रीवा

मेरे पिता ने रीवा को रेलवे दिया, अब मुझे रीवा को एयरपोर्ट देने का सौभाग्य मिला - ज्योतिरादित्य सिंधिया

Aaryan Puneet Dwivedi
16 Feb 2023 1:42 AM IST
रीवा एयरपोर्ट का शिलान्यास कार्यक्रम
x

रीवा एयरपोर्ट का शिलान्यास कार्यक्रम

मुख्यमंत्री श्री चौहान तथा केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने किया रीवा एयरपोर्ट का शिलान्यास

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विन्ध्य आज विकास की उड़ान के लिए तैयार है. श्री चौहान आज यहां चोरहटा हवाई अड्डे के शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विन्ध्य क्षेत्र का बर्सो पुराना सपना आज साकर होने जा रहा है. इसके लिए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया और केन्द्रीय उड्डयन मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार व्यक्त किया. जिनके प्रयासों से रीवा में हवाई अड्डा के निर्माण का कार्य शुरू हुआ. श्री चौहान आज यहां रीवा में आयोजित चोरहटा हवाई अड्डा शिलान्यास किया और महिला सम्मेलन को संबोधित किया.

समारोह में मुख्यमंत्री ने 747 करोड़ रूपये की लागत के 32 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया. जिसमें 603 करोड़ रूपये के 17 कार्यों का भूमिपूजन व 144 करोड़ रूपये के 15 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है. मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों के हितलाभ का वितरण किया. मुख्यमंत्री ने बहनों से प्रेम की पाती का उपहार लिया तथा राखी बधवाई. समारोह में मुख्यमंत्री ने रीवा जिले की विकास पुस्तिका तथा औद्योगिक निवेश के लिए चलाये जा रहे रीवा चलो अभियान के लोगों का अनावरण किया. महिला सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने विन्ध्य क्षेत्र में विशिष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मनित किया. समारोह में दिव्यांगों को कृत्रिम उपकरणों का वितरण भी किया गया.

श्री चौहान ने कहा कि विन्ध्य क्षेत्र हवाई अड्डा खुलाने के बाद विकास की नई ऊचाईयों को छूयेगा क्षेत्र में पहले से ही सड़कों का जाल बिछा है. विन्ध्य में उद्योग के आपार संभावनाएं हैं और रोजगार के नये अवसर होंगे. श्री चौहान ने बताया कि हाल ही इंदौर में संपन्न इन्वेस्टर मीट में इंदौर के बाद सर्वाधिक विन्ध्य क्षेत्र के लिए 2 लाख 88 हजार करोड़ के निवेश के प्रस्ताव मिले हैं. यह रीवा ही नहीं पूरे विन्ध्य के लिए बड़ी सौगात है. इस निवेश से क्षेत्र के 1.50 लाख से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर मिलेगे. श्री चौहान ने विन्ध्य एक्सप्रेस वे के निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि भोपाल से सागर, दमोह, सतना, रीवा, सीधी होते हुए सिंगरौली तक यह एक्सप्रेस वे बनाया जायेगा. इसके दोनों ओर औद्योगिक क्षेत्र का विकास किया जायेगा. जिससे नौजवानों को रोजगार मिलेगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने विन्ध्य को सबसे बड़े सोलर प्लांट और बाणसागर का उपहार दिया है. अब विन्ध्य का किसान फसल उत्पादन में पंजाब को भी पीछे छोड़ देगा. स्लीमनाबाद में टनल बनाकर नर्मदा माईया का पानी विन्ध्य क्षेत्र में पहुंचाने के लिए काम जारी है. स्व. माधव राव सिंधिया ने रेलवे का उपहार दिया था साथ ही ललितपुर सिंगरौली रेलवे लाइन का तेजी से काम किया जा रहा है. अब उनके बेटे केन्द्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रीवा को एयरपोर्ट का उपहार दिया है. अब तीर्थ यात्रियों को हवाई जहाज से तीर्थदर्शन यात्रा करायेंगे.

