रीवा

स्थानांतरण के बाद रीवा से विदाई लेते वक़्त दुःखी हुए कलेक्टर मनोज पुष्प, कही ऐसी बाते..

Shashank Dwivedi | रीवा रियासत
8 April 2023 11:45 AM IST
Updated: 2023-04-08 06:15:54
Rewa Collector Manoj Pushp News
x
कलेक्टर मनोज पुष्प का आज विदाई समारोह हुआ.

रीवा जिले से स्थानांतरित कलेक्टर मनोज पुष्प (Rewa Collector Manoj Pushp) को प्रशासनिक अधिकारियों एवं कलेक्ट्रेट के स्टाफ द्वारा भावपूर्ण विदाई दी गयी। विदाई समारोह में निवर्तमान कलेक्टर मनोज पुष्प ने कहा कि रीवा में उनका कार्यकाल अविस्मरणीय रहेगा। उन्हें जो टीम रीवा का सकारात्मक सहयोग मिला उसी के कारण सफलताएं मिलती गयी। रीवा बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। यहां अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं आने वाले समय में इनके परिणाम आयेंगे और रीवा विकास की अग्रिम पंक्ति में स्थापित होगा।

उन्होंने कहा कि मैंने रीवा में क्रापडायवर्सिटी एवं रोजगार व स्वरोजगार के क्षेत्र में कार्य करने का प्रयास किया। इन क्षेत्रों में यहां अनंत संभावनाएं हैं। आगामी दिनों में इनके सार्थक परिणाम आयेंगे। श्री पुष्प ने कहा कि जिले में जनप्रतिनिधियों के समन्वय एवं अधिकारियों के सहयोग से कार्य करने का अनुभव अविस्मरणीय रहेगा। यहां के लोगों की ऊर्जा सकारात्मक क्षेत्र में लगी है जिसके कारण रीवा आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, मीडिया एवं टीम रीवा के साथ सभी को सहयोग के लिए साधुवाद दिया।

इस अवसर पर अपने उद्बोधन में आयुक्त नगर निगम श्रीमती संस्कृति जैन ने कहा कि बदलते हुए रीवा में श्री मनोज पुष्प का योगदान रहा है। उनके मार्गदर्शन में काम करने में सीखने के अवसर मिलते हैं। सीईओ जिला पंचायत सौरभ सोनवणे ने अपने उद्बोधन में कहा कि श्री मनोज पुष्प का अपनी टीम पर बहुत विश्वास था जिससे कठिन से कठिन कार्य भी आसानी से हो जाते थे। उनके साथ टीम वर्क में काम करने का अनुभव मिला। अपर कलेक्टर सतना शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि श्री पुष्प के साथ काम करने में उन्हें बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। उनकी सहजता से कोई भी कार्य मुश्किल नहीं होता था बल्कि वह कार्य सुगमता से हो जाते थे।

विदाई समारोह में एसडीएम हुजूर अनुराग तिवारी ने कहा कि श्री मनोज पुष्प ऐसे टीम लीडर थे जिनके नेतृत्व में काम करने पर कठिन से कठिन काम सहज व आसानी से संपादित हो जाते थे। इस अवसर पर संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे ने कहा कि श्री मनोज पुष्प सहजता व सरलता की प्रतिमूर्ति हैं उनके मार्गदर्शन में काम करने का अनुभव अविस्मरणीय रहेगा। जिला ई-गवर्नेंस मैनेजर आशीष दुबे ने कहा कि श्री मनोज पुष्प के मार्गदर्शन में बिना किसी दबाव के कार्य करने का अनुभव मिला।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त महाप्रबंधक उद्योग यूबी तिवारी ने कहा कि श्री मनोज पुष्प का रीवा जिले का कार्यकाल उपलब्धियों से भरा रहा है। उनके मार्गदर्शन में रोजगार की उपलब्धता के साथ स्वरोजगार स्थापना एवं आर्थिक उन्नति के अनेक प्रयास किये गये जिनके सार्थक परिणाम आने वाले समय में दिखाई देंगे। विदाई समारोह में अधिकारियों ने निवर्तमान कलेक्टर के सुखमय भविष्य की कामना की तथा स्मृति उपहार सौंपकर भावपूर्ण विदाई दी। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन संभागीय समन्वयक जनअभियान परिसद प्रवीण पाठक ने किया। इस अवसर पर एडीएम रीवा नीलमणि अग्निहोत्री, सहित सभी एसडीएम, जिला स्तरीय विभागीय अधिकारी तथा कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Next Story