
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- रीवा
- /
- रीवा के युवक की सीधी...
रीवा के युवक की सीधी में हत्या, बंद कमरे में मिला अधजला शव, हड़कंप : REWA NEWS

सीधी। स्थानीय शहर के उत्तरी करौंदिया मुहल्ले में विजय फीलिंग स्टेशन के पास बंद कमरे में एक अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मकान मालिका द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने बंद कमरे का ताला तुड़वाया तो कमरे के अंदर एक अधेड़ का मृत अवस्था में अधजला शव मिला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए सिंगरौली से फारेंसिक टीम बुलाई है, वहीं मृत अधेड़ के शव की शिनाख्त का भी प्रयाश किया जा रहा है, किराया से कमरा लेने वाली महिला भी फरार बताई गई है, जिसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
घटना के संबंध में मकान मालिक बीना मिश्रा पति आशीष मिश्रा निवासी उत्तर करौंदिया सीधी विजय पेट्रोल पंप के पास द्वारा गुरूवार की दोपहर सिटी कोतवाली में आवेदन के माध्यम से बताया गया कि विजय फीलिंग स्टेशन के पास बने पैत्रिक मकान के एक भाग में छात्रावास संचालित है तथा दूसरे भाग में दो कमरे किराए पर दिए गए हैं। जिसमें एक कमरे में आदित्य शुक्ला अधिवक्ता रहते हैं, जबकि दूसरा कमरा विगत डेढ़ माह पूर्व सुधा तिवारी निवासी कमर्जी को दिया गया था, सुधा तिवारी द्वारा अपने परिचय पत्र में आधार कार्ड दिया गया था। मकान मालिका बीना मिश्रा ने पुलिस को दिए गए शिकायती आवेदन में बताया गया कि मेरे किरायादार आदित्य शुक्ला ने जानकारी दी कि सुधा तिवारी नामक महिला उक्त कमरे में बहुत कम रहती है, और उसकी स्थित काफी संदिग्ध लगती है। किरायादार द्वारा बताया गया कि सुधा तिवारी के कमरे से खून की बदबू आ रही थी, किरायादार द्वारा जानकारी दिए जाने पर मकान मालिक ने पता लगाया तो सुधा तिवारी के कमरे में ताला बंद था, तब मकान मालिक द्वारा इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर घटना स्थल पर पहुंची पुलिस द्वारा कमरे का ताला तुड़वाकर देखा गया तो अंदर एक अधेड़ व्यक्ति जिसकी उम्र करीब 45 से 50 वर्ष के बताई जा रही है का अधजला शव पड़ा मिला। सिंगरौली से बुलाई गई एफएसएल टीम- मामले की जांच के लिए मौके पर पहुंची अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजुलता पटले द्वारा मौका मुआयना करने के बाद जांच के लिए सिंगरौली से एफएसएल की टीम बुलाई गई है। वहीं किरायादार सुधा तिवारी की तलाश के लिए टीम भेजी गई साथ ही मृत अधेड़ के शिनाख्त का भी प्रयाश शुरू कर दिया गया है।
रीवा का बताया जा रहा मृत अधेड़- घटना की जांच के दौरान प्रथम दृष्टया युवक की शिनाख्त बस कंडेक्टर के रूप में की गई है, जो रीवा जिले का निवासी बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस अभी मृत अधेड़ की शिनाख्त को पुख्ता मानकर नहीं चल रही है, पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्ट्या जो पहचान स्पष्ट हो रही है उनके परिजनों को पहचान के लिए बुलाया गया है, उनके आने के बाद पहचान करने पर ही शिनाख्त पुख्ता हो पाएगी। महिला का पता मिला संदिग्ध- किराया से कमरा लेने वाली महिला सुधा तिवारी द्वारा मकान मालिक को जो पहचान पत्र के रूप में आधार कार्ड दिया गया था, उसमें पति का नाम अरविंद तिवारी तथा पता ग्राम कमर्जी तहसील चुरहट दर्ज था, उक्त आधार कार्ड के पते के आधार पर पुलिस ने जब उसका पता लगाने का प्रयाश किया तो उक्त पता गलत निकला। पुलिस ने महिला की पहचान कर ली है, जिसका नाम तो सही लेकिन उसका निवासी पुलिस चौकी सिहावल क्षेत्र का है। की जा रही जांच- प्रकरण की जांच की जा रही है, मृत अधेड़ की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है, किराया से कमरा लेने वाली महिला द्वारा मकान मालिक को दिए गए आधार कार्ड मेें गलत पता था, महिला पुलिस चौकी सिहावल क्षेत्र की है, जिसकी तलाश की जा रही है, वहीं मृत अधेड़ के शिनाख्त का भी प्रयाश जारी है, मौत का कारण भी अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। अंजुलता पटले, एएसपी सीधी




