
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- रीवा
- /
- नया नियम : टिकट लेकर...
नया नियम : टिकट लेकर ही ट्रेन में सफर करें छात्र : REWA NEWS

ट्रेन में बिना टिकट सफर करना अपराध है। ऐसा करने वालों से रेलवे न सिर्फ जुर्माना वसूलती है बल्कि उन्हें 6 माह के लिए जेल भी भेज सकती है। इसलिए कभी भी बिना टिकट सफर न करें। इन दिनों स्कूलों के नोटिस बोर्ड पर यह संदेश चस्पा किया जा रहा है। इसकी वजह है रेलवे का वह पत्र, जो उन स्कूलों के प्राचार्यों को लिखा जा रहा है, जिनके विद्यार्थी रोजाना ट्रेन का सफर करके स्कूल आते हैं।
दरअसल, ट्रेनों में टिकट चेकिंग के दौरान अधिकांश स्कूली छात्र-छात्राएं बिना टिकट सफर करते मिलते हैं। रेलवे, इन विद्यार्थियों पर जुर्माना या सजा की कार्रवाई करने की बजाय स्कूल प्रबंधन को इसकी जानकारी दे रहा है, ताकि वे बिना टिकट लिए ट्रेन में सफर न करें।
जुर्माना, जेल, नौकरी भी नहीं लगेगी
जबलपुर रेल मंडल के कमर्शियल विभाग ने कई स्कूल के प्राचार्य और उनके प्रबंधन को पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है कि स्कूल डेली अप-डाउन करने वाले विद्यार्थियों की पहचाने करें। उन्हें टिकट लेकर ट्रेन में सफर करने के लिए जागरूक करें। साथ ही यह भी बताएं कि बिना टिकट सफर करने वाले यात्रियों से रेलवे 300 से 1000 रुपए तक का जुर्माना वसूलती है। जुर्माना न देने वालों को छह माह की जेल भी हो सकती है। पत्र के माध्यम से प्राचार्यों को यह भी बताने कहा है कि बिना टिकट सफर करने वालों पर एक बार कार्रवाई हो जाने के बाद न तो उसका पुलिस वेरीफिकेशन होगा और न ही भविष्य में वह शासकीय विभाग में नौकरी कर सकेगा। बताया जा रहा है कि ट्रेन में 50 फीसदी छात्र-छात्राएं बिना टिकट के यात्रा कर रहे हैं।
जांच की तो पता चला
- रेलवे बोर्ड ने विभाग को यात्री ट्रेनों की जांच करने के निर्देश दिए हैं कि ट्रेन में बिना टिकट यात्रा करने वालों से जुर्माना वसूला जाए।
- कमर्शियल विभाग के सीनियर डीसीएम कोचिंग ने ट्रेनों में जांच की तो अधिकांश विद्यार्थी बिना टिकट सफर करते मिले।
- जांच दल ने टिकट नहीं होने के बाद भी कई बार विद्यार्थियों को छोड़ दिया, लेकिन उनमें सुधार नहीं हुआ। बिना टिकट ही यात्रा कर रहे।
- इसके बाद इन विद्यार्थियों के जरिए 100 से ज्यादा स्कूलों की जानकारी ली। इनके प्राचार्यों को पत्र लिखा गया।
- इनमे अधिकांश कटनी, गाडरवारा, सतना, मैहर, रीवा, पिपरिया, नरसिंहपुर, दमोह और सागर के स्कूल शामिल हैं।
इन ट्रेनों में बिना टिकट सफर कर रहे विद्यार्थी
- पैसेंजर, जनशताब्दी, महाकोशल, रीवा इंटरसिटी, सिंगरौली इंटरसिटी, सोमनाथ, श्रीधाम।




