
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- रीवा
- /
- रीवा : ऑटो समेत नहर...

Rewa News in Hindi रीवा. ऑटो सहित एक युवक नहर में समा गया। उसका ऑटो मिलने के बाद पुलिस तलाश कर रही थी। गुरुवार को युवक का शव बरामद हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। घटना मनगवां थाने के रघुराजगढ़ की बताई जा रही है। यहां रहने वाला आशीष कोल (26) वर्ष होली के दिन आटो लेकर निकला था जिसके बाद वह लापता हो गया।
परिजनों ने पूरे गांव में युवक की तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चला। सुबह उसका ऑटो गांव की नहर में बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। युवक के नहर में डूबने की आशंका जताई जा रही थी जिस पर पुलिस ने गोताखोरों को बुलवाया। बुधवार को काफी तलाश के बाद भी युवक का पता नहीं चला। गुुरुवार की सुबह पुन: पुलिस ने नहर में उसे ढूंढने के लिए सर्च आपरेशन शुरू किया।
दिनभर तलाश के बाद सांयकाल युवक का शव बरामद हुआ जिसे बाहर निकलवाकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। आशंका जताई जा रही है कि हादसे का शिकार होकर युवक ऑटो सहित नहर में समा गया जिससे उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी मृगेन्द्र सिंह ने बताया कि युवक ऑटो सहित नहर में गिर गया था जिससे उसकी मौत हो गई। जांच में जो तथ्य सामने आऐंगे उस आधार पर आगे कार्रवाई की जायेगी।
बीहर में डूबकर युवक की मौत पैर फिसलने से एक युवक नदी में गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई। मनोज केवट पिता शिवचरण (30) निवासी घोघर थाना सिटी कोतवाली बुधवार को बीहर नदी के किनारे बैठा हुआ था। उसी दौरान युवक का पैर फिसल गया जिससे वह गहरे पानी में समा गया। इस दौरान स्थानीय लोगों की नजर युवक पर पड़ गई जिन्होंने उसे बाहर निकाल लिया। उसे तत्काल अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।




