रीवा

नए साल 2024 में रीवा के विकास को लगेगा पंख, आईटी पार्क-एयरपोर्ट समेत ये प्रोजेक्ट पूरे होंगे; शुरू होगा नया कोर्ट भवन

Aaryan Puneet Dwivedi
1 Jan 2024 12:54 PM IST
नए साल 2024 में रीवा के विकास को लगेगा पंख, आईटी पार्क-एयरपोर्ट समेत ये प्रोजेक्ट पूरे होंगे; शुरू होगा नया कोर्ट भवन
x
#Welcome2024 : नए साल में पूरे हो जाएंगे कई प्रोजेक्ट, जनमानस को मिलेगी बड़ी राहत, विकास को लगेंगे पंख, बदल जाएगी रीवा की तस्वीर।

रीवा। नया साल 2024 रीवा के लोगों के लिए राहत भरा होगा। कई बड़े काम पूरे हो जाएंगे। शिक्षा, व्यापार सहित अन्य क्षेत्रों में बढ़ावा मिलेगा। जिले में कई बड़े प्रोजेक्टों पर काम चल रहा है। ये प्रोजेक्ट 2024 में पूरे हो जाएंगे। इनमें आईटी पार्क, हवाई अड्डा, संस्कृत विश्वविद्यालय, ओवरब्रिज निर्माण, घूमा कटरा में औद्योगिक पार्क शामिल हैं। इन कामों के पूरा होने से जिले का विकास नई ऊंचाइयों को छुएगा और रीवा की एक नई तस्वीर सामने आएगी।

इस साल ये सौगाते मिलेंगी

  • रीवा से गोविंदगढ़ तक ट्रैक पर दौड़ेगी ट्रेन।
  • 6 मंजिला नया जिला न्यायालय भवन मिलेगा।
  • रिंग रोड फेज टू सिलपरा से बेला तक जुड़ेगा।
  • चोरहटा हवाई पट्टी का काम पूरा होगा, पलाइट शुरू होंगी।
  • रीवा में किडनी ट्रांसप्लांट शुरू होगा।
  • सिरमौर चौराहा में फ्लाई ओल्प का धई लेग बनेगा।
  • कॉलेज चौराहा से बेकस तिराहा तक पलाई ओव्हर बनेगा।
  • बायपास सड़क टू लेन से फोर लेन किया जाएगा।
  • एमपीईबी के दो नए सब स्टेशन शहर में बनेंगे।
  • सबसे ऊंचा 8 मंजिला रिहायसी टॉवर का निर्माण शुरु होगा।
  • हाउसिंग बोर्ड से नीम चौराहा मार्ग फोरलेन होगी।
  • रिवर फ्रंट का काम होगा पूरा, बीहर में चलेंगे वोट। 10 एकड़ में बन रहा पार्क जनता को होगा समर्पित।

आईटी पार्क

कॉलेज चौराहे पर आईटी पार्क का निर्माण कार्य स्वीकृत कराया गया है। इसका कार्य जल्द शुरू होगा। यह पार्क जिले के छात्रों के लिए वरदान साबित होगा। अभी जो छात्र आईटी की पढ़ाई के लिए बाहर जाते हैं उनको रीवा में ही बेहतर शिक्षा उपलब्ध हो पाएगी।

रीवा एयरपोर्ट

हवाई अड्डा पूरे होने पर विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा रीवा चोरहटा हवाई अड्डा जिले की तस्वीर बदलने वाला प्रोजेक्ट है। इसके निर्माण के बाद रीवा जिला सीधे महानगरों से जुड़ जाएगा। महानगरों के लिए हवाई सेवाएं आरंभ हो जाएंगी। इससे जिले में विकास के नए द्वार खुलेंगे और महानगरों के लिए आवागमन की सुविधा बढ़ जाएगी।

सिरमौर चौराहा फ्लाईओवर

सिरमौर चौराहे पर पलाई ओवरब्रिज का निर्माण भी इस वर्ष पूरा हो जाएगा। यातायात की दृष्टि से सिरमौर चौराहा काफी व्यस्त रहता है। अक्सर यहां जाम की स्थिति बनी रहती है। इसे देखते हुए फ्लाइओवर का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसके बनने बेहतर सुविधा मिलेगी।

