रीवा

रीवा के नृत्य राघव शरण मंदिर में 21 दिनों तक चलेगी रामलीला, आज से खजुरीताल के कलाकार करेंगे मंचन

Sanjay Patel
8 Oct 2023 8:03 AM GMT
रीवा के नृत्य राघव शरण मंदिर में 21 दिनों तक चलेगी रामलीला, आज से खजुरीताल के कलाकार करेंगे मंचन
x
Rewa News: रीवा के नृत्य राघव शरण मंदिर में 8 अक्टूबर से 21 दिवसीय रामलीला शुरू हो रही है। वहीं दूसरी तरफ भक्तों की विशेष मांग पर रामकथा का भी आयोजन 10 अक्टूबर से किया जा रहा है।

स्वामी कृष्ण शरण दास महाराज के सानिध्य में लगभग 60 साल तक नृत्य राघव शरण मंदिर में चल रही रामलीला को एक नई पहचान मिली थी। उनके अपने एकल प्रयास से लम्बे समय तक रामलीला का आयोजन बेरोकटोंक होता रहा। यही वजह है कि उनकी लगन के कारण चाहने वालों का कारवां बढ़ता गया और आज यह रामलीला 182 साल पूरा कर चुकी है। इस बार श्रद्धालुओं को खजुरीताल की रामलीला देखने को मिलेगी

182 वर्षों से लगातार हो रहा आयोजन

शहर के घोघर मोहल्ला स्थित प्राचीन नृत्य शरण मंदिर में भगवान कृष्ण-राधा सहित अन्य देवताओं की प्रतिमा भक्तों को वर्षों से आकर्षित करती रही है। तो वहीं शारदीय नवरात्रि के दौरान रामलीला का आयोजन भी आकर्षण का केन्द्र रहता था। डेढ़ सौ से भी ज्यादा साल से चली आ रही रामलीला की परंपरा का निर्वहन करते हुए इस बार देश की प्रसिद्ध खजुरी ताल मंडली द्वारा रामलीला का मंचन किया जाएगा। इतना ही नहीं गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी 10 अक्टूबर से शाम 4 से 6 बजे तक राम कथा का सुनने का भी आनंद श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा। रामलीला एक दार्शनिक चित्रण है जो मन को शांति प्रदान करने वाला आयोजन है। यहां प्रति वर्ष रामलीला का आयोजन किया जाता है। इस बार रामलीला मंचन का यह 183वां वर्ष होगा।

प्रतिदिन दो घंटे चलेगी राम कथा

8 अक्टूबर से 21 दिवसीय रामलीला शुरू हो रही है। वहीं दूसरी तरफ भक्तों की विशेष मांग पर रामकथा का भी आयोजन 10 अक्टूबर से किया जा रहा है। बताया गया है कि शाम 4 बजे से 6 बजे तक प्रतिदिन भगवान राम की कथा भी भक्तों को सुनाई जाएगी। नृत्य राघव शरण मंदिर में लम्बे समय तक रामलीला का नेतृत्व करने वाले महंत कृष्ण शरण दास महाराज के निधन के पश्चात से इसके आयोजन का जिम्मा समिति के द्वारा संभाला गया है। जिसके चलते इस बार खजुरी ताल के कलाकारों द्वारा रामलीला का मंचन किया जाएगा। प्रभु राम की लीला के 21 दिवसीय आयोजन में अगल-अलग दिन विभिन्न प्रहसनों की प्रस्तुति दी जाएगी। नृत्य राघव मंदिर आयोजन समिति के अध्यक्ष सुभाष बाबू पांडे ने सभी से इस पौराणिक एवं ज्ञानवर्धक आयोजन में पहुंचने एवं सहयोग की अपेक्षा की है।

Next Story