रीवा

REWA: बिछिया में आधा दर्जन लोगों ने फायरिंग कर शहर में फैलाई दहशत, CCTV में रिकॉर्ड हुई घटना

REWA: बिछिया में आधा दर्जन लोगों ने फायरिंग कर शहर में फैलाई दहशत, CCTV में रिकॉर्ड हुई घटना
x
REWA: एमपी रीवा जिले में दहशतगर्दों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं

REWA: मध्य प्रदेश के रीवा शहर में बिछिया थाना क्षेत्र में बीती रात बाइक सवार बदमाशों ने हवाई फायर करते हुए मकान में तोड़-फोड़ की। अचानक हुए इस हवाई फायर के चलते क्षेत्र में दहशत का माहौल निर्मित हो गया। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। घटना का कारण पैसे का लेनदेन बताया जा रहा है। पुलिस की माने तो क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की शिनाख्तगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि शीघ्र ही आरोपी पुलिस की पकड़ में होंगे।

पूरा मामला समझिये

पुलिस ने बताया कि बिछिया थाना के जनाना मार्ग निवासी लकी खान के मकान के बाहर बीती शुक्रवार की रात तीन बाइक में आए आधा दर्जन बदमाशों ने हवाई फायरिंग करते हुए दहशत फैलाने का कार्य किया। इस दौरान आरोपियों ने लकी खान के मकान में लाठी-डण्डा से तोड़-फोड़ भी की। बताया गया है कि इस दौरान आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी महिलाओं को मारने के लिए उनके पीछे भी भागे। क्षेत्र में दहशत फैलाने के बाद आरोपी फरार हो गए। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर फरियादी और स्थानीय निवासी थाने पहुंचे। जहां आरोपियों के खिलाफ बिछिया पुलिस स्टेशन में शिकायत की गई।

एक दिन पूर्व भी हुआ था विवाद

पुलिस ने घटना का कारण पैसे का लेन-देन और पुरानी रंजिश बताया है। पुलिस की माने तो गुरूवार को भी आरोपी शादाब खान का फरियादी लकी खान के साथ विवाद हुआ था। इस दौरान आरोपी शादाब खान ने लकी पर चाकू से हमला किया था। इसी कड़ी में एक बार फिर से आरोपी ने फरियादी के मकान के बाहर हवाई फायरिंग करते हुए दहशत फैलाने का कार्य किया है।

इनका कहना है

बिछिया थाना प्रभारी जगदीश सिंह ठाकुर ने बताया कि क्षेत्र में हवाई फायर किए जाने की बात सामने आ रही है। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला गया है। जिसमें आरोपी दिखाई दे रहे हैं। शीघ्र ही आरोपी पुलिस की पकड़ में होंगे। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर दिया है।

Next Story