजार गरीबों के नाम जोड़े गए हैं जिन्हें कच्चे मकानों के स्थान पर पक्के आवास की सुविधा मिलेगी। बजट में सरकार ने प्रदेश में गरीबों के आवास के लिए दस हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। अगले तीन सालों में प्रदेश में गरीबों के लिए 30 लाख आवास बनाएं जाएंगे। साथ ही मुख्यमंत्री भू आवास अधिकार योजना के तहत रीवा जिले में एक लाख से अधिक परिवारों को जमीन के पट्ट दिए जाएंगे। यदि पट्टे के लिए शासकीय जमीन उपलब्ध नहीं हुई तो निजी जमीन खरीदकर गरीबों को दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिरमौर में सीएम राइज स्कूल की स्थापना होगी जिसका भवन 24 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जाएगा। इसमें आधुनिक शिक्षा की सभी सुविधाएं होंगी। जिले में 7 लाख से अधिक परिवारों को आयुष्मान कार्ड दिए गए हैं। इनसे गरीबों को सरकारी के साथ-साथ प्राइवेट अस्पतालों में भी नि:शुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है।

जिले के पहडि़या में बनाए गए पोषण आहार सयंत्र का संचालन स्वसहायता समूह की महिलाओं से कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बसामन मामा ने पीपल पेड़ की रक्षा के लिए अपने प्राण दे दिए थे। हर व्यक्ति जन्मदिवस तथा जीवन के अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर पौधे अवश्य लगाए। साथ ही अपने गांव तथा शहर को साफ-सुथरा रखने में योगदान दें।

पटवारी को निलंबित करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने आमजनता से मिले आवेदन पत्रों में सुनवाई करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना की अंतिम किश्त हितग्राही को तत्काल प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को किश्त देने में देरी के संबंध में समुचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। एक आवेदक द्वारा ग्राम बरौं में कम्प्यूटर में जमीन के अभिलेखों में सुधार के लिए अवैध राशि मांगने की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने बरौं हल्के के तत्कालीन पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच कर प्रतिवेदन देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब का पैसा किसी को नहीं खाने दूंगा। यदि कोई इस तरह का प्रयास करेगा तो एक मिनट में बर्खास्त कर दिया जाएगा।

समारोह में सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने मुख्यमंत्री जी का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी रीवा के तारणहार हैं। आपने सिरमौर क्षेत्र और पूरे रीवा जिले को शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़कों, पुलों सहित अनेक सौगातें दी हैं। समारोह में विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम ने बजट में आमजनता पर किसी तरह का नया कर न लगाने के लिए मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया। विधायक सिरमौर श्री दिव्यराज सिंह ने मुख्यमंत्री जी को सिरमौर क्षेत्र के विकास के लिए मांगपत्र दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने दो बड़ी सड़कों की सौगात देकर डभौरा क्षेत्र से सिरमौर को सीधे जोड़ दिया है। इस सड़क के दूसरे चरण के कार्य को भी स्वीकृति मिले जिससे मऊ तक आवागमन सुगम हो सके।

समारोह में पूर्व मंत्री एवं विधायक रीवा श्री राजेन्द्र शुक्ल, विधायक गुढ़ श्री नागेन्द्र सिंह, विधायक सेमरिया श्री केपी त्रिपाठी, विधायक त्योंथर श्री श्यामलाल द्विवेदी, विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अभय मिश्रा, भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री राजेश पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, कमिश्नर अनिल सुचारी, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक केपी व्यंकटेश्वर राव, डीआईजी मिथिलेश शुक्ल, कलेक्टर मनोज पुष्प, पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन, अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा विशाल जन समुदाय उपस्थित रहा।

Aaryan Puneet Dwivedi

Aaryan Puneet Dwivedi

Aaryan Puneet Dwivedi is a senior editor and an experienced journalist who has been active in the news industry since 2013. He has extensive experience covering and editing news across multiple fields, including politics, national and international affairs, sports, technology, business, and social issues. He is a state-level accredited journalist recognized by the Madhya Pradesh government. Known for his in-depth understanding of news and current affairs, he focuses on delivering accurate, reliable, and reader-friendly information across all major news categories.

Next Story