रीवा

'मऊगंज' बना प्रदेश का 53वां जिला, CM शिवराज ने लगाई मोहर, विंध्य को नई तहसील 'देवतालाब' की भी सौगात

मऊगंज बना प्रदेश का 53वां जिला, CM शिवराज ने लगाई मोहर, विंध्य को नई तहसील देवतालाब की भी सौगात
x
CM Shivraj Mauganj District Announcement News: रीवा का मऊगंज मध्यप्रदेश का 53वां जिला बन गया है। जिसकी घोषणा प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की। सीएम शनिवार को रीवा के मऊगंज क्षेत्र पहुंचे।

रीवा का मऊगंज मध्यप्रदेश का 53वां जिला बन गया है। जिसकी घोषणा प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की। सीएम शनिवार को रीवा के मऊगंज क्षेत्र पहुंचे। जहां सीएम का विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम, पूर्व मंत्री राजेन्द्र शुक्ला व मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल द्वारा स्वागत किया गया। मऊगंज जिले में चार तहसीलें होंगी। कार्यक्रम स्थल पर मंच में मुख्यमंत्री द्वारा कन्या पूजन किया गया। इसके साथ ही मऊगंज को एमपी का 53वां जिला बनाने का ऐलान किया गया।

मऊगंज जिले में यह होंगी तहसीलें

मऊगंज जिले में हनुमना, नईगढ़ी मऊगंज व देवतालाब तहसीलें होंगी। इस दौरान सीएम शिवराज सिंह चौहान द्वारा 738 करोड़ के 34 कार्यों का भूमिपूजन किया गया। उन्होंने राज्य स्तरीय समारोह में वर्चुअल माध्यम से संबल योजना के 27 हजार 310 हितग्राहियों को 605 करोड़ रुपए की सहायता राशि सिंगल क्लिक के जरिए भेजी। मुख्यमंत्री ने कहा कि संबल योजना के इस कार्यक्रम से मऊगंज से पूरा प्रदेश जुड़ा हुआ है। यह योजना गरीब, मजदूरों के लिए बनाई गई थी। मंच पर उन्होंने कमलनाथ को आड़े हाथों लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संबल योजना को उनके द्वारा गरीबों, मजदूरों के लिए बनाई गई थी और आपने यह योजना क्यों बंद की इसका जवाब आपको देना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा पुनः संबल योजना प्रारंभ की गई।

निर्माण श्रमिकों को वितरित की राशि

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा सीएम अनुग्रह सहायता के रूप में 3 हजार 509 निर्माण श्रमिक के परिवारों को 75 करोड़ रुपए की राशि का वितरण किया गया। इसके साथ ही संबल योजना से 23 हजार 801 प्रकरणों में 530 करोड़ रुपए की राशि का वितरण मुख्यमंत्री द्वारा किया गया। मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना और मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की अनुग्रह सहायता योजना के हितग्राहियों को सीएम द्वारा बांटे जाने वाले हितलाभ का सीधा प्रसारण मानस भवन प्रेक्षागृह में किया जा रहा है। इस दौरान सीएम ने विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया।

बहन, बेटियों से दुराचार किया तो फांसी पर लटका दिया जाएगा

कार्यक्रम स्थल पर मंच से सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यदि किसी ने बहन, बेटियों के साथ दुराचार किया तो एमपी की धरती पर वह केवल जेल नहीं जाएगा बल्कि उसे फांसी पर लटका दिया जाएगा। इसके साथ ही उसका घर भी जमींदोज किया जाएगा। उन्होंने कमलनाथ को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जनहित की योजनाओं को बंद करने का काम कमलनाथ सरकार द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि बंद की गई समस्त योजनाओं को पुनः चालू किया जाएगा। एमपी में इंजीनियरिंग व डॉक्टरी की पढ़ाई अंग्रेजी में होती थी किंतु हमारे बेटा बेटी अंग्रेजी कम समझते थे जिससे यह तय किया कि अब इंजीनियरिंग व डॉक्टरी की पढ़ाई हिन्दी में कराई जाएगी। जो केवल मध्यप्रदेश में संभव हो सका है।

हनुमना तहसील में खोला जाएगा डिग्री कॉलेज

मंच पर मौजूद विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि नए जिले के रूप में पहचाने जाने वाले मऊगंज के अंतर्गत चार तहसीलें होंगी। जिसमें हनुमना, मऊगंज, नईगढ़ी, देवतालाब को शामिल किया जाएगा। मऊगंज को जिला बनाने की प्रक्रिया आज से प्रारंभ कर दी जाएगी। जिससे यहां का तेजी से विकास हो सकेगा। विस अध्यक्ष ने कहा कि हनुमना तहसील में डिग्री कॉलेज भी खोला जाएगा। इस अवसर पर खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, सांसद जनार्दन मिश्रा, त्योंथर विधायक श्यामलाल द्विवेदी, सेमरिया विधायक केपी त्रिपाठी, गुढ़ विधायक नागेन्द्र सिंह, सिरमौर विधायक दिव्यराज सिंह आदि मौजूद रहे।

Next Story