राष्ट्रीय

केंद्र के बाद योगी सरकार ने भी पेट्रोल-डीजल के दाम घटाए, सबसे अधिक वैट कटौती इस राज्य में

Aaryan Puneet Dwivedi
4 Nov 2021 7:36 AM IST
केंद्र के बाद योगी सरकार ने भी पेट्रोल-डीजल के दाम घटाए, सबसे अधिक वैट कटौती इस राज्य में
x

Petrol Diesel Price Today

दीपावली की पूर्व संध्या केंद्र सरकार ने डीजल-पेट्रोल के दामों में भारी कटौती की है. एक्साइज ड्यूटी कम की गई है, जिससे बढ़ती कीमतों पर कुछ हद तक राहत मिलेगी.

Petrol - Diesel Price in UP: केंद्र की मोदी सरकार ने दिवाली की पूर्व संध्या देशवासियों को बड़ा तोहफा दिया है. पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बेतहाशा हो रही वृद्धि के चलते केंद्र ने एक्साइज ड्यूटी में कटौती की है. केंद्र ने सरकार ने पेट्रोल पर पांच रुपये और डीजल पर दस रुपये एक्साइज ड्यूटी कम कर दी है. वहीं इसके बाद उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों की सरकार ने भी वैट में कटौती की घोषणा कर दी है. यूपी सरकार ने वैट में पेट्रोल पर सात रूपये और डीजल पर दो रूपये की कटौती की है. यूपी के अलावा कई बीजेपी शासित राज्यों में पेट्रोल और डीजल के दाम घटाए गए हैं.

12 रुपये सस्ता हुआ पेट्रोल और डीजल

उत्तर प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने बताया कि केंद्र द्वारा पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी क्रमश: पांच रुपये और दस रुपये की कटौती के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने पेट्रोल पर सात रूपये की और डीजल पर दो रूपये की वैट में कटौती की है. इस प्रकार उत्तर प्रदेश में अब पेट्रोल और डीजल दोनों ही 12-12 रूपये सस्ता हो जाएगा.

सीएम योगी ने जताया पीएम मोदी का आभार

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर कहा, 'आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा जनहित में पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम करने के निर्णय ने दीपावली को अतिरिक्त उल्लास से भर दिया है. यह निर्णय समाज के हर वर्ग को राहत पहुंचाने वाला है. सभी प्रदेशवासियों की ओर से आदरणीय प्रधानमंत्री का हार्दिक आभार.'

मणिपुर में घटे दाम

केंद्र सरकार की ओर से पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम किए जाने के बाद देश के कई राज्यों ने तत्काल प्रभाव से पेट्रोल और डीजल पर वैट कम किए हैं. केंद्र के ऐलान के बाद मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा है कि राज्य में तत्काल प्रभाव से पेट्रोल और डीजल पर वैट 7 रुपये कम किए जाएंगे.

कर्नाटक और गोवा सरकार ने कम किए 7 रुपये

वहीं कर्नाटक और गोवा सरकार ने अपने राज्य में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 7 रुपये प्रति लीटर की कमी करने की घोषणा की है. इन राज्यों के अलावा असम और त्रिपुरा सरकारों ने भी कीमतों में 7 रुपये प्रति लीटर की कमी करने का फैसला किया है.

उत्तराखंड में 2 रुपये प्रति लीटर कम करने की घोषणा

उत्तराखंड की बात करें तो मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में पेट्रोल पर वैट 2 रुपये प्रति लीटर कम करने की घोषणा की है. इसी क्रम में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने तत्काल प्रभाव से पेट्रोल और डीजल पर वैट 7 रुपये घटाने की घोषणा की है. वहीं हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर वैट को कम करने के लिए जल्द ही एक अधिसूचना जारी करेगी.

आम जनता को मिलेगी राहत

दिवाली की पूर्व संध्या पर की गई इस घोषणा से फ्यूल की आसमान छूती कीमतों को नीचे लाने में मदद मिलेगी और महंगाई की मार झेल रहे आम आदमी को भी कुछ राहत मिलेगी. एक्साइज ड्यूटी घटाने के बाद पेट्रोल और डीजल के दाम में कमी आज से प्रभाव में आएगी.


Aaryan Puneet Dwivedi

Aaryan Puneet Dwivedi

Aaryan Puneet Dwivedi is a senior editor and an experienced journalist who has been active in the news industry since 2013. He has extensive experience covering and editing news across multiple fields, including politics, national and international affairs, sports, technology, business, and social issues. He is a state-level accredited journalist recognized by the Madhya Pradesh government. Known for his in-depth understanding of news and current affairs, he focuses on delivering accurate, reliable, and reader-friendly information across all major news categories.

Next Story