रीवा

रीवा-प्रयागराज मार्ग पर 20 किमी लंबा जाम: श्रद्धालु परेशान, सड़क दुर्घटना में मैहर SDM की पत्नी घायल

Aaryan Puneet Dwivedi
18 Feb 2025 10:06 AM IST
Updated: 2025-02-18 04:42:53
रीवा-प्रयागराज मार्ग पर 20 किमी लंबा जाम: श्रद्धालु परेशान, सड़क दुर्घटना में मैहर SDM की पत्नी घायल
x
रीवा-प्रयागराज मार्ग पर 20 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है, जिसमें हज़ारों वाहन फंसे हैं। इस जाम में मैहर SDM की पत्नी भी घायल हो गई हैं। श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रीवा-प्रयागराज मार्ग पर सोमवार को दो जगह 20 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। बेला-चौरहटा के बीच करीब 15 किलोमीटर तक 10 हज़ार से ज़्यादा वाहनों की कतार लगी रही, जबकि चौरहटा-रतहरा के बीच 5 किलोमीटर में करीब 2 हज़ार गाड़ियां फंसी रहीं। पिछले 34 दिनों में यह 8वीं बार है जब इस मार्ग पर जाम लगा है।

मैहर SDM की पत्नी घायल

इस जाम में मैहर SDM विकास सिंह की पत्नी दीपिका सिंह भी घायल हो गईं। वे रीवा से मैहर जा रही थीं कि उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई। इस घटना में उनके पैर में फ्रैक्चर आ गया और चेहरे पर भी चोटें आई हैं। उन्हें लेने पहुंची एम्बुलेंस भी जाम में फंस गई थी। बाद में किसी तरह एम्बुलेंस को जाम से निकालकर रीवा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

श्रद्धालुओं को हो रही परेशानी

इस भीषण जाम के कारण महाकुंभ जा रहे श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सूरत से आए कुछ श्रद्धालुओं की बस भी जाम में खराब हो गई। उन्हें कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। लोगों ने प्रशासन से खाने-पीने की व्यवस्था की मांग की है।

रीवा में 34 दिन में अब तक 8 बार लगा भीषण जाम

  • 28 जनवरी को (मौनी अमावस्या के एक दिन पहले)- मौनी अमावस्या के एक दिन पहले 15 किलोमीटर लंबा जाम लगा था। यह जाम रीवा के रायपुर कर्चुलियान से लेकर चाकघाट के बीच लगा, जिसमें 3 हजार गाड़ियां फंसीं।
  • 29 जनवरी- मौनी अमावस्या पर रीवा के चोरहटा बाइपास से लेकर सोहागी पहाड़ी (यूपी बॉर्डर) तक जगह-जगह जाम लगा। करीब 10 हजार गाड़ियां 25 किलोमीटर लंबे जाम में फंसी रहीं।
  • 9 फरवरी- माघ पूर्णिमा के तीन दिन पहले 10 किलोमीटर लंबे जाम में करीब 5 हजार वाहन गंगेव के पास जाम में फंस गए। एडिशनल एसपी विवेक लाल और अनिल सोनकर, एसपी विवेक सिंह को मोर्चा संभालना पड़ा।
  • 10 फरवरी- सोहागी पहाड़ से पहले 5 किलोमीटर के एरिया में 3000 से ज्यादा गाड़ियां फंसी। 200 पुलिस जवानों ने मिलकर जाम खुलवाया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों की बैठक ली।
  • 11 फरवरी- चोरहटा बाइपास से लेकर यूपी बॉर्डर तक 5 हजार वाहन जाम और स्लो मूविंग ट्रैफिक में फंस गए। डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने जाम के बीच कुंभ यात्रियों और श्रद्धालुओं का हाल जाना।
  • 12 फरवरी- अंतिम शाही स्नान होने की वजह से सुबह 5 बजे से लेकर रात तक 10 हजार से ज्यादा गाड़ियां रीवा की सीमा में फंसी रहीं। कई यात्रियों को आधे रास्ते से ही वापस तक लौटना पड़ा।
  • 16 फरवरी-वीकेंड होने से शनिवार रात से गाड़ियां जाम में फंसी। रविवार दोपहर तक चोरहटा बाइपास में 15 किलोमीटर और चाकघाट में 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। 8 घंटे बाद ट्रैफिक आगे बढ़ा।
  • 17 फरवरी- प्रयागराज-रीवा हाईवे पर 15 किमी लंबा जाम लगा। बेला से चौरहटा बाइपास तक करीब 10 हजार वाहन फंसे। चौरहटा से लेकर रतहरा तक 5 किमी में करीब 2 हजार गाड़ियां फंसीं। यूपी-एमपी बॉर्डर पर ट्रैफिक रेंगा।

स्थानीय लोगों ने जताई नाराज़गी

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस जाम खुलवाने की बजाय कुंभ यात्रियों को और रोक रही है, जिससे अव्यवस्था बढ़ रही है।


कमिश्नर ने दिया आश्वासन

संभागीय कमिश्नर बी.एस. जामोद ने कहा है कि कुंभ यात्रियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है और प्रशासन व्यवस्था बनाने में जुटा हुआ है।

Aaryan Puneet Dwivedi

Aaryan Puneet Dwivedi

Aaryan Puneet Dwivedi is a senior editor and an experienced journalist who has been active in the news industry since 2013. He has extensive experience covering and editing news across multiple fields, including politics, national and international affairs, sports, technology, business, and social issues. He is a state-level accredited journalist recognized by the Madhya Pradesh government. Known for his in-depth understanding of news and current affairs, he focuses on delivering accurate, reliable, and reader-friendly information across all major news categories.

Next Story