
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- रीवा
- /
- अनीशा ने बढ़ाया REWA का...
अनीशा ने बढ़ाया REWA का मान, जापान दौरे के लिए चयन पर परिवार में खुशियां...

रीवा। होनहार छात्रों की वजह से केवल एक परिवार का नहीं बल्कि पूरे शहर और क्षेत्र का भी नाम रोशन होता है। ऐसा ही एक अवसर फिर आया है। शहर के बरा मोहल्ले की रहने वाली छात्रा अनीशा शुक्ला का उस टीम में हुआ है, जिसमें मध्यप्रदेश से केवल आठ प्रतिभावान छात्रों को जापान की टेक्नालाजी जानने के लिए भेजा जा रहा है। रीवा संभाग से केवल एक नाम अनीसा का ही है। इस उपलब्धि के बाद परिवार में खुशियां बढ़ गई हैं, बेटी की प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय मंच से जुडऩे का अवसर मिल रहा है। जिसके चलते लोग बधाइयां दे रहे हैं, इस लमहे को परिवार अपने गौरव के रूप में महसूस कर रहा है। मानव संसाधन एवं विकास मंत्रालय की ओर से देश के चिन्हित प्रतिभावान छात्रों को हर साल इसी तरह किसी विशेष स्थान पर ले जाया जाता है ताकि वहां के बारे में विस्तार से उन्हें जानकारी मिल सके। सकुरा साइंस प्लान के तहत भारत और जापान के छात्र एक-दूसरे के यहां अध्ययन के लिए भेजे जाते हैं। इसी के तहत रीवा की अनीशा का भी चयन हुआ है। देश के प्रतिभावान छात्रों का दल १७ से २३ तक मई २०२० तक सात दिन के भ्रमण पर जाएगा। इसके पहले ही अनीशा का पासपोर्ट और बीजा शिक्षा विभाग द्वारा तैयार कराया जाएगा।
- एम शिक्षा मित्र एप के जरिए किया आवेदन एम शिक्षा मित्र एप के जरिए प्रतिभावान छात्रों से इस टूर के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। अनीशा की मां ममता शुक्ला हाईस्कूल लोही में शिक्षिका हैं उन्हें जानकारी हुई तो बेटी से इस एप के जरिए आवेदन करने के लिए कहा। इसमें शर्त यह थी कि हिन्दी के साथ अंग्रेजी जानना जरूरी है। अनीशा दोनों भाषा जानती है। बीते साल हाईस्कूल की परीक्षा में प्रदेश में दसवां स्थान हासिल किया था। इसलिए चयन हो गया है।
- आइआइटी टारगेट में है इसलिए टेक्नालाजी के प्रति है जिज्ञासा अनीशा बताती हैं कि उनके टारगेट में आइआइटी में जाना है। इसलिए टेक्नालाजी से जुड़ी हर जानकारी हासिल करने की मन में जिज्ञासा रहती है। जापान की टेक्नालाजी दुनियाभर में फेसम है, इसलिए वहां पर जाकर उनकी प्रमुख टेक्नालाजी के बारे में जानकारी लेना ही अपने आप में गर्व की बात है। अभी मार्तण्ड क्रमांक एक उत्कृष्ट हायर सेकंडरी स्कूल में कक्षा ११वीं की पढ़ाई कर रही अनीशा गणित के साथ अतिरिक्त विषय में जीव विज्ञान भी ले रखा है। इसलिए उनकी जिज्ञासा इस पर हमेशा रहती है। - दो से तीन घंटे ही पढ़ाई में देती हैं अनीशा लगातार सफलता हासिल कर परिवार एवं रीवा जिले के नाम रोशन कर रही अनीशा सामान्य रूप से ही पढ़ाई के लिए समय देती है। हर दिन दो से तीन घंटे तक वह नियमित रूप से स्कूल द्वारा मिला होमवर्क पूरा करती है और पिछले कोर्स को भी पढ़ती है। परीक्षा के दिनों में छह से सात घंटे तक पढ़ाई करती है। इसी वजह से वह लगातार सफल हो रही है। परिवार के लोगों की मानें तो पढ़ाई के दौरान इसके मन में कोई तनाव नहीं रहता। - प्रदेश से इन छात्रों का नाम चिन्हित जापान टूर पर जाने के लिए प्रदेश से आठ छात्रों को चिन्हित किया गया है। जिसमें रीवा से अनीशा शुक्ला, सागर के दीपेन्द्र अहिरवार एवं राधिका विश्वकर्मा, माधव नगर उज्जैन की रियारानी मकवाना, ऋतिक श्रीवास्तव दमोह, आकाश शिवहरे एवं दिलीप कुशवाहा शिवपुरी, बैतूल की प्रतीक्षा कुंभारे आदि शामिल हैं। ये सभी छात्र अपने जिलों के उत्कृष्ट विद्यालयों में कक्षा ११वीं में अध्ययनरत हैं। -- लाखों छात्रों में आठ नाम चयनित होना गर्व की बात : ममता अनीशा की मां ममता शुक्ला ने बताया कि एमशिक्षा मित्र एप के जरिए छात्रों के आवेदन लिए जा रहे थे। मैं भी शिक्षिका हूं, इसलिए जैसे ही जानकारी मिली तो पता चला कि कुछ ही घंटे शेष हैं। इसलिए आवेदन कराया और अब पता चला है कि जापान जाने वाले छात्रों के दल में अनीशा का भी चयन हो गया है। इस बात की जानकारी शहर के साथ ही जिले भर में जहां लोगों को मिल रही है, वह शुभकामनाएं भेज रहे हैं। किसी भी परिवार के लिए यह गर्व का पल है। पूरा परिवार बेटी की इस उपलब्धि पर प्रसन्न है।




