रीवा

रीवा के ट्रांसपोर्ट नगर में खलासी का शव मिलने से सनसनी, शरीर में मिले गहरे जख्म के निशान

Sanjay Patel
4 Jun 2023 10:36 AM GMT
रीवा के ट्रांसपोर्ट नगर में खलासी का शव मिलने से सनसनी, शरीर में मिले गहरे जख्म के निशान
x
Rewa News: एमपी के रीवा में उस वक्त हड़कम्प का माहौल निर्मित हो गया, जब एक खलासी का शव लोगों ने देखा। यह शव आज सुबह ट्रांसपोर्ट नगर में पाया गया, जिसकी जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी।

एमपी के रीवा में उस वक्त हड़कम्प का माहौल निर्मित हो गया, जब एक खलासी का शव लोगों ने देखा। यह शव आज सुबह ट्रांसपोर्ट नगर में पाया गया, जिसकी जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पुलिस ने शव की शिनाख्त की। जिसके बाद मौके पर फॉरेंसिक टीम, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट व साइबर सेल को भी बुलाया गया।

शव को पीएम के लिए भिजवाया

रीवा के ट्रांसपोर्ट नगर में आज सुबह लोगों ने खलासी का शव देखा। जिसकी जानकारी होने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस के अफसरों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। खलासी के शरीर में गहरे जख्म के निशान भी पाए गए हैं। जिसके बाद पुलिस ने संदिग्ध केस मानते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भिजवाया। पीएम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम किया है। पुलिस पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। जिसके बाद ही पुलिस द्वारा अगली कार्रवाई की जाएगी।

सतना जिले का है निवासी

बताया गया है कि मृतक सतना जिले को निवासी है। अशोक दाहिया पुत्र दद्दी दाहिया 28 वर्ष निवासी पोंड़ी थाना कोठी का रहने वाला है। वह अपना जीवन यापन चलाने के लिए अम्बे ट्रेवल्स में खलासी का काम करता था। सूत्रों के मुताबिक मृतक पोंडी के पूर्व सरपंच का भाई है। चर्चा है कि रात में खाना खाने के बाद अशोक दाहिया बस में सो गया था। सुबह उसका शव मैदान में पड़ा मिला जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद सीएसपी शिवाली चतुर्वेदी भी मौके पर पहुंच गईं। परिजनों द्वारा मृतक के हत्या की भी आशंका जताई गई है। शरीर में जख्म के निशान पाए जाने पर परिजन इसे हत्या बता रहे हैं।

इनका कहना है

इस संबंध में सिविल लाइन थाना प्रभारी हितेन्द्रनाथ शर्मा ने बताया कि युवक खलासी का कार्य करता था। जिसका आज सुबह शव स्थानीय लोगों ने देखा। पुलिस को जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची। शव को पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया गया। शव में गहरे जख्म भी पाए गए हैं। जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। पुलिस पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है जिसके बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।

Next Story