रीवा

रीवा में चाकू गोदकर वृद्धा की हत्या, जेल से छूटे पति पर शक

Rewa MP News
x
MP Rewa News : मनगवां थाना अंतर्गत कुंइया खुर्द गांव में बीती रात चाकू गोद कर वृद्धा की हत्या किए जाने का मामला प्रकाश में आया है।

MP Rewa Murder News : मनगवां थाना अंतर्गत कुंइया खुर्द गांव में बीती रात चाकू गोद कर वृद्धा की हत्या किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची एफएसएल और थाना पुलिस ने मौका मुआयना कर शव को पीएम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भेजवाने की व्यवस्था की। जहां से महिला के शव का पीएम करने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। महिला की हत्या के मामले में संदेह के दायरे में कुछ समय पूर्व जेल से छूट कर आया पति है।

क्या है मामला

मनगवां पुलिस ने बताया कि बुधवार की सुबह वृद्धा सावित्री साकेत 65 वर्ष निवासी कुइंया खुर्द की हत्या की सूचना परिजनों द्वारा थाने में दी गई थी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में पता चला है कि वृद्धा की हत्या चाकू से गला रेत कर की गई है। हत्या का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस द्वारा हत्यारे के साथ ही हत्या के कारण का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

शक की सुई पति पर

पुलिस ने बताया कि हत्या की सुई पति पर अटकी हुई है। कच्चे मकान की ओसारी में एक तरफ पति लेटा हुआ था जबकि दूसरी तरफ चारपाई में वृद्धा लेटी हुई थी। चारपाई के नीचे लाल और पीली चूड़ियां टूटी हुई पड़ी हुई थी। माना जा रहा है कि आरोपियों ने बचने के लिए महिला ने संघर्ष किया होगा। घर का सामान भी सुरक्षित है। जांच में पता चला है कि महिला और उसके पति के बीच आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। पति की गतिविधियां भी संदिग्ध है। विगत दिवस ही एक मामले से पति सुदामा जेल से छूट कर बाहर आया है। महिला की हत्या में पुलिस पति को ही संदेही मान रही है।

पति ने कहा नकाबपोशों ने की हत्या

पुलिस को दिए बयान में पति ने बताया कि रात करीब दो बजे चीखने की आवाज सुनकर वह उठ गया। बाहर जाकर उसने देखा की चार नकाबपोश बदमाश भाग रहे हैं। जिसके बाद उसने अपने बेटे को घटना की सूचना दी। मृतका का एक बेटा गांव में ही रहता है, सूचना के बाद नशे में धुत्त बेटा अपने गांव पहुंचा। जहां नशे में धुत्त बेटा पुलिस से ही विवाद करने लगा।

वर्जन

महिला की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आरोपी का पता चल पाएगा।

जेपी पटेल, थाना प्रभारी मनगवां

Next Story