रीवा

ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन: रीवा से बरगवां के बीच 21 सुरंगों से होकर गुजरेगी ट्रेन, होगा रोमांचक सफर

Aaryan Puneet Dwivedi
26 Dec 2023 12:35 PM IST
ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन: रीवा से बरगवां के बीच 21 सुरंगों से होकर गुजरेगी ट्रेन, होगा रोमांचक सफर
x
ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन: रीवा से सीधी तक 4 और सीधी से बरगवां के बीच होंगी 17 सुरंगे।

Lalitpur-Singrauli Railway Line: रीवा। ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन अंतर्गत रीवा से बरगवां के बीच 21 टनल बनाए जाएंगे। मसलन रीवा से बरगवां (Rewa to Bargawan Train) के बीच 162 किलोमीटर का सफर तय करने में ट्रेन 21 सुरंगों से होकर गुजरेगी। इसमें से एक सुरंग का निर्माण किया जा चुका है। तीन सुरंगों के निर्माण का काम चल रहा है जबकि शेष 17 सुरंगों के निर्माण के लिए भू- अर्जन सहित अन्य प्रक्रियाएं की जा रही हैं।

बताया गया है कि रेल लाइन के साथ सुरंगों का निर्माण चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। रीवा से सीधी (Rewa-Sidhi Rail Tunnel) के बीच चार सुरंग हैं जबकि शेष 17 सुरंगों का निर्माण सीधी से बरगवां के बीच कराया जाएगा। दरअसल सीधी और बरगवां के बीच इतनी अधिक संख्या में पहाड़ हैं कि बिना सुरंग बनाए लाइन बरगवां तक ले जाना संभव नहीं है।

सूत्रों के अनुसार इन 21 सुरंगों में सबसे लम्बी सुरंग छुहिया घाटी में है। जिसकी लंबाई 3.38 किलोमीटर है। इसके बाद सीधी तक जो तीन सुरंग हैं उसमें से दो सुरंग चुरहट में सोन नदी के पहले और एक सुरंग चुरहट में सोन नदी के बाद है। बताया गया है कि इन सुरंगों की लंबाई 700 मीटर, एक किलोमीटर और 900 मीटर की है। इन तीनों सुरंगों के निर्माण पर काम चल रहा है।

माना जा रहा है कि एक वर्ष में इन तीनों सुरंगों का निर्माण एक में पूरा हो जाएगा। तब तक शेष 17 सुरंगों के भू-अर्जन की प्रक्रिया भी पूरी हो जाएगी। बता दें कि आगामी अप्रैल महीने तक बधवार तक पटरी बिछाने का लक्ष्य पूरा करने रेल प्रबंधन काफी तेजी से काम कर रहा है। इतना ही नहीं अधिकारी भी लगातार इसकी मॉनीटरिंग कर रहे हैं।

मार्च 2025 में सीधी तक ट्रेन पहुंचाने का लक्ष्य

रेलवे ने रीवा से सीधी तक मार्च 2025 में ट्रेन पहुंचाने का लक्ष्य लिया है। रीवा से सीधी रेल लाइन की दूरी 80 किलोमीटर है जबकि रीवा से रामपुर नैकिन (Rewa-Rampur Naikin Train) तक के लिए मार्च 2024 तक का समय लिया गया है। बताया गया है कि रीवा से रामपुर की दूरी 48 किलोमीटर है। आरंभिक चरण में रेलवे रीवा से गोविंदगढ़ (Rewa-Govindgarh Train) तक ट्रेन चलाने की तैयारी कर रहा है।

माना जा रहा है कि रीवा से गोविंदगढ़ तक ट्रेन चलने के लिए जनवरी अंतिम या फरवरी के प्रथम सप्ताह में सीएसआर टीम का निरीक्षण हो जाएगा। निरीक्षण में सब सही पाए जाने के बाद किसी भी दिन रीवा से गोविंदगढ़ के बीच ट्रेन दौड़ा दी जाएगी।

बताया गया है कि रीवा से गोविंदगढ़ के बीच लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है। सिलपरा और गोविंदगढ़ में रेलवे स्टेशन का निर्माण भी पूरा हो चुका है। पटरियों की कनेक्टिंग का जो थोड़ा काम बचा हुआ है उसे भी दस से पंद्रह दिनों में पूरा कर लिया जाएगा।

Aaryan Puneet Dwivedi

Aaryan Puneet Dwivedi

Aaryan Puneet Dwivedi is a senior editor and an experienced journalist who has been active in the news industry since 2013. He has extensive experience covering and editing news across multiple fields, including politics, national and international affairs, sports, technology, business, and social issues. He is a state-level accredited journalist recognized by the Madhya Pradesh government. Known for his in-depth understanding of news and current affairs, he focuses on delivering accurate, reliable, and reader-friendly information across all major news categories.

Next Story