
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- रीवा
- /
- रीवा में बोरवेल में...
Live रीवा में बोरवेल में गिरे मासूम की मौत: 45 घंटे तक चला रेस्क्यू, नहीं बच सका मयंक; सीएम ने जनपद CEO और PHE SDO को सस्पेंड किया

Child Fell Into Borewell In Rewa
रीवा. बोर के अंदर फंसे जनेह थाना के मनिका गांव के 6 साल के मयंक को निकालने के लिए शुक्रवार की शाम से 45 घंटे तक लगातार रेस्क्यू टीम जुटी रही। लेकिन मयंक को बचाया नहीं जा सका। रविवार की दोपहर तक चले रेस्क्यू के बाद वह बोरवेल में 42 फीट की गहराई पर मिट्टी-पत्थरों के बीच दबा मिला। उसके शरीर में कोई हलचल नहीं थी। मेडिकल टीम उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मयंक परिवार का सबसे बड़ा लड़का था। विजय कोल के तीन बच्चे हैं, जिसमें मयंक सबसे बड़ा था। इसके बाद चार साल का छोटा भाई और ढाई साल की छोटी बहन है। घटना के बाद जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है वहीं पूरा गांव में मातम छाया हुआ है।
जनपद CEO, पीएचई SDO सस्पेंड
सीएम डॉ. मोहन यादव ने मयंक की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को रेड क्रॉस की ओर से 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी गई है। सीएम ने त्योंथर जनपद के सीईओ और एसडीओ, पीएचई के एसडीओ को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।
मयंक शुक्रवार को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे 160 फीट गहरे बोरवेल में गिरा था। वह खेत में बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान खेत में ही खुले पड़े बोरवेल में गिर गया। बच्चे की मां शीला आदिवासी अपनी मासूम बेटी को गोद में लेकर रातभर घटनास्थल पर बैठी रही।
Live Updates
- 13 April 2024 2:29 PM IST
रीवा में बोरवेल में गिरा मासूम: कलेक्टर ने कहा, 50 फीट खुदाई की जा चुकी है
रीवा कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि मयंक को बचाने के प्रयास चल रहे हैं। बोरवेल की गहराई 70 फीट है, अब तक 50 फीट खुदाई की जा चुकी है। कैमरे और एलईडी के माध्यम से जानकारी ली है, उसके अनुसार 45 से 50 फीट की गहराई में बच्चे के फंसे होने की संभावना है। बोरवेल के पास टनल बनाने का काम तेजी से जारी है, ताकि बच्चे तक आसानी से पहुंचा जा सके।
- 13 April 2024 2:27 PM IST
रीवा में बोरवेल में गिरा मासूम: बच्चे की फिलहाल कोई मूवमेंट नहीं, 22 घंटे से जारी है रेस्क्यू
बोरवेल में फंसे बच्चे का फिलहाल कोई मूवमेंट नहीं हो रहा है। 22 घंटे से अधिक समय हो गया है रेस्क्यू होते हुए। अभी तक कोई सफलता नहीं मिल पाई है। बोरवेल के पैरलल तेजी से गड्ढे की खुदाई की जा रही है। - 13 April 2024 2:19 PM IST
रीवा में बोरवेल में गिरा मासूम: रेस्क्यू ऑपरेशन के सम्बंध में कलेक्टर ने दी जानकारी
बोरवेल में गिरे बच्चे को बचाने में जारी रेस्क्यू ऑपरेशन के सम्बंध में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने दी जानकारी।#JansamparkMP pic.twitter.com/jPJ4SmFzvL
— Collector Rewa (@RewaCollector) April 13, 2024 - 13 April 2024 2:17 PM IST
रीवा में बोरवेल में गिरा मासूम: तीन साल से खुला पड़ा था बोर
तीन साल पहले बोर को हीरामणि मिश्रा ने खुदवाया था लेकिन वह नाकाम था जिस पर उसे लावारिस छोड़ दिया गया था। उसे न तो बंद कराया गया था और न ही सुरक्षित कराया गया था। तीन साल से ही बोर खुला पड़ा था जिसकी वजह से यह हादसा हो गया।
- 13 April 2024 2:16 PM IST
रीवा में बोरवेल में गिरा मासूम: डिप्टी सीएम ने घटनास्थल में मौजूद
डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला बचाव कार्य का जायजा लेने घटना स्थल पहुंचे हुए हैं। उन्होंने मीडिया से कहा, मनिका गांव में दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है, एक बच्चा जिसका नाम मयंक है वह बोरवेल में गिर गया। घटना के तुरंत बाद से राहत कार्य जारी है। एनडीआरएफ के टीम, जिला प्रशासन तैनात है। बच्चे को सकुशल निकालने का भरसक प्रयास किया जा रहा है।
- 13 April 2024 2:11 PM IST
