रीवा

रीवा सेंट्रल जेल में बंद कैदी की मौत, तबीयत बिगड़ने पर ले गए थे हॉस्पिटल

Sanjay Patel
15 March 2023 8:52 AM GMT
रीवा सेंट्रल जेल में बंद कैदी की मौत, तबीयत बिगड़ने पर ले गए थे हॉस्पिटल
x
Rewa News: एमपी के रीवा केन्द्रीय कारागार में बंद सजायाफ्ता एक कैदी की मौत हो गई। मंगलवार की शाम अचानक बैरक के अंदर ही कैदी की तबीयत बिगड़ गई।

एमपी के रीवा केन्द्रीय कारागार में बंद सजायाफ्ता एक कैदी की मौत हो गई। मंगलवार की शाम अचानक बैरक के अंदर ही कैदी की तबीयत बिगड़ गई। मामले की सूचना कैदी के साथियों द्वारा तुरंत जेल प्रबंधन को दी गई। जिस पर उसे इलाज के लिए 108 एम्बुलेंस के माध्यम से संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

बीपी और शुगर बीमारी से था ग्रसित

जेल सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार 50 वर्षीय प्रौढ़ को हत्या के प्रयास मामले में जिला न्यायालय द्वारा एक वर्ष पूर्व दंडित किया गया था। कैदी ब्लड प्रेशर और डायबिटीज की बीमारी से ग्रसित था। कई महीने से जेल अस्पताल में उसका उपचार भी चल रहा था। इस दौरान तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर पूर्व में भी उसको कई बार इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया था।

108 एम्बुलेंस से पहुंचाया अस्पताल

हासिल जानकारी के मुताबिक कैदी राजू शुक्ला पुत्र ईश्वरदीन शुक्ला 50 वर्ष जो पाली थाना सिरमौर का निवासी बताया गया है। जो सेंट्रल जेल में सजा काट रहा था। उसकी तबीयत मंगलवार की शाम अचानक बैरक के अंदर बिगड़ गई। मामले की जानकारी साथियों द्वारा जेल प्रबंधन को दी गई। जिस पर उसे 108 एम्बुलेंस की सहायता से उपचार के लिए एसजीएमएच पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान शाम को मृत घोषित कर दिया। जिसकी जानकारी बंदी के परिजनों को दी गई।

पीएम रिपोर्ट का इंतजार

संजय गांधी अस्पताल में उपचार के दौरान कैदी की मौत हो गई। जिसके बाद मंगलवार की शाम को उसका शव मर्चुरी में रखवा दिया गया। सूचना के बाद परिजन भी देर रात अस्पताल पहुंच गए। कैदी की डेडबॉडी का पोस्टमार्टम बुधवार को न्यायिक अधिकारी की मौजूदगी में कराया गया। प्रथम दृष्टया डॉक्टरों ने हार्ट अटैक से कैदी के मौत होने की संभावना व्यक्त की है। किंतु उसके मौत की असली वजह क्या है यह पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगी।

Next Story