
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- रीवा
- /
- रीवा में देश की दूसरी...
रीवा में देश की दूसरी चौड़ी सुरंग, कम होगी रीवा से सीधी के बीच की दूरी

रीवा एवं सीधी वासियों के लिए उपयोगी एवं जरूरी खबर है। रीवा-सीधी राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर मोहनिया घाटी को काटकर सुरंग से मार्ग बनाया जा रहा है। देश की नामी कंपनी दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड ने मोहनिया घाटी में 2.28 किमी लंबी सिक्स लेन सुरंग निर्माण का कार्य तेज कर दिया है। कंपनी का दावा है, रीवा में बनने वाली देश की दूसरी चौड़ी सुरंग का लगभग 30 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है। प्रदेश के सड़क मार्ग में यह सबसे चौड़ी सुरंग मानी जा रही है। रीवा-सीधी राष्ट्रीय राजमार्ग में इस सुरंग के बनने से रीवा से सीधी की दूरी करीब साढ़े सात किमी. कम हो जाएगी।
बताया गया कि इस टनल के निर्माण से किसी तरह का पर्यावरणीय नुकसान भी नहीं होगा। रीवा-सीधी राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-39 पर सर्रा चुरहट से मोहनिया घाटी तक करीब 15.35 किमी बाइपास सड़क का निर्माण एनएएचआई के तहत किया जा रहा है। इसमें करीब 13.07 किमी. कॉन्क्रीट सड़क निर्माण व 2.28 किमी. लंबी मोहनिया घाटी में सुरंग का निर्माण शामिल है।
प्रदेश में सड़क मार्ग की पहली चौड़ी सुरंग
विभागीय सूत्रों की मानें तो प्रदेश में सड़क मार्ग की यह पहली सिस लेन सुरंग होगी, जो करीब 2.28 किमी लंबी है। इसके माध्यम से रीवा से रांची तक के राष्ट्रीय राजमार्ग को फायदा होगा। ये टनल बाणसागर की दो नहरों को भी क्रॉस कर रही है। यह टनल कई अवस्थापनाओं को भी पार कर रही है। टनल ललितपुरसिंगरौली के लिए निकलने वाली रेल लाइन के ऊपर से तथा गोविंदगढ़ से चुरहट की ओर जाने वाली सड़क के नीचे से गुजरेगी। इतना ही नहीं बाणसागर द्वारा बनाई गई यूपी और एमपी की नहर में कोई व्यवधान नहीं पहुंचेगा। बताया गया है कि उत्तर प्रदेश को जाने वाली नहर के नीचे से एवं मध्यप्रदेश के लिए बनाई गई नहर के ऊपर से यह सुरंग चुरहट शहर को पार करेगी।




