रीवा

रीवा के सोहागी थाना अंतर्गत महिला के अंधे कत्ल से उठा पर्दा, दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Sanjay Patel
29 Aug 2023 7:42 AM GMT
रीवा के सोहागी थाना अंतर्गत महिला के अंधे कत्ल से उठा पर्दा, दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
x
Rewa News: एमपी के रीवा की सोहागी पुलिस ने महिला के अंधे कत्ल का पर्दाफाश किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक फरार है।

एमपी के रीवा की सोहागी पुलिस ने महिला के अंधे कत्ल का पर्दाफाश किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक फरार है। तीनों आरोपियों ने पीट-पीट कर महिला को घायल कर दिया था। जिसकी अस्पताल में मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस को गुमराह करने के लिये हत्या को हादसा बताते हुये शिकायत दर्ज कराया था। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी झूठी कहानी का राज खुल गया।

पति से विवाद के बाद बहन के घर आ गई थी महिला

पुलिस से हासिल जानकारी के मुताबिक सुनीता हरिजन पति श्रीराम 45 वर्ष निवासी भलुहा थाना नईगढ़ी जिला मऊगंज की रहने वाली थी। वह कई दिनों पहले पति से विवाद कर अपनी छोटी बहन के घर सोहागी आ गई। वहां बहनोई के साथ नशाखोरी करने लगी। 17 अगस्त को छोटी बहन से इसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी बात से आक्रोशित होकर सुनीता नशे के हालत में ढाबा भोजन करने चली गई। देर रात तक नहीं आई तो उसकी खोजबीन शुरू की गई। इस बीच सुनीता एक अज्ञात व्यक्ति के साथ नशे के हालत में देखी गई। जिसके बाद सुनीता के बहनोई पुरुषोत्तम हरिजन पुत्र स्व. रामबालक 42 वर्ष निवासी सोहागी, भाई लाला उर्फ प्रमोद हरिजन पुत्र रालाल साकेत 30 वर्ष निवासी सोनवर्षा लालगांव थाना गढ़ एवं मृतिका के बड़े भाई का साला सुगनू साकेत पुत्र स्व. लालजी साकेत 25 वर्ष निवासी प्रतापगढ़ उत्तर प्रदेश ने मिलकर पिटाई कर दी और उसे घर ले गये। लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले गये और पुलिस को सड़क दुर्घटना में घायल होने की जानकारी दी। संजय गांधी अस्पताल में पांच दिन बाद यानी 22 अगस्त को महिला की मौत हो गई।

पीएम रिपोर्ट से हुआ खुलासा

पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट 24 अगस्त को पुलिस के हाथ आई। जिसमें चिकित्सकों ने महिला के शरीर में मारपीट किये जाने के निशान मिलने का दावा किया था। ऐसे में पुलिस का शक गहराया। लिहाजा पुलिस जांच में तेजी लाई। इस दौरान आरोपियों ने जिस स्थान पर सड़क हादसा होने का दावा किया था, वहां आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ किया लेकिन किसी ने भी सड़क हादसा होने की बात नहीं बतायी। ऐसे में महिला के बहनोई और भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया। जिसमें सच सामने आ गया। लिहाजा दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। जबकि फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Next Story