रीवा

गुड न्यूज़: रीवा में यहाँ बन रहा ₹14 करोड़ की लागत से फ्लाई ओवर और ₹11 करोड़ में आलिशान सड़क, फटाफट देखे आपका एरिया का नाम तो नहीं...

Rewa Road News
x

Rewa Road News

एक साल में लगभग 95 करोड़ के निर्माण कार्य मंजूर हुए हैं.

रीवा (Rewa Road News): विकास यात्रा के तीसरे दिन मनगवां नगर पंचायत में विकास यात्रा निकाली गई। विकास यात्रा में शामिल विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम ने 51 निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। विकास यात्रा ढोल-ढमाके के साथ शहर के मुख्य मार्ग से गुजरी। विकास रथ के माध्यम से विकास यात्रा के संदेश दिए गए। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष गौतम ने कहा कि मनगवां मेरी जन्मभूमि और कर्मभूमि दोनों है। मैं अपने विधानसभा क्षेत्र देवतालाब की जितनी चिंता करता हूं उससे अधिक चिंता मनगवां की करता हूं।

मनगवां में पिछले एक साल में लगभग 95 करोड़ के निर्माण कार्य मंजूर हुए हैं। कुछ लोग केवल विरोध के लिए विरोध करते हैं। हमें उनकी चिंता नहीं करनी है। सरकार विकास के कार्यों और जन कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से प्रयास कर रही है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मनगवां नगर पंचायत में आज 51 कार्यों का शिलान्यास किया गया है। मलकपुर तालाब के सौन्दर्यीकरण और इसे पानी से लवालब भरने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। मनगवां में तिवनी मोड़ पर 14 करोड़ रुपए की लागत से फ्लाई ओवर तथा मुख्य बस्ती में 11 करोड़ की लागत से सड़क का निर्माण शुरू हो गया है।

पेयजल योजना के लिए 20 करोड़ रुपए तथा जरहा पुल निर्माण के लिए 3.5 करोड़ रुपए मंजूर हुए हैं। इनका निर्माण शुरू हो गया है। इन्हीं सब विकास कार्यों की जानकारी देने के लिए विकास यात्रा शुरू की गई है। जो व्यक्ति किसी कारण से योजनाओं का लाभ पाने से वंचित रह गए हैं उन्हें चिन्हित कर हितलाभ का वितरण किया जाएगा। विकास के कार्यों और विकास यात्रा से यदि कोई परेशान हो रहा है तो हमें उसकी चिंता नहीं करनी है। हमारी चिंता गरीब के कल्याण की है।

विकास यात्रा में विधायक मनगवां डॉ पंचूलाल प्रजापति ने कहा कि आज का दिन मनगवां के लिए ऐतिहासिक दिन है। एक साथ 51 कार्यों का शिलान्यास करके इतिहास रचा गया है। मनगवां के विकास की हर मांग को पूरा करने के लिए हम लगातार प्रयास करेंगे। समारोह में नगर पंचायत के उपाध्यक्ष श्री प्रमोद उरमलिया बबलू ने अतिथियों का स्वागत करते हुए नगर पंचायत का मांगपत्र प्रस्तुत किया। समारोह में नगर परिषद में विभिन्न क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्य करने वालों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती बुटला बंसल, श्री शिवपूजन शुक्ला, श्री मन्नूलाल गुप्ता, श्री सुरेन्द्र सिंह चंदेल, श्री अखिलेश प्रताप सिंह, पार्षदगण, प्रभारी एसडीएम तथा अपर कलेक्टर नीलमणि अग्निहोत्री, सीएमओ एसके सोनवानी, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ग्राम डिहिया में आयोजित विकास यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने आमजनता की समस्याएं सुनीं तथा अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए।

Next Story