रीवा

रीवा में करंट की चपेट में आए दंपत्ति, पति की मौत, पत्नी गंभीर

Sanjay Patel
24 Aug 2023 6:16 AM GMT
रीवा में करंट की चपेट में आए दंपत्ति, पति की मौत, पत्नी गंभीर
x
Rewa News: एमपी के रीवा जिले में खेत की निगरानी कर रहे दंपत्ति करंट की चपेट में आ गये। हादसे में जहां पति की मौत हो गयी, तो वहीं पत्नी गंभीर रूप से घायल है।

एमपी के रीवा जिले में खेत की निगरानी कर रहे दंपत्ति करंट की चपेट में आ गये। हादसे में जहां पति की मौत हो गयी, तो वहीं पत्नी गंभीर रूप से घायल है। जिसको उपचार के लिये अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना गुढ़ थाना क्षेत्र के महसांव कोठार टोला में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना को जांच में लिया है।

पम्प चलाने फंसा रखी थी कटिया

हासिल जानकारी के मुताबिक रामयश कुशवाहा पुत्र रामसुंदर कुशवाहा 63 वर्ष निवासी महसांव अपने खेत की निगरानी करने पहुंचे थे। वहां पर गांव के ही लल्लू केवट ने अवैध रूप से पंप चलाने के लिये कटिया फंसा रखी थी। जिसके संपर्क में रामयश आ गये। करंट में फंसा देख बचाने के लिये उनकी पत्नी श्यावती पहुंची तो उसे भी झटका लगा। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने विद्युत तार को निकाला। लेकिन तब तक रामयश की मौत हो चुकी थी। वहीं पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। जिन्हें आनन-फानन में उपचार के लिये अस्पताल पहुंचाया गया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दिया है।

जन्मदिन मना कर लौट रहे युवक की मौत

इधर एक अन्य घटना में भाई के घर से जन्मदिन मना कर लौट रहा युवक सड़क हादसे का शिकार हो गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना रीवा जिले के रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र के नौढ़िया मोड़ में हुई। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं पुलिस ठोकर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है। जानकारी के मुताबिक नागेश्वर प्रसाद अवस्थी निवासी महसुआ मंगलवार को अपने भाई के घर रीवा शहर गये हुये थे। यहां जन्मदिन की पार्टी थी। जिसमें शामिल होने के बाद मंगलवार-बुधवार की रात करीब 12 बजे गांव के लिए रवाना हुए। जैसे ही वह नौढिया मोड़ के पास पहुंचे तभी अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार युवक हाईवे में गिर गया। सिर में चोट लगने के कारण बुरी तरह से जख्मी हो गया। जिसे स्थानीय लोगों ने उपचार के लिये एम्बुलेंस की सहायता से संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया। लेकिन कुछ देर बाद ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होने पर रायपुर कर्चुलियान पुलिस अस्पताल पहुंची। बुधवार की सुबह पंचनामा कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया।

Next Story