
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- रीवा
- /
- MP: महिला कांग्रेस में...
MP: महिला कांग्रेस में 5 कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति, रीवा की कविता को भी अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी

भोपाल. मध्य प्रदेश में कांग्रेस में कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने का सिलसिला जारी है। सोमवार को महिला कांग्रेस में भी पांच कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए हैं। इनमे विंध्य की सीटों को दृष्टिगत रखते हुए रीवा की कविता पाण्डेय को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बीते कई दिनों से महिला कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन के दौरान गुटबाजी सामने आई थी, जिसकी शिकायतें हाईकमान से की गई थी। माना जा रहा है कि ये नई नियुक्तियां इसी गुटबाजी और असंतोष को दूर करने के लिए की गई हैं।
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सुष्मिता देव ने मप्र महिला कांग्रेस में पांच कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति की है। इनमें भोपाल की दीप्ति सिंह, गुना की वंदना मांद्रे, रीवा की कविता पांडे, जबलपुर की तलविंदर गुजराल और रतलाम की यास्मिन शेरानी शामिल हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के नियुक्ति आदेश में केवल दीप्ति सिंह की भूमिका स्पष्ट की गई है, शेष की जिम्मेदारी तय नहीं की गई है।
कार्यकारी अध्यक्ष मांद्रे, कविता, गुजराल और शेरानी की भूमिका के बारे में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी ओनिका मेहरोत्रा के बीच चर्चा होगी। नाथ 21 को भोपाल आ रहे हैं और मेहरोत्रा भी अगले सप्ताह भोपाल आ रही हैं।
कांग्रेस में कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति का सिलसिला गुजरात से शुरू हुआ है। मप्र कांग्रेस कमेटी में भी चार कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए और इसके बाद जितनी भी जिला कमेटियां घोषित हुईं, उनमें भी कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्तियां की जा रही हैं।
