राष्ट्रीय

दिग्विजय के खिलाफ भाजपा ने साध्‍वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को भोपाल से दिया लोकसभा चुनाव का टिकट

Aaryan Dwivedi
16 Feb 2021 11:36 AM IST
दिग्विजय के खिलाफ भाजपा ने साध्‍वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को भोपाल से दिया लोकसभा चुनाव का टिकट
x
Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी ने आज लोकसभा चुनाव के लिए मध्‍यप्रदेश के प्रत्‍याशियों की एक और सूची जारी कर दी। साध्‍वी प्रज्ञासिंह ठाकुर को भोपाल लोकसभा सीट से उम्‍मीदवार बनाया गया है। भाजपा ने अभी इंदौर लोकसभा सीट पर अपना उम्‍मीदवार घोषित नहीं किया है। भोपाल सीट पर प्रज्ञा सिंह की मुख्‍य टक्‍कर कांग्रेस उम्‍मीदवार पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह से होगी। भोपाल सीट पर वर्तमान में भाजपा का कब्‍जा है। इस सीट से आलोक संजर चुनाव जीते थे।संजर ने अब कमलनाथ सरकार में मंत्री पीसी शर्मा को उस चुनाव में पराजित किया था।

पार्टी ने गुना सीट से डाॅक्‍टर केपी यादव को टिकट दिया है जबकि सागर से राजबहादुर सिंह और विदिशा से रमाकांत भार्गव को टिकट दिया है। भार्गव का कांग्रेस के शैलेंद्र पटेल से मुकाबला होगा। कांग्रेस ने सागर से प्रभु सिंह को टिकट दिया है जबकि कांग्रेस ने गुना सीट से ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया को अपना प्रत्‍याशी बनाया है। रमाकांत भार्गव को पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान का करीबी माना जाता है। सागर उम्‍मीदवार राजबहादुर सिंह पूर्व गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह के रिश्‍तेदार हैं।

उल्‍लेखनीय है कि मालेगांव बम धमाके में आरोपी रही साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर( Sadhvi Pragya Singh Thakur) आज सुबह भोपाल में बीजेपी कार्यालय पहुंचीं और पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान, प्रभात झा, नरोत्तम मिश्रा और रामलाल से बंद कमरे में मुलाकात की।

इसके बाद पत्रकारों से हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि वो भाजपा की प्राथमिक सदस्यता मंगलवार को ही ले चुकी हैं। अब बस भाजपा की तरफ से उनकी उम्मीदवारी का औपचारिक ऐलान होना बाकी था। वो एबीवीपी और दुर्गावाहिनी जैसे भाजपा के अनुषांगिक संगठनों से जुड़ी रह चुकी हैं और उनकी छवि कट्टर हिंदूवादी के तौर पर रही है।

Next Story