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महिला सम्मेलन में शामिल बहनों से राखी बधवाई. महिलाओं ने मुख्यमंत्री भाई को राखी विभिन्न उपहार तथा धन्यवाद की पाती दी. महिलाओं के स्वागत से अभीभूत मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जहां नारियों का सम्मान होता है वहीं देवताओं का वास होता है. हमारी सरकार की सबसे प्रमुख योजनाओं की महिला सशक्तिकरण शामिल है. महिला सशक्त होगी तो परिवार, समाज व देश सशक्त होगा. लाडली लक्ष्मी योजना ने महिलाओं को विकास सशक्त करने के बड़े अवसर दिये हैं. अब लाडली बहना योजना शुरू की जा रही है इसमें बहन को हर महीने एक हजार रूपये की राशि दी जायेगी. इसके आवेदन पत्र 5 मार्च से दर्ज किये जायेंगे. अधिकारी सभी गांव और शहरी क्षेत्रों के वार्डों में शिविर लगा कर महिलाओं के आवेदन पत्र दर्ज करायेंगे. बहनों को जून माह से उनके बैंक खाते में यह राशि दी जायेगी. इस योजना से परिवार में प्यार बढ़ेगा और महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ेगी. आज बहनों ने मुझे जो राखी बांधी है उसी की शपथ लेकर मैं कहता हूं जब तक हर बहनों सशक्त न कर दूं तब तक चैन से नहीं बैठूगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुण्डों और माफियाओं से 23 हजार एकड़ जमीन गरीबों को दी जायेगी. सभी आवासहीन परिवारों को आवासीय भूमि के पट्टे दिये जायेंगे. जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना से उनके मकान बनेंगे. इस वर्ष एक लाख 14 हजार पदों पर भर्ती की जा रही है. उद्योग और स्वरोजगार योजनाओं से भी रोजगार के अवसर भी दिये जा रहे हैं.

समारोह में केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज चौहान के कार्यकाल में विकास की गंगा बहाने का कार्य शुरू किया है. विन्ध्य ऐसा क्षेत्र है जिसमें पूरे देश का नाम बुलंद किया है. इस विन्ध्य को एयरपोर्ट देना मेरा धर्म है. मेरे पिता जी ने रीवा को रेलवे की सौगात दी थी. मुझे रीवा को एयरपोर्ट देने का सौभाग्य मिला है. पहले जहां रेलवे की मांग होती थी वहां अब हवाई सेवा की मांग होती है. आजादी के 60 से अधिक वर्षों में 74 हवाई अड्डे बनाये गये. प्रधानमंत्री मोदी जी के 9 वर्ष के कार्यकाल में 74 हवाई अड्डे बनाये गये.

रीवा में एयरपोर्ट निर्माण के लिए मुख्यमंत्री जी, राजेन्द्र शुक्ल जी और सांसद जनार्दन मिश्र जी लगातार प्रयासरत रहे इस लिए मेरी जिम्मेदारी थी कि विन्ध्य के विकास की उड़ान में अपना योगदान दूं. रीवा में पहले 20 सीटर विमान के लिए हवाई अड्डा बनाया जा रहा था मैंने भविष्य को देखते हुए 72 सीटर विमान उतारने के लिए एयरपोर्ट निर्माण की मंजूरी दी है. यहां 300 करोड़ रूपये का निर्माण कार्य शीघ्र ही शुरू होगा. रीवा एयरपोर्ट से कम आय वाले व्यक्तियों को भी हवाई यात्रा का अवसर मिलेगा. प्रधानमंत्री जी की उड़ान योजना से केवल 25 रूपये देकर अब तक एक करोड़ 15 लाख व्यक्तियों ने हवाई यात्रा की है.

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि आज विन्ध्य के लिए ऐतिहासिक दिन है. विन्ध्य ने 2003 तक विकास की अभिलाषा नहीं दिखलाई लेकिन अब विन्ध्य तेजी से विकास कर रहा है. पूरे विन्ध्य में बहुत तेजी से परिवर्तन हुआ है. हमारे संकल्पवान मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बाणसागर बांध का काम पूरा करके विन्ध्य के किसानों को समृद्धि का उपहार दिया है. मुख्यमंत्री जी ने किसान सम्मान निधि में प्रधानमंत्री जी की ओर से दी जाने वाली 6 हजार रूपये की राशि में 4 हजार रूपये शामिल करके 10 हजार रूपये देने का कार्य किया है.

