रीवा

रीवा के बदवार पहाड़ में बस पलटी, 35 घायल, 1 मृत

Rewa Bus Accident News
x
Rewa Bus Accident News: गुढ़ थाना अंतर्गत बदवार पहाड़ में बीती रात करीब 10 बजे सीधी से जबलपुर की तरफ जा रही प्रधान ट्रेवल्स की बस पलट गई।

Rewa Bus Accident News: गुढ़ थाना अंतर्गत बदवार पहाड़ में बीती रात करीब 10 बजे सीधी से जबलपुर की तरफ जा रही प्रधान ट्रेवल्स की बस पलट गई। इस हादसे के कारण बस में सवार 44 लोगों में से 35 लोगों को घायल होने पर संजय गांधी अस्पताल लाया गया। जिसमें से एक वृद्ध झल्लू दाहिया पु़त्र बृजलाल दाहिया 65 वर्ष निवासी रामगढ़ थाना सिटी कोतवाली सीधी की अस्पताल पहुंचने के पहले ही मौत हो गई।

मृतक के शव का पीएम करने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। अस्पताल पहुंचे घायलों में से 12 घायलों को ज्यादा चोंट आने की वजह से उन्हें भर्ती कर लिया गया है। अन्य घायलों की सामान्य हालत होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

बताया गया है कि बीती रात करबी 8 बजे सीधी से जबलपुर चलने वाली प्रधान ट्रेवल्स की बस जैसे ही बदवार पहाड़ में पहुंची चालक गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाया। अनियंत्रित हुई बस पलट गई। बस के पलटते ही मौके पर चीख पुकार की स्थिति निर्मित हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची गुढ़ पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। पुलिस द्वारा 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।

अस्पताल पहुंचे कलेक्टर-एसपी

घटना के बाद कलेक्टर मनोज पुष्प और एसपी नवनीत भसीन द्वारा संजय गांधी अस्पताल पहुंच कर घायलों की स्थिति को जाना। कलेक्टर द्वारा अस्पताल प्रबंधन को मरीजों का ईलाज सही तरीके से करने का निर्देश दिया।

ये हुए घायल

घायलों में गिरिजा शंकर यूपी, उग्रसेन जमुनिहा, कैलाश शर्मा जबलपुर, मुन्नीबाई रामगढ़, राकेश कुशवाहा, मुकेश सीधी, श्यामवती सिंह पहड़िया, पुष्पेन्द्र सिंह, दीपू उपाध्याय, सर्वेश पटेल, रामदयाल, राहुल सहित अन्य शामिल है।

फिटनेस-परमिट निरस्त

सूत्रों की माने तो कलेक्टर के निर्देश के बाद आरटीओ द्वारा बस का परमिट और फिटनेस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। चालक का ड्रायविंग लाइसेंस भी निलंबित किया गया है।

वर्जन

बस पलटने से तीन दर्जन यात्री घायल हुए हैं। दुर्घटना के कारण एक वृद्ध की मौत हुई है। घायलों को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।

-आराधना सिंह थाना प्रभारी गुढ़

Next Story