
48 घंटे में भारत को पाकिस्तान की तीसरी गीदड़भभकी: अब PAK PM शरीफ ने कहा- ऐसा सबक सिखाएंगे, जिंदगी भर याद रखोगे; दुश्मन हमसे एक बूंद पानी नहीं छीन सकते

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सिंधु जल संधि को रद्द करने को लेकर भारत को खुली धमकी दी है। मंगलवार को इस्लामाबाद में एक कार्यक्रम में शरीफ ने कहा कि भारत, पाकिस्तान से एक बूंद पानी भी नहीं छीन सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भारत ने ऐसा करने की कोशिश की तो पाकिस्तान ऐसा सबक सिखाएगा, जिसे वह जिंदगी भर नहीं भूल पाएगा। शरीफ ने इस कदम को सिंधु जल संधि का उल्लंघन बताते हुए कहा कि इसका जवाब निर्णायक तरीके से दिया जाएगा।
48 घंटों में तीन नेताओं ने दी धमकी
सिंधु जल समझौते को निलंबित किए जाने को लेकर पिछले 48 घंटों में तीन बड़े पाकिस्तानी नेताओं ने भारत के खिलाफ धमकी भरे बयान दिए हैं। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के अलावा, आर्मी चीफ आसिम मुनीर और पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो भी भारत को धमकी दे चुके हैं। भुट्टो ने तो यहां तक कहा था कि अगर भारत ने संधि को निलंबित रखा तो पाकिस्तान के पास युद्ध के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा।
भारत-पाकिस्तान के बीच क्या है सिंधु जल संधि?
सिंधु जल संधि भारत और पाकिस्तान के बीच नदियों के पानी के बंटवारे को लेकर एक समझौता है। इसमें सिंधु नदी प्रणाली की 6 नदियां शामिल हैं: सिंधु, झेलम, चिनाब, रावी, ब्यास और सतलुज। इन नदियों का पानी भारत, पाकिस्तान, चीन और अफगानिस्तान के करीब 30 करोड़ लोगों के लिए बेहद अहम है।
1960 में तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और पाकिस्तान के राष्ट्रपति अयूब खान के बीच इस संधि पर दस्तखत हुए थे। इस संधि के तहत, पूर्वी नदियों (सतलज, ब्यास, रावी) का 20% पानी भारत को और पश्चिमी नदियों (झेलम, चिनाब, सिंधु) का 80% पानी पाकिस्तान को मिला था। हालांकि, भारत के विदेशी मामलों के जानकार ब्रह्म चेल्लानी का मानना है कि इस संधि से पाकिस्तान को ज्यादा फायदा हुआ था।
भारत ने क्यों रोका था समझौता?
भारत ने 24 अप्रैल को पाकिस्तान के साथ 65 साल पुराने इस सिंधु जल समझौते को निलंबित कर दिया था। यह फैसला 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद लिया गया था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। भारत का कहना है कि आतंकवाद और बातचीत साथ-साथ नहीं चल सकते।
Rewa Riyasat News
2013 में स्थापित, RewaRiyasat.Com एक विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है जो पाठकों को तेज़, सटीक और निष्पक्ष खबरें प्रदान करता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक की भरोसेमंद जानकारी पहुंचाना है।