संस्कृत विवि भवन

संस्कृत विश्वविद्यालय शुरू होने वाला है। इसके लिए भवन निर्माण चल रहा है। उक्त भवन बनने के बाद नियमित कक्षाओं का संचालन शुरू हो जाएगा। अभी तक जो छात्र संस्कृत की पढ़ाई के लिए बनारस, प्रयागराज जैसे ही शहरों में जाते थे, अब उनको रीवा में ही शिक्षा उपलब्ध हो जाएगी।

घूमा कटरा में औद्योगिक पार्क

घूमा कटरा में औद्योगिक क्षेत्र के लिए जमीन आवंटित की गई है। यहां पर औद्योगिक पार्क है जिसके बन जाने के बाद नए-नए उद्योग स्थापित होंगे और लोगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकेंगे। उक्त कार्य भी इस वर्ष पूर्ण हो जायेगा।

रीवा-सिंगरौली रेल लाइन

इस वर्ष रीवा सिंगरौली रेल लाइन का काम भी पूरा होने की उम्मीद है। इस रूट पर नियमित ट्रेनों का संचालन संभव हो पाएगा। रीवा में रेल लाइन का काम पूर्णता की ओर है। कुछ दिन पूर्व ट्रायल ट्रेन दौड़ी थी। संचालन शुरू होने के बाद रीवा स्टेशन में ट्रेनों की आवाजाही बढ़ जाएगी।

बड़े उद्योग रीवा आएंगे

चुनाव के समय तत्कालीन सीएम शिवराज सिंह चौहान ने वायदा किया था। रीवा को औद्योगिक क्षेत्र के मामले में पहचान दिलाने की बात कही थी। अब भाजपा की सरकार फिर से वापस आई है। ऐसे में उम्मीद है कि रौवा में बड़ी कंपनियां उद्योग लगाने में इंट्रेस्ट दिखाएंगी। इन्वेस्टर इस तरफ रुख कर सकते हैं। रीवा के गुढ़ में औद्योगिक क्षेत्र बनाया गया है। इसके विकास की भी संभावनाएं हैं।

रीवा की सड़कों पर दौड़ेगी बैट्री वाली बसें

वर्ष 2024 रीवा के लिए परिवहन के मामले में भी खास रहेगा। देशभर में पर्यावरण को बचाने और प्रदूषण रहित यातायात के लिए बैट्री चलित बसें दौड़ाने की योजना है। इसमें रीवा को भी इस पोजेक्ट से जोड़ा जाएगा। रीवा की सड़कों पर भी इस साल बैट्री से चलने वाली बसें दौड़ती नजर आएंगी।

रीवा की सबसे ऊंची बिल्डिंग बनेगी

संजय गांधी अस्पताल परिसर में रीवा की सबसे ऊंची बिल्डिंग बनना प्रस्तावित है। दो टॉवर रेसीडेंसियल बनना है। इसके लिए जमीन का चयन हो चुका है। ठेकेदार भी तय हो गया है लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया था। नए साल में रीवा के सबसे ऊंचे रेसीडेंसियल टॉवर के निर्माण की शुरुआत हो सकती है।

सबसे लंबे फ्लाई ओवर का काम हो सकता है शुरू

रीवा में एक और फ्लाई ओव्हर बनने वाला है। कॉलेज चौराहा से नया फ्लाई ओव्हर ढेकहा तिराहा तक बनाया जाएगा। यह करीब दो किमी लंबा होगा। फ्लाई ओव्हर को लेकर प्रारंभिक तैयारियां पूरी हो गई है। सिर्फ बजट स्वीकृति का इंतजार है। स्वीकृति मिलने के बाद काम शुरू हो जाएगा। उप मुख्यमंत्री रीवा से राजेन्द्र शुक्ल है। ऐसे में नए साल में इस फ्लाई ओव्हर के भूमि पूजन की भी अटकलें बढ़ गई हैं।