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण वक्त की आवाज है. इसे मुख्यमंत्री जी ने साकार किया है. लाडली लक्ष्मी योजना और लाडली बहना योजना से इसे और गति मिलेगी. हमारी सरकार ध्येय विन्ध्य का विकास तथा हमारा लक्ष्य जनकल्याण है. उन्होंने विधायक रीवा श्री राजेन्द्र शुक्ल के क्षेत्र के विकास के लिए किये गये प्रयासों की सराहना की.

समारोह में पूर्व मंत्री एवं विधायक श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि आज विन्ध्य के लिए गर्व का दिन है. विन्ध्यवासियों ने हवाई सेवा का जो सपना देखा था उसके साकार होने का समय आ गया है. विन्ध्य में सीमेंट उद्योग, सोलर प्लांट, सिंगरौली में थर्मल पावर प्लांट, 3 नेशनल पार्क और भरपूर संसाधन हैं. मुख्यमंत्री जी के विशेष प्रयासों से बाणसागर बांध का काम पूरा होकर क्षेत्र में समृद्धि का उपहार मिला है. एयरपोर्ट निर्माण से विन्ध्य में हो रहे विकास को नई गति मिलेगी. एयरपोर्ट निर्माण में केन्द्रीय मंत्री तथा मुख्यमंत्री जी के निरंतर सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए श्री शुक्ल ने कहा कि आपके प्रयासों से ही आज रीवा को इतनी बड़ी सौगात मिल रही है. उन्होंने लाडली लक्ष्मी योजना-2 और बहना योजना का जिक्र करते हुए कहा की इससे महिलाएं और अधिक सशक्त और संपन्न होंगी.

समारोह में विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम ने कहा कि 15 महीने वाली सरकार खाली खजाने का रोना रोती थी. जब से वर्तमान सरकार आयी है तब से चारों ओर विकास के कार्य हो रहे हैं और किसी प्रकार के विकास कार्यों के लिए राशि की कमी नहीं है. देवतालाब विधानसभा क्षेत्र में 309 करोड़ तथा एयरपोर्ट निर्माण के साथ 250 करोड़ के कार्यों की सौगात दी गयी है.

समारोह में सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने बघेली में अपना उद्बोधन दिया उन्होंने कहा कि केन्द्रीय मंत्री ने रीवा के लिए एक नया उपहार दिया है जो रीवा के विकास को नये आयाम देगा. हमारी राज्य और केन्द्र सरकार जनकल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है. प्रदेश में शायद ही कोई ऐसा परिवार होगा जिसे शासन की योजना का लाभ न मिला हो.

समारोह में जिले के प्रभारी मंत्री बिसाहूलाल सिंह मंत्री खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति , विधायक नागेन्द्र सिंह, विधायक केपी त्रिपाठी, विधायक तथा पिछड़ावर्ग आयोग के सदस्य प्रदीप पटेल, विधायक दिव्यराज सिंह, विधायक श्यामलाल द्विवेदी, विधायक पंचूलाल प्रजापित, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, उपाध्यक्ष प्रणव प्रताप सिंह, राजेश पाण्डेय, जिला भाजपा अध्यक्ष अजय सिंह, स्पीकर नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, पुष्पराज सिंह, श्रीमती प्रज्ञा त्रिपाठी, अनिल पटेल स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, कमिश्नर अनिल सुचारी, एडीजीपी केपी व्यंकटेश्वर राव, कलेक्टर मनोज पुष्प, डीआईजी मिथिलेश शुक्ला, पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन तथा हजारों आमजन एवं महिलाएं उपस्थित रहीं.

Aaryan Puneet Dwivedi

Aaryan Puneet Dwivedi

Aaryan Puneet Dwivedi is a senior editor and an experienced journalist who has been active in the news industry since 2013. He has extensive experience covering and editing news across multiple fields, including politics, national and international affairs, sports, technology, business, and social issues. He is a state-level accredited journalist recognized by the Madhya Pradesh government. Known for his in-depth understanding of news and current affairs, he focuses on delivering accurate, reliable, and reader-friendly information across all major news categories.

Next Story