रीवा

रीवा के पल्हान टोल प्लाजा में विधायक प्रतिनिधि समेत 2 लोगों को पीटा, स्टेट हाइवे में किया चकाजाम

Sanjay Patel
2 Jun 2023 10:46 AM GMT
रीवा के पल्हान टोल प्लाजा में विधायक प्रतिनिधि समेत 2 लोगों को पीटा, स्टेट हाइवे में किया चकाजाम
x
Rewa News: एमपी के रीवा में पल्हान टोला प्लाजा में विधायक प्रतिनिधि समेत दो लोगों के साथ मारपीट किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। बीती रात्रि विधायक प्रतिनिधि घर वापस लौट रहे थे।

एमपी के रीवा में पल्हान टोला प्लाजा में विधायक प्रतिनिधि समेत दो लोगों के साथ मारपीट किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। बीती रात्रि विधायक प्रतिनिधि घर वापस लौट रहे थे। उनके साथ उनका भाई भी था। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकल वाहन होने पर उन्होंने टोल नहीं दिया जिस पर टोल कर्मियों ने उनके साथ जमकर मारपीट की। उन्होंने बैकुण्ठपुर पुलिस पर भी प्रकरण दर्ज नहीं करने के आरोप लगाए।

क्या है मामला

सिरमौर से भाजपा विधायक दिव्यराज सिंह के प्रतिनिधि पल्हान निवासी विनोद सिंह के मुताबिक वह और उनके छोटे भाई विमल सिंह वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। बीती रात्रि लगभग 2 बजे वह अपने घर वापस जा रहे थे। टोल प्लाजा पर कर्मचारियों ने उन्हें रोक लिया। जिस पर जबरन टोल वसूली का विरोध किया गया तो उनके साथ कर्मचारियों ने जमकर मारपीट की। जिससे दोनों घायल हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि टोल कंपनी के इशारे पर बैकुंठपुर पुलिस ने प्रकरण दर्ज नहीं किया। जिसके बाद वह रात को घर चले गए।

स्टेट हाईवे में किया चकाजाम

आज सुबह 9 बजे आधा सैकड़ा लोगों के साथ विनोद सिंह पुनः बैकुण्ठपुर थाने पहुंचे। जहां सभी ने थाना प्रभारी को हटाए जाने की मांग की। इस दौरान सुनवाई नहीं होने पर लोग स्टेट हाईवे में बैठ गए और चकाजाम कर दिया। थाना प्रभारी श्वेता मौर्य द्वारा लोगों को समझाइश दी गई किंतु पीड़ित पक्ष एफआईआर के लिए अड़ा रहा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की मांग पर सिरमौर विधायक दिव्यराज सिंह भी बैकुण्ठपुर थाना पहुंच गए। जिस पर विधायक की मौजूदगी में टोल कर्मचारी मुकुल, कुलदीप, पवन गिरी, संतोष दुबे और विकास के खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया।

मैनेजर ने भी पीटने का लगाया आरोप

पल्हान टोल प्लाजा के मैनेजर संतोष दुबे निवासी बैकुण्ठपुर भी थाने पहुंचे। उन्होंने वीडियो के माध्यम से आरोप लगाते हुए कहा कि उनके साथ थाने के अंदर भीड़ द्वारा मारपीट की गई। जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि वह रात में विवाद के दौरान चोटिल हुए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर विधि अनुसार कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान बैकुण्ठपुर थाने के घेराव की जानकारी मिलने के बाद सिरमौर एसडीएम भारती मरावी, सिरमौर तहसीलदार जीतेन्द्र तिवारी, सिरमौर एसडीओपी नवीन तिवारी सहित थानों का बल भी मौके पर पहुंच गया है।

Next Story