रीवा

रीवा में म्यूजिक टीचर की बर्बरता: छात्र के सिर में गंभीर चोट आई, नागपुर में भर्ती; शिक्षक के खिलाफ धारा 308 व पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज

Aaryan Puneet Dwivedi
13 Sept 2023 12:56 PM IST
Music teacher brutality in Rewa
x

महज 12 वर्ष के बच्चे को शिक्षक ने ऐसा पीटा कि सिर में गंभीर चोट आ गई।

कक्षा में शिक्षक के आने पर खड़ा होकर अभिवादन नहीं करने पर एक म्यूजिक टीचर ने छात्र के साथ बर्बरता कर दी। महज 12 वर्ष के बच्चे को शिक्षक ने ऐसा पीटा कि सिर में गंभीर चोट आ गई।

रीवा. कक्षा में शिक्षक के आने पर खड़ा होकर अभिवादन नहीं करने पर एक म्यूजिक टीचर ने छात्र के साथ बर्बरता कर दी। महज 12 वर्ष के बच्चे को शिक्षक ने ऐसा पीटा कि सिर में गंभीर चोट आ गई। हेडइंजुरी की वजह से उसकी हालत बिगड़ गई और नागपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल बच्चे का आइसीयू में इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ धारा 308 व पाक्सो एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।

मामला अमहिया के जनार्दन कॉलोनी में स्थित भास्कर विद्यालय का है। यहां पर 12 वर्षीय बच्चा पढ़ता है। उसके साथ 28 अगस्त को म्यूजिक टीचर ऋषभ पाण्डेय ने मारपीट की थी। दरअसल, बच्चा क्लास में ही बैठा हुआ था। जब टीचर क्लास में आए तो बच्चा खड़ा नहीं हो पाया। यह बात शिक्षक को इतनी नागवार गुजरी कि उन्होंने बच्चे को जोरदार थप्पड़ रसीद कर दिया।

छात्र को हेडइंजुरी, हालत गंभीर, नागपुर में भर्ती

बताया जा रहा है कि शिक्षक हाथ में रुद्राक्ष पहने हुए थे जिससे बच्चे की दिमाग के अंदरूनी भाग में चोट आई। इससे बच्चे की आंखें लाल हो गईं और उनमें सूजन आ गई। जब बच्चा घर पहुंचा तो मां ने पूछा, इस पर बच्चे ने शिक्षक की करतूत बताई। दर्द की दवाई देने पर उसे आराम मिल गया। 4 सितंबर को उसे तेज बुखार आया, जिस पर परिजन चिकित्सक के पास पहुंचे। आराम नहीं मिलने पर परिजनों ने उसे संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया। जांच के बाद दिमाग के अंदरूनी भाग में रुद्राक्ष की वजह से गंभीर चोट आने की जानकारी सामने आई। परिजनों ने सोमवार की रात थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ धारा 308 व पाक्सो एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। फिलहाल आरोपी शिक्षक फरार बताया जा रहा है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

नागपुर में ऑपरेशन, ICU में इलाज

उक्त बच्चे को संजय गांधी अस्पताल में आराम नहीं मिला, जिस पर परिजन उसको 6 सितंबर को इलाज के लिए जबलपुर लेकर गए। वहां पर भी बच्चे का स्वास्थ्य सही नहीं हुआ तो नागपुर के हास्पिटल में भर्ती करवाया गया है। 11 सितंबर को बच्चे का ऑपरेशन हुआ है। उसके दिमाग के अंदरुनी भाग में गहरी चोट आई थी, जो ऊपर से नजर नहीं आ रही थी।

बाल कल्याण समिति को लिखेगी पुलिस

मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस अब आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई के लिए बाल कल्याण समिति को भी पत्र लिख रही है ताकि आरोपी शिक्षक के खिलाफ बाल कल्याण समिति भी कार्रवाई कर सके।

शिक्षक ने बच्चे के साथ मारपीट की थी, जिससे उसको काफी चोट आई थी। उसका इलाज नागपुर में चल रहा है। परिजनों ने घटना की शिकायत थाने में दर्ज कराई है जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर आगे कार्रवाई की जायेगी। - अरविंद राठौर, थाना प्रभारी अमहिया
Aaryan Puneet Dwivedi

Aaryan Puneet Dwivedi

Aaryan Puneet Dwivedi is a senior editor and an experienced journalist who has been active in the news industry since 2013. He has extensive experience covering and editing news across multiple fields, including politics, national and international affairs, sports, technology, business, and social issues. He is a state-level accredited journalist recognized by the Madhya Pradesh government. Known for his in-depth understanding of news and current affairs, he focuses on delivering accurate, reliable, and reader-friendly information across all major news categories.

Next Story