पन्ना

एमपी के पन्ना में जमीनी विवाद पर बड़े ने दो छोटे भाइयों को फायरिंग कर उतार दिया मौत के घाट, मां को भी लगी गोली

Sanjay Patel
28 May 2023 9:23 AM GMT
एमपी के पन्ना में जमीनी विवाद पर बड़े ने दो छोटे भाइयों को फायरिंग कर उतार दिया मौत के घाट, मां को भी लगी गोली
x
MP News: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में हृदय विदारक घटना को अंजाम दिया गया। जमीनी विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि बड़े भाई ने आव देखा न ताव, दो छोटे भाइयों के सीने में गोली दाग दी।

मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में हृदय विदारक घटना को अंजाम दिया गया। जमीनी विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि बड़े भाई ने आव देखा न ताव, दो छोटे भाइयों के सीने में गोली दाग दी। फायरिंग के दौरान उसने दनादन गोलियां बरसाईं जिससे दो लोगों की मौत हो गई। जबकि उसकी मां को भी गोली लगी है जिसकी हालत गंभीर बताई गई है।

क्या है मामला

मामला एमपी के पन्ना जिला अंतर्गत देवेन्द्र नगर थाना क्षेत्र का है। यहां गोल्ही मुड़िया गांव में जमीन को लेकर विवाद हो गया। जानकारी के अनुसार चरण सिंह, महेन्द्र सिंह और नरेन्द्र सिंह आपस में भगे भाई हैं। शनिवार को छोटे भाई नरेन्द्र सिंह के बेटे का जन्मदिन था। पार्टी का आयोजन किया गया था। जिसमें नरेन्द्र सिंह और महेन्द्र सिंह का पूरा परिवार व्यस्त था। इसी दौरान बड़ा भाई चरण सिंह व उसका बेटा शुभम सिंह मौके पर पहुंचे और दनादन फायरिंग शुरू कर दी। देसी कट्टे से सात राउंड फायरिंग की गई। जिसमें से पांच गोलियां दोनों भाइयों और मां को जा लगी। जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों भाइयों ने उपचार के दौरान तोड़ दिया दम

मामले की जानकारी देवेन्द्र नगर थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। जहां उपचार के दौरान दोनों भाइयों नरेन्द्र सिंह और महेन्द्र सिंह ने दम तोड़। जबकि मां की हालत गंभीर बताई गई है। जिसका चिकित्सकों द्वारा इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने रविवार सुबह दोनों भाइयों के शवों का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में करवाया। मामले में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दूसरा फरार बताया गया है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।

इनका कहना है

इस संबंध में पन्ना एडिशनल एसपी आरती सिंह का कहना है कि मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है। जन्मदिन की पार्टी चल रही थी इसी दौरान बड़े भाई व उसके बेटे ने गोलियां चलाईं जिससे दो लोगों की मौत हो गई। जबकि मां की हालत गंभीर है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दूसरे फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

Next Story