रीवा

रीवा सिविल लाइन थाना गोलीकांड: जानिए TI को गोली मारने की वजह, एसआई पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज; बर्खास्त किया गया

Sanjay Patel
28 July 2023 3:32 AM GMT
रीवा सिविल लाइन थाना गोलीकांड: जानिए TI को गोली मारने की वजह, एसआई पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज; बर्खास्त किया गया
x
Rewa News: मध्यप्रदेश के रीवा जिले में सिविल लाइन थाना प्रभारी को गोली मार दी गई। गोली उनके मातहत कर्मचारी उप निरीक्षक ने मारी।

Rewa TI Shot By SI: मध्यप्रदेश के रीवा जिले में सिविल लाइन थाना प्रभारी हितेंद्रनाथ शर्मा (Rewa Civil Lines Police TI Hitendranath Sharma) को गोली मार दी गई। गोली मारने वाला कोई और नहीं बल्कि उनके मातहत कर्मचारी उप निरीक्षक बीआर सिंह (SI BR Singh) ने मारी। जिसके बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। आनन फानन में थाना प्रभारी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी SI को थाने के अंदर ही एक कमरे में लॉक कर दिया गया था. करीब 6 घंटे बंद रहने के बाद उसे बाहर निकाला जा सका, आरोपी SI के पास से दो पिस्टल मिली हैं.

भोपाल और जबलपुर के डॉक्टरों ने निकाली गोली

घटना के बाद पुराने बस स्टैण्ड स्थित मिनर्वा अस्पताल में घायल टीआई को भर्ती किया गया। यहां डॉक्टरों ने गोली निकालने का असफल प्रयास किया। ऑपरेशन भी किया, लेकिन गोली नहीं निकल पाई। फेफड़े में गोली फंसी थी। इसके बाद जबलपुर और भोपाल से डॉक्टरों की टीम को बुलाया गया। भोपाल चिरायु से डॉ चंदेरे की टीम और जबलपुर से डॉ निमीष को बुलाया गया। देर रात दोनो टीमों के डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर गोली बाहर निकाली।

हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

वारदात को अंजाम देने वाले उप निरीक्षक के खिलाफ हत्या के प्रयास के मामले में भादवि की धारा 307 के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है। उप निरीक्षक के खिलाफ सेवा से बर्खास्तगी की कार्रवाई भी की गई है। उप निरीक्षक को गिरफ्तार कर थाना में ही रखा गया। पुलिस की टीम पूछताछ में लगी है। शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया जाएगा।


दायीं तरफ आरोपी TI बीआर सिंह और बाईं तरफ TI हितेन्द्रनाथ शर्मा

सिविल लाइन थाने के टीआई को मारी गोली

घटना गुरुवार दोपहर 3 बजे के आसपास की है। सिविल लाइन में ही पदस्थ रहे बीआर सिंह उप निरीक्षक अचानक थाना पहुंचे। वह सीधे सिविल लाइन थाना प्रभारी हितेन्द्रनाथ शर्मा के चेम्बर में गए। टीआई से वाद-विवाद के बाद सर्विस रिवाल्वर निकाली और फायर कर दिए। गोली टीआई के सीने में जा लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद थाना में हड़कंप मच गया। खून से लथपथ टीआई को स्टाफ ने तुरंत पुराने बस स्टैण्ड के पास ही संचालित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। 7 घंटे बाद डॉक्टरों की टीम ने ऑपरेशन कर गोली बाहर निकाली। इस दौरान सिविल लाइन थाना अस्पताल परिसर पुलिस छावनी में तब्दील रहा। घायल थाना प्रभारी का हाल जानने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। कांग्रेस और भाजपा के नेता भी पहुंचे।

यह था विवाद का कारण

सिविल लाइन थाना में उप निरीक्षक के पद पर पदस्थ बीआर सिंह को कुछ दिन पहले ही हटाकर लाइन में अटैच कर दिया गया था। इसी बात से नाराज उप निरीक्षक सिविल लाइन थाना पहुंचे थे। उन्हें यह शक था कि उन्हें थाना से हटाने के पीछे सिविल लाइन थाना प्रभारी का ही हाथ है। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और उप निरीक्षक ने गोली मार दी।

भोपाल-जबलपुर से आ रही डॉक्टर्स की टीम

पूर्व मंत्री और रीवा विधायक भी घायल पुलिस अफसर को देखने के लिए अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए बताया कि- हितेन्द्रनाथ शर्मा के कंधे और दिल के बीच गोली फंसी हुई है. उनके उपचार के लिए रीवा सुपर स्पेश्यलिटी हॉस्पिटल के डॉक्टर्स लगे हुए हैं. इनके अलावा कुछ डॉक्टर्स की टीम भोपाल-जबलपुर से आ रही है.


भोपाल से डॉक्टर्स हेलीकॉप्टर से आ रहे हैं और जबलपुर के डॉक्टर्स बाय रोड आ रहे हैं. जो कुछ ही घंटों में रीवा पहुंच जाएंगे। उन्होंने बताया कि फ़िलहाल टीआई शर्मा को बाहर ले जाने के लिए डॉक्टर्स ने नहीं कहा है मगर जरूरत पड़ने पर हर कोशिश की जाएगी। कार्डियो थोरेसिक सर्जन डॉ. विवेक कान्हारे, डॉ. निखिल पेंडसे, एनेस्थेटिक डॉ. अमित कर्ना और ओटी टेक्नीशियन राम गोविंद चौहान TI के इलाज के लिए रीवा आ रहे हैं

6 घंटे तक चैंबर में बंद था SI

TI को गोली मारने वाला SI टीआई के ही चैंबर में 6 घंटे कैद था, उसके पास गन थी. पुलिस को आशंका थी कि उसे बाहर निकालने पर वह दूसरों पर भी फायरिंग कर सकता है. शाम 8 बजे उसे चैंबर से बाहर निकालकर गिरफ्तार कर लिया गया है.

यह खबर लगातार अपडेट हो रही हैं, बने रहिये ....

Next Story