रीवा

रीवा: आग से झुलसी नवब्याहता की मौत, दहेज हत्या का आरोप

rewa mp news
x
रीवा (Rewa) के गुढ़ थाना अंतर्गत जल्दर गांव में बीते दिवस आग की चपेट में आने से नवब्याहता की मौत हो गई।

Rewa MP News: गुढ़ थाना अंतर्गत जल्दर गांव में बीते दिवस आग की चपेट में आने से नवब्याहता की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत की है। फिलहाल मौके पर पहुंची गुढ़ पुलिस के साथ ही एफएसएल टीम ने मौका मुआयना आवश्यक साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

10 माह पूर्व हुई थी शादी

पुलिस ने बताया कि रायपुर कर्चुलियान थाना अंतर्गत बरहदी निवासी अंजली साकेत की शादी 10 माह पूर्व 29 मई 2021 को हुई थी। शादी के बाद से ही आरोपी महिला को दहेज की मांग को लेकर परेशान किया करते थे।

क्या कहते हैं मायके वाले

महिला के मायके पक्ष की माने तो आरोपी अंजली के साथ गाली-गलौज किए जाने के साथ ही मारपीट किया करते थे। इस बारे में महिला द्वारा पूर्व में हम लोगों को जानकारी दी गई थी। लेकिन पारिवारिक बात मानते हुए हमने बेटी को ही समझा कर शांत रहने को कहा। आरोप है कि ससुराल वालों ने ही महिला के साथ मारपीट कर उसे जिंदा जला दिया होगा। फिलहाल मायके वालों द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है इसका पता तो पुलिस जांच के बाद ही चल पाएगा। इस मामले में ससुराल वालों की माने तो महिला ने किस कारण से आग लगा कर आत्महत्या की है इस बारे में उन्हें कुछ पता नहीं है। ससुराल वालों ने दहेज हत्या की बात को निराधार आरोप बताया है। फिलहाल महिला के शव का पीएम करने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।

इनका कहना है

गुढ़ थाना प्रभारी आराधना सिंह ने बताया कि आग से झुलसकर नवब्याहता की मौत हुई है। महिला की मौत पर मायके वालों से दहेज हत्या का आरोप लगाया है। एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंच कर जांच की है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Suyash Dubey | रीवा रियासत

Suyash Dubey | रीवा रियासत

News Content SEO Expert

Next Story