
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- रीवा
- /
- रीवा में लुटेरी...
रीवा में लुटेरी दुल्हन: वर पक्ष के साथ ठगी, आभूषण लेकर हो गई रफूचक्कर

ओली की रस्म में मिले आभूषण लेकर हो गई रफूचक्कर, वर पक्ष ने समान थाने में की शिकायत।
रीवा। शादी के नाम पर एक बार फिर वर पक्ष ठगी का शिकार हुआ है। शातिर युवती ने युवक से फोन पर बातचीत शुरू की, इसके बाद दोनों शादी के लिए राजी हुए और बाकायदा मुहूर्त निकलवाया गया। गुरुवार को वर पक्ष ने ओली डाल दी।
शुक्रवार को तिलक था, लेकिन ओली के बाद दुल्हन और उसके साथ एक कथित महिला वर पक्ष द्वारा दिए गए आभूषण सहित अन्य सामान लेकर नेहरू नगर के पास स्थित किराए के कमरे से रफूचक्कर हो गई। ठगी का एहसास होने के बाद पीड़ित वर पक्ष के लोगों ने समान थाना में शिकायती आवेदन दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
सोने के आभूषण, अनाज और फल लेकर हुई फरार : समान थाना पहुंचे पीड़ित युवक अशोक तिवारी जुड़मानी ने बताया कि युवती ने बताया था कि उसके पिता ने उसे निकाल दिया है, शादी के लिए पैसा नहीं है। इसके बाद उसने तीस हजार रुपए नकद मांगे, लेकिन उनके भाई ने मना कर दिया।
अशोक ने बताया था कि युवती ने अपना नाम पूजा तिवारी बताया था। वह नेहरू नगर के पास किराए का मकान लेकर रहती थी। बताया गया कि गांव के एक यादव ने उससे संपर्क कराया था। अशोक के दोस्त यादव ने बताया कि अस्पताल में एक महिला मिली थी, जिसने कहा कि वह अपनी बेटी के लिए लड़के की तलाश कर रही है, कोई अच्छा लड़का हो तो बताना। इसके बाद उसने संपर्क कराया। युवक और युवती की फोन पर बात होने लगी, एक-दूसरे को देखा भी और वैवाहिक संबंध में चर्चा हुई। 27 नवंबर को विवाह की तिथि नियत हुई।
इसके पहले 23 नवंबर को उसी के कमरे में ओली का कार्यक्रम हुआ। इसमें वर पक्ष ने फल, सोने का मंगल सूत्र, झुमका युवती को दिया। शादी के लिए बारात को भोजन कराने के लिए उनके द्वारा एक क्विंटल गेंहू भी दिया गया था। लेकिन ओली के बाद युवती का मोबाइल बंद हो गया। जिसके बाद वर पक्ष के लोगों को शंका हुई तो वो युवती के किराए के मकान में पहुंचे, जहां मकान मालिक ने बताया कि कमरा खाली है और यहां कोई नहीं है। ठगी का एहसास होने के बाद पूरे मामले की शिकायत समान थाना पहुंची।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
रीवा में पूर्व में भी इस तरह की ठगी के मामले सामने आ चुके हैं। विदित हो कि चोरहटा थाना क्षेत्र में लड़की पक्ष के लोग शादी का झांसा देकर वर पक्ष से पैसे लिए और उसके बाद ट्रेन से फरार हो गए थे। अब फिर इसी तरह का मामला सामने आया है।
Aaryan Puneet Dwivedi
Aaryan Puneet Dwivedi is a senior editor and an experienced journalist who has been active in the news industry since 2013. He has extensive experience covering and editing news across multiple fields, including politics, national and international affairs, sports, technology, business, and social issues. He is a state-level accredited journalist recognized by the Madhya Pradesh government. Known for his in-depth understanding of news and current affairs, he focuses on delivering accurate, reliable, and reader-friendly information across all major news categories.




