रीवा

रीवा में मजदूर को चाकू घोंपने के बाद मचा बवाल, श्रमिकों और पुलिस के बीच जमकर चले लाठी डंडे, वाहनों को फूंका

Sanjay Patel
18 Oct 2023 6:58 AM GMT
रीवा में मजदूर को चाकू घोंपने के बाद मचा बवाल, श्रमिकों और पुलिस के बीच जमकर चले लाठी डंडे, वाहनों को फूंका
x
Rewa News: मध्यप्रदेश के रीवा जिले में एक मजदूर को चाकू मार दिया गया। जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। इसके बाद वहां मौजूद श्रमिक आक्रोशित हो उठे। श्रमिकों ने बीच सड़क पर चकाजाम कर दिया। इस दौरान मौके पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

मध्यप्रदेश के रीवा जिले में एक मजदूर को चाकू मार दिया गया। जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। इसके बाद वहां मौजूद श्रमिक आक्रोशित हो उठे। श्रमिकों ने बीच सड़क पर चकाजाम कर दिया। इस दौरान मौके पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। आनन फानन में इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची। इस दौरान श्रमिकों ने कई वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया।

क्या है मामला

ढेकहा मोहल्ले में चाकूबाजी की यह घटना भाजपा कार्यालय के समीप घटित हुई। बताया गया है कि यहां पर संचालित एक अस्पताल के सिक्योरिटी गार्ड ने श्रमिक को चाकू मार दिया। श्रमिक ग्राम जेरुका से रीवा शहर मजदूरी करने के लिए आया था। जिसका नाम राजकुमार बताया गया है। श्रमिक को चाकू लगने से उसकी हालत गंभीर हो गई। जिसके बाद ढेकहा तिराहे पर मौजूद श्रमिक आक्रोशित हो उठे।

श्रमिकों ने बरसाए पत्थर, वाहनों में लगाई आग

मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा श्रमिकों को समझाइश दी जा रही थी किंतु वह मानने को तैयार नहीं थे। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव प्रारंभ कर दिया। पुलिस ने भी श्रमिकों पर जमकर लाठियां भांजी। पत्थरबाजी व लाठी भांजने की घटना से जहां कई श्रमिकों को चोट पहुंची है तो वहीं पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। इस दौरान मौके पर कोहराम की स्थिति निर्मित रही। श्रमिकों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा था। यहां धीरे-धीरे विवाद बवाल के रूप में तब्दील हो गया। इस दौरान श्रमिकों ने दो वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया। वाहन में आग लगा दिए जाने से वाहन जलकर खाक हो गए।

चोरहटा, समान, कोतवाली पुलिस पहुंची मौके पर

आक्रोशित श्रमिकों को नियंत्रित करने के लिए मौके पर चोरहटा, समान, कोतवाली सहित भारी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस ने घायल श्रमिक राजकुमार को उपचार के लिए संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय पहुंचाया जहां चिकित्सक उसके उपचार में जुट गए हैं। यहां अस्पताल के समीप भी श्रमिक भारी संख्या में पहुंच गए और जमकर बवाल किया। यहां मेडिकल दुकानों में पत्थर बरसाए गए।

Next Story