
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- रीवा
- /
- आ गए श्रीराम: पंचमठा...
आ गए श्रीराम: पंचमठा में उमड़ा पूरा रीवा, हुआ सुंदरकांड और बीहर आरती; रामभक्ति में लीन रहा पूरा शहर

रीवा। भगवान महामृत्युंजय की नगरी में सोमवार को जैसे ही सूर्य देव ने अपनी किरणें बिखेरी उसके साथ ही जगह-जगह केसरिया ध्वज के साथ जयश्रीराम के नारे गूंज उठे। अयोध्या नगरी में प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा का जीवंत दर्शन एलईडी के माध्यम से भक्तों ने किया। आदिशंकराचार्य द्वारा अपने हाथों से स्थापित किए गए भगवान भोलेनाथ के मंदिर पंचमठ में 21 हजार दीप के साथ देव दीपावली का आयोजन देखकर लोग अभिभूत नजर आए। सोमवार को एक और ऐतिहासिक क्षण उस समय जुड़ा जब पंचमठ में भव्य मां बीहर-गंगा आरती हुई। यहां उल्लेखनीय है कि वर्तमान समय पर हरिद्वार, बनारस तथा चित्रकूट में गंगा आरती भव्यता के साथ होती है। हम आपको बता दें कि रामलला के इस प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान ओरछा के बाद रीवा में सबसे बड़ा आयोजन हुआ।
अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के शहरवासी विभिन्न माध्यमों से साक्षी बने। पूजा अर्चना शुरू होते ही मंदिरों में भजनों का आयोजन किया तो वहीं लोग भाव विभोर होकर भगवान राम की पूजा में जुट गए।
जिले भर में छाया रहा अयोध्या उत्सव
अयोध्या में श्रीराम की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा को लेकर संपूर्ण जिले में खुशी का माहौल रहा। अयोध्या उत्सव को लेकर जिले भर में सुबह से ही उत्साह का वातावरण रहा। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल रीवा शहर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। उन्होंने पचमठा मंदिर परिसर में प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने परिसर में स्थित विभिन्न देव प्रतिमाओं के दर्शन किये। श्री शुक्ल ने पचमठा मंदिर परिसर में नवनिर्मित वीर शिरोमणि रूपनबारी मंदिर का लोकार्पण किया।
उप मुख्यमंत्री शहर के रानीगंज में न्यू डायमंड क्लब द्वारा आयोजित पूजा अर्चन कार्यक्रम एवं भण्डारे के कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने सिद्ध चिरहुलानाथ मंदिर में दर्शन कर मंदिर परिसर में 21 हजार दीपों को प्रज्जवलित करने के कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने उप मुख्यमंत्री को अयोध्या मंदिर की प्रतिकृति भेंट की। श्री शुक्ल ने इको पार्क स्थित प्राचीन कुंडलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा अर्चना की। इस दौरान सांसद जनार्दन मिश्र, अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी उपस्थित रहे।
वर्षों की तपस्या के बाद आज वह सुखद क्षण आयाः डिप्टी सीएम
अयोध्या में भगवान श्रीराम के स्वरूप की प्राण प्रतिष्ठा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा की गई। इस समारोह का जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में अनेक स्थानों पर सजीव प्रसारण दिखाया गया। जगह-जगह भजन कीर्तन, भण्डारे का आयोजन करके लोगों ने इस समारोह में अपनी सहभागिता निभाई। पचमठा मंदिर परिसर में आयोजित सामूहिक समारोह में हजारों लोगों ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर में श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा। रामधुन और जय श्रीराम के नारों की गूंज रही। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री तथा चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि सदियों के संघर्ष और अनगिनत लोगों के बलिदान के बाद आज का शुभ दिन आया है। यह दिन देश के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों से लिखा जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा, आज करोड़ों लोगों की भावनाओं, शुभकामनाओं और आकांक्षाओं के प्रतीक भगवान राम के स्वरूप की अयोध्या के भव्य मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा हुई है। वर्षों की तपस्या के बाद श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा का अवसर आया है। मंदिर निर्माण के लिए न जाने कितने लोगों ने बलिदान दिया। आज कोठारी बंधुओं की सबको याद आ रही है जिन्होंने राम मंदिर आंदोलन में अपने प्राणों की आहुति दी। आज से भव्य भारत के निर्माण की शुरूआत हो रही है। भव्य राम मंदिर के निर्माण के बिना भव्य भारत का निर्माण संभव नहीं था। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरा जिला ही नहीं पूरा प्रदेश और देश राममय है। आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण और भगवान के स्वरूप की प्राण प्रतिष्ठा करके प्रधानमंत्री श्री मोदी ने सनातन धर्म को नई ऊंचाई देने और देश को नई ऊर्जा देने का सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने भारत को विश्वगुरु बनाने के बहुत समीप पहुंचा दिया है। भारत को विश्वगुरू बनाने और विकसित बनाने में जो बाधाएं होंगी उसे भगवान राम दूर करेंगे।
इस अवसर पर सभी को कोटि-कोटि बधाईयां देता हूं। समारोह में सांसद जनार्दन मिश्र, नगर निगम के अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, आयुक्त नगर निगम, पूर्व महापौर शिवेन्द्र सिंह, राजेश पाण्डेय, रामराज पटेल, रोहिणी प्रसाद तिवारी, बैजनाथ सिंह पार्षदगण तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं आमजन श्रीराम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के सजीव प्रसारण में शामिल हुए। जिले में चिरहुलानाथ हनुमान मंदिर, रानी तालाब मंदिर, देवतालाब के शिवमंदिर, गुढ़ के कष्टहरनाथ मंदिर सहित सभी मंदिरों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा अयोध्या के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया।
Neelam Dwivedi
Neelam Dwivedi is an experienced digital content editor in the field of journalism. She has been working with the Rewa Riyasat news portal since 2016, managing and editing news content in both Hindi and English. She covers a wide range of topics, including national and international news, politics, sports, technology, health, lifestyle, and social issues. Her work focuses on presenting clear, accurate, and easy-to-understand news for readers while staying updated with the latest trends in digital media.




