राष्ट्रीय

उज्जैन में सिंहस्थ की तैयारीः तीन करोड़ का बनाया प्रोजेक्ट, एक साथ 20 कतार में होंगे महाकाल के दर्शन

Sanjay Patel
5 March 2023 10:50 AM GMT
उज्जैन में सिंहस्थ की तैयारीः तीन करोड़ का बनाया प्रोजेक्ट, एक साथ 20 कतार में होंगे महाकाल के दर्शन
x
MP News: उज्जैन में महाकालेश्वर का दर्शन श्रद्धालु एक साथ 20 कतार में खड़े होकर कर सकेंगे। देश के बारह ज्योतिर्लिंगों में अभी इस तरह की व्यवस्था कहीं पर भी नहीं है।

उज्जैन में महाकालेश्वर का दर्शन श्रद्धालु एक साथ 20 कतार में खड़े होकर कर सकेंगे। देश के बारह ज्योतिर्लिंगों में अभी इस तरह की व्यवस्था कहीं पर भी नहीं है। ऐसे में उज्जैन महाकालेश्वर देश का पहला ऐसा होगा जहां इस तरह से दर्शन की सुविधा लोगों को मिल सकेगी। जिसके लिए काम भी प्रारंभ कर दिया गया है। मंदिर प्रशासक की मानें तो दीपावली से पूर्व श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिलने भी लगेगा।

महाकाल का दर्शन करने नहीं करना पड़ेगा इंतजार

मंदिर प्रशासक की मानें तो नागपंचमी पर 24 घंटे में 6 लाख श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आए थे। जबकि महाशिवरात्रि पर 44 घंटे में 15 लाख श्रद्धालुओं ने महाकालेश्वर के दर्शन किए। जिसके कारण मंदिर प्रशासन की सिंहस्थ 2028 को लेकर चिंता बढ़ गई है। इस मौके पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए लम्बा इंतजार नहीं करना पड़े इसके लिए यह व्यवस्था बनाई जा रही है। यहां गर्भगृह के सामने वाले परिसर का विस्तार किया जा रहा है। नवग्रह मंदिर और गणेश मंडपम के बीच की दीवार को हटाकर वहीं से श्रद्धालुओं की कतार लगाई जाएगी। 10 कतार में श्रद्धालु गणेश मंडपम से और 10 कतार में कार्तिकेय मंडपम से श्रद्धालु भगवान महाकाल के एक साथ दर्शन कर सकेंगे।

महाकाल दर्शन की अभी यह है व्यवस्था

उज्जैन महाकालेश्वर के दर्शन के लिए आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को बैरिकेड्स के पीछे से दस कतार में दर्शन करवाए जाते हैं। मंदिर प्रबंध समिति द्वारा जो व्यवस्था बनाई गई है उसमें सामान्य श्रद्धालुओं को गणेश और कार्तिकेय मंडपम से पांच-पांच कतार में लगकर दर्शन करवाए जाते हैं। इनकी संख्या बढ़ने पर गणेश मंडपम के दर्शन रोकर केवल कार्तिकेय मंडपम से लोगों को दर्शन करवाने की व्यवस्था बनाई जाती है। जिससे यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को काफी इंतजार करना पड़ता है। इस संबंध में महाकाल मंदिर के प्रशासक संदीप सोनी ने बताया कि 3 करोड़ का प्रोजेक्ट तैयार किया गया है जिसमें 20 कतार के माध्यम से एक साथ यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भगवान महाकाल के दर्शन करवाए जाएंगे। इसमें नवग्रह मंदिर से सीधे गणेश मंडपम में प्रवेश दिया जाएगा। इसको दीपावली तक पूरा करने का लक्ष्य है।

Next Story