रीवा का बायपास होगा फोरलेन

चोरहटा से रहप्तरा के बीच बने बायपास के भी दिन फिरेंगे। टनल के लोकार्पण के दौरान भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने रीवा बायपास के फोरलेन करने की घोषणा की थी। एनएएचआई को जिम्मेदारी दी गई है। चौड़ीकरण को लेकर सर्वे का काम भी पूरा हो गया है। उम्मीद है कि नए साल में बायपास के चौड़ीकरण का कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा।

किडनी ट्रांसप्लांट की व्यवस्था शुरू होगी

रीवा शहर के सुपर स्पेशलिटी में किडनी ट्रांसप्लांट यूनिट स्थापित हो गई है। डॉक्टरों को भी ट्रेनिंग मिल चुकी है। अब सिर्फ एक मरीज और डोनर की जरूरत है। काउंसलिंग जारी है। रीवा नए साल में नया इतिहास रचेगा। काउंसलिंग जारी है। मरीज की तलाश खत्म होते ही किडनी ट्रांसप्लांट सुपर स्पेशलिटी में शुरू हो जाएगा।

एक ही जगह सारी जाँचे होंगी

एसजीएमएच और सुपर स्पेशलिटी के मरीजों को नए साल में सेंट्रल पैद्यालॉजी की सौगात मिलेगी। मशीनें इंस्टाल कर दी गई हैं। कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी जा रही है। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद इसका सेंट्रल पैथालॉजी का विधिवित शुभारंभ किया जाएगा। करोड़ों रुपए की मशीनें आई हैं। सुपर स्पेशसलिटी अस्पताल में ही सेंट्रल पैथालॉजी बलाई गई है। इसके शुरू होने के बाद सारी जांचें यहीं पर होंगी।

जिला न्यायालय भवन की मिलेगी सौगात

इंजीनियरिंग कॉलेज की 4.450 हेक्टेयर भूमि में 82 करोड़ की लागत से जिला न्यायालय का नया भवन तैयार हा रहा है। कोर्ट भवन 6 मंजिला होगा। भवन में 36 कोर्ट बनाया जा रहा है। जिला न्यायालय के लिए 36 कोर्ट वाले नवीन भवन का निर्माण प्रस्तावित था। 73.79 करोड़ रुपए की स्वीकृति भी जारी की जा चुकी है। इसके बाद दो फ्लोर इसमें और बढ़ा दिए गए। इसकी लागत भी बढ़ गई। निर्माण कार्य लगभग पूर्णता की ओर है। उम्मीद है कि नए साल में नए जिला न्यायालय भवन में काम काज शुरू हो जाएगा।

10 एकड़ का पार्क जनता को मिलेगा

सिविल लाइन में अधिकारियों के आवास को जमींदोज कर पार्क बनाया जा रहा है। करीब 10 एकड़ क्षेत्र में पार्क का निर्माण किया जा रहा है। यह पार्क लगभग बन कर तैयार हो चुका है। इसका लोकार्पण सिर्फ शेष है। नए साल में यह पार्क जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। इससे लोगों को कम से कम परिवार के साथ घूमने की एक जगह मिल जाएगी।

आज मंदिरों में चौकस व्यवस्था

नए साल के पहले दिन मंदिरों में पुलिस की व्यवस्था रहेगी। 1 जनवरी को प्रमुख मंदिरों में भक्तों की अच्छी भीड़ उमड़ती है। इसे देखते हुए चिरहुला मदिर, शिव मंदिर कोठी कम्पाऊंड, फूलमति माता मंदिर, रानी तालाब में पुलिस बल तैनात रहेगा।

मानव श्रृंखला बनाकर नव वर्ष का स्वागत

शहर में छात्र- छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर नए साल का स्वागत किया। टीआरएस कॉलेज की छात्रों ने स्थानीय विवेकानंद पार्क में मनाव श्रृंखला बनाई। शहर के लोगों के लिए सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।

Aaryan Puneet Dwivedi

Aaryan Puneet Dwivedi

Aaryan Puneet Dwivedi is a senior editor and an experienced journalist who has been active in the news industry since 2013. He has extensive experience covering and editing news across multiple fields, including politics, national and international affairs, sports, technology, business, and social issues. He is a state-level accredited journalist recognized by the Madhya Pradesh government. Known for his in-depth understanding of news and current affairs, he focuses on delivering accurate, reliable, and reader-friendly information across all major news categories.

Next Story