
ईरान के 3 परमाणु ठिकानों पर अमेरिका का हमला: ट्रम्प ने कहा- शांति कायम नहीं की तो और अटैक, ईरान बोला- अब हर अमेरिकी सैनिक और नागरिक हमारे निशाने पर

अमेरिका ने ईरान के तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों – फोर्डो, नतांज और इस्फहान – पर हमला किया है। यह हमला भारतीय समयानुसार रविवार सुबह 4:30 बजे हुआ। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने हमले के लगभग तीन घंटे बाद देश को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि ईरान की महत्वपूर्ण परमाणु साइट्स को 'पूरी तरह से तबाह' कर दिया गया है। ट्रम्प ने खास तौर पर बताया कि फोर्डो पर बमों की एक बड़ी खेप गिराई गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि उसे अब शांति स्थापित करनी चाहिए, अन्यथा उस पर और बड़े हमले किए जाएंगे।
अमेरिका ने ईरान के किन परमाणु ठिकानों को बनाया निशाना?
फोर्डो एनरिचमेंट प्लांट
यह नतांज के बाद ईरान का दूसरा सबसे बड़ा यूरेनियम शुद्धिकरण संयंत्र है। यह ईरान की एक पहाड़ी में लगभग 90 मीटर (295 फीट) की गहराई में स्थित है। इसका नियंत्रण ईरानी परमाणु ऊर्जा संगठन (AEOI) के पास है। इसकी गहराई के कारण हवाई हमले से इसे आसानी से तबाह करना मुश्किल माना जाता है। इसे नुकसान पहुंचाने में केवल अमेरिकी GBU-57 बंकर-बस्टर बम और B-2 स्टील्थ विमान ही सक्षम हैं।
नतांज - एटॉमिक फैसिलिटी सेंटर
इस साइट पर एक परमाणु बम बनाने जितना यूरेनियम मौजूद है। नतांज में उन्नत सेंट्रीफ्यूज लगे हैं, जो यूरेनियम-235 की आपूर्ति करते हैं। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पहले ही इसे 'ईरान का सबसे बड़ा परमाणु खतरा' बता चुके हैं।
इस्फहान - परमाणु टेक्नोलॉजी सेंटर
इस्फहान में एक यूरेनियम रूपांतरण सुविधा है, जहाँ कच्चे यूरेनियम को गैस में बदला जाता है। यहाँ ईरान का एक बड़ा एयरबेस भी है, जहाँ पुराने अमेरिकी F-14 फाइटर जेट मौजूद हैं। इस्फहान में हथियार बनाने वाली कई फैक्ट्रियां भी हैं। गौरतलब है कि 13 जून को इजराइल ने इसी एयरबेस पर तीन ड्रोन से हमला किया था।
इजराइल ने जताई खुशी
अमेरिकी हमले को लेकर इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने खुशी व्यक्त की और ट्रम्प को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि ईरान पर अमेरिका का यह हमला 'इतिहास बदलने वाला' है।
हमलों में इस्तेमाल हुए हथियार
अमेरिका ने इस्फहान और नतांज में 30 टॉमहॉक क्रूज मिसाइलें दागी हैं। इन्हें 643 किलोमीटर (400 मील) दूर अमेरिकी पनडुब्बियों से लॉन्च किया गया था। फॉक्स न्यूज के सूत्रों के मुताबिक, अमेरिकी सेना ने फोर्डो में परमाणु साइट पर 5 से 6 B2 बॉम्बर से GBU-57 बम गिराए हैं। पहले यह अनुमान लगाया गया था कि फोर्डो परमाणु साइट को पूरी तरह तबाह करने के लिए सिर्फ दो बंकर बस्टर बमों की ज़रूरत पड़ेगी।
इजराइल-ईरान युद्ध का 10वा दिन
इजराइल-ईरान के बीच चल रहे इस संघर्ष का आज 10वां दिन है। अमेरिका स्थित ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, ईरान में 13 जून से अब तक 657 लोगों की मौत हुई है और 2000 से ज़्यादा घायल हैं। हालांकि, ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने सिर्फ 430 नागरिकों के मारे जाने और 3,500 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। वहीं, इजराइल में अब तक 24 लोग मारे गए हैं, जबकि 900 से ज़्यादा घायल हुए हैं।
Aaryan Puneet Dwivedi
Aaryan Puneet Dwivedi is a senior editor and an experienced journalist who has been active in the news industry since 2013. He has extensive experience covering and editing news across multiple fields, including politics, national and international affairs, sports, technology, business, and social issues. He is a state-level accredited journalist recognized by the Madhya Pradesh government. Known for his in-depth understanding of news and current affairs, he focuses on delivering accurate, reliable, and reader-friendly information across all major news categories.




