राष्ट्रीय

PM मोदी पर राहुल गांधी का तंज, बोले-जन धन खातों में इस योजना से जमा कराऊंगा पैसा

Aaryan Dwivedi
16 Feb 2021 11:36 AM IST
PM मोदी पर राहुल गांधी का तंज, बोले-जन धन खातों में इस योजना से जमा कराऊंगा पैसा
x
Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat

अजमेर (राजस्थान) : केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री जन धन योजना (पीएमजेडीवाई) पर तंज कसते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को कहा कि इन खातों में पैसे जमा कराने की जिम्मेदारी वह पूरा करेंगे। पीएम मोदी की महात्वाकांक्षी जन धन योजना के तहत करोड़ों लोगों के बैंक खाते खोले गए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश में 22 लाख सरकारी पद खाली हैं, जिन्हें कांग्रेस पार्टी की सरकार एक साल में भर देगी।

यहां चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, 'नरेंद्र मोदी बहुत चालाक हैं। उन्होंने मेहुल चोकसी, ललित मोदी, अनिल अंबानी के खातों में पैसे जमा कराए। उन्होंने आपके लिए बैंक खाते खोलने की बात कही लेकिन उन बैंक खातों में पैसे जमा नहीं कराए गए। अब मैं उस अधूरे काम को पूरा करूंगा। मैं न्याय योजना का पैसा उनके द्वारा खुलवाए गए बैंक खातों में जमा कराऊंगा।' राहुल ने दावा करते हुए कहा, 'नरेंद्र मोदी पूछते हैं कि पैसा कहां से आएगा। मैं कहता हूं कि मैं 45000 करोड़ रुपए सीधे अनिल अंबानी से लूंगा। पीएम ने 15 लोगों के 5,55,000 करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया है।'

‘न्याय’से अर्थव्यवस्था को नुकसान होने की आशंका नकारते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘इस योजना से अर्थव्यवस्था को नुकसान नहीं होगा बल्कि इससे उसे फायदा होगा। नरेंद्र मोदी ने (अर्थव्यवस्था को) दो झटके मारे... पहला झटका कुल्हाड़ी लेकर नोटबंदी की और दूसरा झटका गब्बर सिंह टैक्स (जीएसटी) ला कर मारा। मोदी ने ये दो कुल्हाड़ियां मार कर हमारे मजदूरों, छोटे दुकानदारों की जेब से पैसा छीना। नोटबंदी और गब्बर सिंह टैक्स गरीबों से पैसा छीनने का तरीका है। उन्होंने पैसा छीना है।’

राहुल ने कहा ‘न्याय योजना के तहत पांच करोड़ बैंक खातों में 72000 रुपए सालाना डालने से न सिर्फ गरीबों की मदद होगी बल्कि किसानों, मजदूरों, छोटे दुकानदारों और व्यापारियों की भी मदद होगी। ‘न्याय’से सर्वाधिक मदद बेरोजगार युवकों को मिलेगी।’कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘नरेंद्र मोदी सरकार में 22 लाख सरकारी नौकरियां खाली पड़ी हैं। 45 साल में सबसे अधिक बेरोजगारी .. 27000 युवा हर चौबीस घंटे में बेरोजगार हो रहे हैं और 22 लाख सरकारी नौकरियां खाली हैं। मैं गारंटी देता हूं कि कांग्रेस की सरकार बनने पर एक साल में इन 22 लाख सरकारी पदों को भरा जाएगा। दस लाख युवाओं को कांग्रेस पार्टी पंचायतों में रोजगार देगी।’

अनिल अंबानी, मेहुल चौकसी, नीरव मोदी, ललित मोदी का नाम लेते हुए राहुल ने कहा, ‘इन 15 लोगों ने 5.55 लाख करोड़ रुपये हिंदुस्तान के बैंकों से कर्ज लिया और वापस नहीं किया। नरेंद्र मोदी इनकी रक्षा करते हैं। इनका 5.55 लाख करोड़ रुपये कर्ज माफ किया नरेंद्र मोदी ने। 45000 करोड़ रुपये अनिल अंबानी को कर्ज दिया, 35000 करोड़ रुपये नीरव मोदी को, 35000 करोड़ रुपये मेहुल चौकसी को... विजय माल्या का कर्ज 10000 करोड़ रुपये है।’

Next Story