रीवा

मऊगंज जिले में झोलाछाप डॉक्टर से इलाज कराना पड़ा महंगा, वृद्ध महिला की हो गई मौत

Sanjay Patel
17 Aug 2023 9:26 AM GMT
मऊगंज जिले में झोलाछाप डॉक्टर से इलाज कराना पड़ा महंगा, वृद्ध महिला की हो गई मौत
x
Rewa News: एमपी के मऊगंज जिले में एक महिला को झोलाछाप डॉक्टर से इलाज कराना महंगा पड़ गया। उपचार के दौरान वृद्ध महिला की मौत हो गई। जिसके बाद झोलाछाप डॉक्टर मौके से फरार हो गया।

एमपी के मऊगंज जिले में एक महिला को झोलाछाप डॉक्टर से इलाज कराना महंगा पड़ गया। उपचार के दौरान वृद्ध महिला की मौत हो गई। जिसके बाद झोलाछाप डॉक्टर मौके से फरार हो गया। महिला की बहू ने इस मामले की जानकारी परिजनों को दी जिसके बाद मौके पर परिजन पहुंचे और पुलिस को इससे अवगत करवाया।

तीन दिनों से कर रहा था इलाज

मामला मऊगंज जिले के हनुमना थाना अंतर्गत उकसा कोठार गांव का बताया गया है। पुलिस के मुताबिक झोलाछाप डॉक्टर महिला का तीन दिनों से उपचार कर रहा था। वह आखिरी बार 16 अगस्त की शाम को महिला के घर पर आया। महिला की बहू घर पर मौजूद थी। जिसने उसको बाहर कर दिया। इसके बाद अंदर जाकर सास का ऑपरेशन करने लगा। इस दौरान गर्भाशय के रास्ते आंत बाहर आ गई जिससे महिला की मौत हो गई। इस घटना के बाद झोलाछाप डॉक्टर मौके से भाग खड़ा हुआ।

परिजन चले गए थे मजदूरी करने

बताया गया है कि महिला के परिजन मजदूरी करते हैं जो अपने कार्य पर चले गए थे। इस दौरान घर पर वृद्ध महिला और उसकी बहू मौजूद थी। यह घटना होने के बाद बहू द्वारा इसकी जानकारी परिजनों को दी गई। जिसके बाद परिजन घर पहुंचे और पुलिस को घटना से अवगत करवाया। ग्रामीणों के मुताबिक झोलाछाप डॉक्टर महिला की दवाई कर रहा था। घटनास्थल के पास खाट में मृतका के शरीर से निकली देह और आंत दिखी है। इसके साथ ही कैंची और ब्लेड भी मिले हैं। चादर भी खून से लथपथ पाई गई है। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए एफएसएल को जानकारी दी। जिसके बाद सीन ऑफ क्राइम यूनिट के प्रभारी डॉ. आरपी शुक्ला टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अब पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

इनका कहना है

इस संबंध में हनुमना थाना प्रभारी उपनिरीक्षक चेतन मर्सकोले के मुताबिक उकसा कोठार निवासी महिला की संदिग्ध मौत हुई है। दुआसिया साकेत पत्नी परमेश्वरदीन 65 वर्ष की मौत के बार मौके पर एफएसएल टीम पहुंची। जिसके द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही फोटोग्राफी भी कराई गई। पंचनामा कार्रवाई के बाद सिविल अस्पताल मऊगंज मृतका के शव को भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।

Next Story