रीवा

रीवा पुलिस का नशे पर प्रहार: सार्वजनिक स्थल पर जाम छलकाते 44 गिरफ्तार, अवैध शराब बेचते 76 जेल गए

Aaryan Puneet Dwivedi
11 Oct 2022 12:54 PM IST
रीवा पुलिस का नशे पर प्रहार
x

रीवा पुलिस का नशे पर प्रहार

नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत रीवा पुलिस ने चौतरफा प्रहार करना शुरू कर दिया है.

रीवा. नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत पुलिस ने चौतरफा प्रहार करना शुरू कर दिया है. एक ओर जहां अवैध रूप से नशे का कारोबार करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है, वहीं नशेड़ियों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. पुलिस ने 24 घंटे में अवैध शराब बेचने वाले 76 लोगों को गिरफ्तार किया है जिनसे बड़ी मात्रा में शराब जब्त हुई है. वहीं जिले में अलग-अलग स्थानों पर ठेलों, ढाबों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नशाखोरी कर रहे 44 लोगों को पकड़ा गया है.

4 क्विंटल लाहन व 95 लीटर शराब जब्त

नईगढ़ी पुलिस ने शंकरपुर, रामपुर व नईगढ़ी में दबिश दी. यहां बड़ी संख्या में लोग महुआ की शराब बनाकर बिक्री करते थे. पुलिस ने दर्जनभर लोगों को पकड़ा है जिनसे चार क्विंटल लाहन व 95 लीटर शराब जब्त की है. आरोपी घर सहित मैदान में डिब्बों में भरकर इसे छिपाए रखे थे. पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध किया है. वहीं लाहन को नाली में नष्ट करवा दिया.

ड्रिंक एंड ड्राइव : नशे में वाहन चलाते पकड़े गए 20 चालक

पुलिस ने सोमवार को ड्रिंक एंड ड्राइव व हेलमेट को लेकर शहर में आकस्मिक चेकिंग की. कार्रवाई के दौरान 20 चालक नशे में वाहन चलाते पकड़े गए. बताया गया कि पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन के निर्देश पर पुलिस ने सोमवार को मार्तंड स्कूल मोड़ के समीप वाहनों की धरपकड़ की. एक सैकड़ा से अधिक दोपहिया चालक बिना हेलमेट के वाहन चलाते पकड़े गए. पुलिस ने सभी के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की.

साथ ही ब्रीथ एनलाइजर मशीन से चेक करने पर 20 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पकडे़ गए. पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर लिया है. उनके खिलाफ कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया जाएगा. दरअसल, हर माह होने वाले सड़क हादसों में बीस से तीस प्रतिशत नशे की वजह से होते हैं. कुछ दिन पूर्व नशे की हालत में ट्रैक्टर चला रहे चालक ने ट्राली को पलटा दिया था जिससे नईगढ़ी के पथरौड़ा में तीन लोगों की मौत हो गई थी.

Aaryan Puneet Dwivedi

Aaryan Puneet Dwivedi

Aaryan Puneet Dwivedi is a senior editor and an experienced journalist who has been active in the news industry since 2013. He has extensive experience covering and editing news across multiple fields, including politics, national and international affairs, sports, technology, business, and social issues. He is a state-level accredited journalist recognized by the Madhya Pradesh government. Known for his in-depth understanding of news and current affairs, he focuses on delivering accurate, reliable, and reader-friendly information across all major news categories.

Next Story