रीवा

रीवा में देवर ने भाभी पर फावड़े से किया ताबड़तोड़ प्रहार, तीन दिन बाद महिला की हो गई मौत

Sanjay Patel
24 March 2023 7:49 AM GMT
रीवा में देवर ने भाभी पर फावड़े से किया ताबड़तोड़ प्रहार, तीन दिन बाद महिला की हो गई मौत
x
MP Rewa News: घर में खेल रही मासूम बच्ची के साथ एक महिला के देवर द्वारा जमकर गाली गलौज की गई। जब महिला ने अपने देवर को गाली देने से मना किया तो उसको यह नागवार गुजर गया।

घर में खेल रही मासूम बच्ची के साथ एक महिला के देवर द्वारा जमकर गाली गलौज की गई। जब महिला ने अपने देवर को गाली देने से मना किया तो उसको यह नागवार गुजर गया। युवक ने अपना आपा खोते हुए भाभी के ऊपर प्राणघातक हमला कर दिया। फावड़े से ताबड़तोड़ प्रहार करने से महिला के सिर में गहरे जख्म हो गए। महिला को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल लाया गया जहां तीन दिन बाद उसने दम तोड़ दिया।

क्या है मामला

पुलिस के मुताबिक घटना रीवा जिले के सेमरिया थाना अंतर्गत कोलौरा गांव की है। यहां 20 मार्च की शाम को महिला के देवर शिवम उर्फ छोटू साकेत 23 वर्ष अपनी भतीजी के साथ गाली गलौज कर रहा था। जिस पर महिला ने देवर को मना किया किंतु वह नहीं माना। विरोध करने पर छोटू साकेत ने अपनी भाभी कविता साकेत पर फावड़े से हमला बोल दिया। जिससे मंहिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसको उपचार के लिए परिजनों द्वारा सेमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी। जिस पर उसे संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने हत्या का प्रकरण किया दर्ज

महिला को संजय गांधी अस्पताल में सर्जरी विभाग के आईसीयू वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा था। इसी दौरान गुरुवार की सुबह महिला ने दम तोड़ दिया। इस मामले में पूर्व में पुलिस द्वारा हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। महिला के दम तोड़ देने के बाद हत्या की प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपी देवर शिवम उर्फ छोटू साकेत को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका कविता साकेत पत्नी अखिलेश 30 वर्ष का शव गुरुवार की शाम कोलौरा पहुंचा। जहां तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। मौके पर सिरमौर एसडीओपी नवीन तिवारी, थाना प्रभारी अभिषेक खरे ने मोर्चा संभाला। उनके द्वारा मृतक के परिजनों को समझाइश देकर शांत कराया गया, तब जाकर अंतिम संस्कार हो पाया।

Next Story