
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- रीवा
- /
- रीवा में नाले में बहे...
रीवा में नाले में बहे मासूम रुद्रांश का शव मिला, परिवार में मातम; बारिश की वजह से ओवरफ्लो था नाला

नाले में बहे बच्चे का शव बरामद: रीवा के विवेकानंद नगर में गुरुवार शाम नाले में बहे डेढ़ वर्षीय रुद्रांश का शव शुक्रवार सुबह बरामद कर लिया गया है। बच्चे का शव उसके घर से करीब 4 किलोमीटर दूर द्वारिका नगर के पास नाले से मिला। यह घटना गुरुवार को हुई तेज बारिश के कारण नाले में पानी ओवरफ्लो होने से हुई थी।
सुबह चला सर्च ऑपरेशन, मिला मासूम का शव
एसडीआरएफ प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह 6:30 बजे से बच्चे की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। करीब 8:30 बजे, स्थानीय लोगों की सूचना पर द्वारिका नगर नाले से बच्चे का शव बरामद कर लिया गया। परिजनों ने शव की पहचान रुद्रांश गुप्ता (20 माह) के रूप में की, जो विवेकानंद नगर निवासी दीपचंद्र गुप्ता का बेटा था।
ननिहाल में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, रुद्रांश घटना से ठीक एक दिन पहले अपनी मां के साथ विवेकानंद नगर स्थित अपने ननिहाल आया था। गुरुवार शाम को वह घर के सामने खेल रहा था, तभी नाले में पानी का तेज बहाव आया और वह उसमें बह गया। गुरुवार को भी बच्चे की तलाश के लिए अभियान चलाया गया था, लेकिन उसे ढूँढा नहीं जा सका था। एसडीआरएफ ने शव मिलने के बाद उसे अमहिया पुलिस को सौंप दिया है। इस दुखद घटना से पूरे परिवार और इलाके में मातम पसर गया है।
Rewa Riyasat News
2013 में स्थापित, RewaRiyasat.Com एक विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है जो पाठकों को तेज़, सटीक और निष्पक्ष खबरें प्रदान करता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक की भरोसेमंद जानकारी पहुंचाना है।