रीवा में बोरवेल में गिरा मासूम: दादा बोले- ठेकेदार ने बाद में बताया बच्चा गड्ढे में गिर गया
मासूम मयंक के दादा हिन्चलाल आदिवासी रातभर से घटनास्थल पर मौजूद हैं। उनका कहना है कि हम तो मजदूर हैं। ठेकेदार ने बाद में बताया कि बच्चा गड्ढे में गिर गया है। अब तो सब भगवान भरोसे है।
- 13 April 2024 2:10 PM IST
रीवा में बोरवेल में गिरा मासूम: CM डॉ. मोहन बोले- बारिश के कारण रेस्क्यू में दिक्कत आई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, हमने रेस्क्यू टीम लगाई हुई है, लेकिन बारिश से मिट्टी गीली होने के कारण काफी कठिनाई आ रही है। बच्चे को बचाने के लिए जो भी जरूरत पड़ेगी वो सब करेंगे। हमारे विधायक सिद्धार्थ तिवारी मौके पर हैं। कलेक्टर और एसपी से मेरी बात हुई है। रेस्क्यू टीम लगी हुई है, उम्मीद कर रहे हैं कि हम सब मिलकर सफल हों।
डॉ. यादव ने कहा कि मैंने प्रशासन को पहले भी निर्देश दिए हैं, पुनः निर्देश दे रहा हूं कि किसी भी क्षेत्र में अगर खुले हुए बोरवेल हों तो उनको तुरंत बंद कराए। खासकर ऐसे सूखे बोरवेल जिनमें पानी नहीं आता है। इससे जिंदगी का बहुत बड़ा नुकसान होता है। इससे बचना चाहिए। हम उम्मीद करेंगे कि आने वाले समय में ऐसी घटना न हो।
- 13 April 2024 2:09 PM IST
रीवा में बोरवेल में गिरा मासूम: विधायक सिद्धार्थ तिवारी मौके पर मौजूद
घटना के बाद से त्योंथर विधायक सिद्धार्थ तिवारी मौके पर मौजूद हैं। उन्होंने पीड़ित परिजनों से मुलाकात की और ढांढस बंधाया। इसके बाद उन्होंने रेसक्यू आपरेशन की भी जानकारी ली। अधिकारियों से बातचीत कर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने हर संभव इंतजाम सुनिश्चित करवाने की बात कही।
- 13 April 2024 2:08 PM IST
रीवा में बोरवेल में गिरा मासूम: बोर में ऑक्सीजन की व्यवस्था, मौके पर डटी रही मेडिकल टीम
रीवा एसपी विवेक सिंह ने बताया कि खुदाई हो गई है। बच्चे का कुछ क्लू मिला पर स्पष्ट नहीं हो सका है। बोरवेल काफी गहरा है। बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। बच्चे को लगातार ऑक्सीजन दी जा रही है। बच्चे के उपचार के लिए मेडिकल टीम भी एंबुलेंस के साथ मौके पर तैनात है।
- 13 April 2024 2:06 PM IST
रीवा में बोरवेल में गिरा मासूम: देर शाम बिगड़ा मौसम, अफसरों के हाथ-पैर फूले
शुक्रवार की दोपहर 2.30 बजे हादसे की सूचना मिलते ही त्योंथर एसडीएम संजय जैन, एसडीओपी उदित मिश्रा, तहसीलदार राजेश तिवारी, थाना प्रभारी कन्हैया बघेल, जनपद सीईओ राहुल पाण्डेय सहित तमाम अधिकारी मौके पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। कुछ देर बाद कलेक्टर प्रतिभा पाल एवं पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह घटना स्थल पर पहुंच गए व राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी करने लगे। रेसक्यू के दौरान सांयकाल अचानक मौसम बिगड़ा और बारिश होने लगी, इससे अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। बोर में पानी भरने से बचाने के लिए ऊपर पॉलीथिन लगवा दी गई।
हालांकि थोड़ी बूंदाबांदी के बाद बारिश रुक गई थी जिसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। रात में यदि मौसम का मिजाज बिगड़ता है तो उसके लिए भी अधिकारियों द्वारा व्यवस्था कराई जा रही है ताकि बारिश होने पर पानी बोर में न भर जाए। बारिश यदि ज्यादा हुई तो कीचड़ से रेसक्यू ऑपरेशन में भी परेशानी आ सकती है।
Aaryan Puneet Dwivedi
Aaryan Puneet Dwivedi is a senior editor and an experienced journalist who has been active in the news industry since 2013. He has extensive experience covering and editing news across multiple fields, including politics, national and international affairs, sports, technology, business, and social issues. He is a state-level accredited journalist recognized by the Madhya Pradesh government. Known for his in-depth understanding of news and current affairs, he focuses on delivering accurate, reliable, and reader-friendly information across all major news categories.




