राष्ट्रीय

MS DHONI खेलेंगे T-20 वर्ल्ड कप, इन्होंने किया दावा!

Aaryan Dwivedi
16 Feb 2021 11:40 AM IST
MS DHONI खेलेंगे T-20 वर्ल्ड कप, इन्होंने किया दावा!
x
Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat

रांची (एजेंसियां)। भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर उनके पुराने कोच केशव बनर्जी ने बड़ा खुलासा किया है। इसके साथ धोनी को लेकर लगाई जा रही अटकलों पर विराम लग गया है। बता दें कि इंग्लैंड में हुए वर्ल्ड कप के बाद से धोनी मैदान में नहीं उतरे हैं। उन्होंने क्रिकेट से लंबा ब्रेक लिया हुआ है। ऐसे में उनके संन्यास को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं।

बता दें कि वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत को न्यूजीलैंड के हाथों हार मिली थी। इसके बाद धोनी ने दो महीने का ब्रेक लिया था जिसे उन्होंने बढ़ा लिया है। धोनी ने बोर्ड को सूचना दी है कि वे अभी भी चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में उनके संन्यास की खबरें चल रही है। हालांकि टीम के खिलाड़ियों से लेकर बोर्ड के अधिकारियों ने इन अटकलों को सिरे नकार दिया।

अब धोनी के पुराने कोच केशव बनर्जी ने धोनी को लेकर बड़ा खुलासा किया है। बनर्जी ने संकेत दिए हैं कि धोनी अगले साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाला टी20 वर्ल्ड कप भी खेलेंगे और उसके बाद ही संन्यास को लेकर कोई फैसला लेंगे। बता दें कि इस बारे में बोर्ड भी कह चुका है कि अगले टी20 वर्ल्ड की प्लानिंग में धोनी भी शामिल हैं। टीम प्रबंधन खुद धोनी को इस वर्ल्ड कप के लिए चाहता है। हालांकि उनके विकल्पों पर भी काम जारी है, लेकिन ये तय माना जा रहा है कि धोनी टी20 वर्ल्ड कप में जरुर खेलेंगे।

बनर्जी ने कहा कि उन्हें पूरा यकीन है कि धोनी अभी संन्यास नहीं लेंगे। उन्होंने कहा- मैं माही को बचपन से जानता हूं। वो फैसले अचानक जरूर लेते हैं, लेकिन फिलहाल वो संन्यास नहीं लेंगे। वे खुद को टी20 वर्ल्ड कप के लिए तैयार करेंगे और उम्मीद है कि उनकी जल्द ही मैदान में वापसी होगी। पर ये भी सही है कि टीम इंडिया का पिछला शेड्यूल काफी व्यस्त रहा है, ऐसे में उन्हें आराम की जरुरत है।

टीम प्रबंधन हालांकि धोनी के विकल्प पर भी काम कर रहा है और इसके लिए रिषभ पंत को चुना गया है। खास बात ये है कि रिषभ को तैयार करने की जिम्मेदारी धोनी को ही सौंपी गई है। ऐसे में रिषभ को पर्याप्त मौके दिए जा रहे हैं। लेकिन रिषभ भी उम्मीद के मुताबिक नहीं खेल पा रहे हैं। पर्याप्त मौके दिए जाने के बाद भी जब रिषभ नहीं खेल पाए तो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए रिद्धिमान साहा को खिलाया जा रहा है। लेकिन टीम प्रबंधन और बोर्ड की नजरों में अब भी रिषभ पंत ही धोनी के विकल्प के तौर पर मौजूद हैं।

धोनी के विकल्पों को लेकर केशव बनर्जी ने कहा - बेशक जो युवा खिलाड़ी अच्छा खेल रहे हैं, उन्हें मौका दिया जाना चाहिए। ये मामला धोनी की वापसी से ज्यादा महत्वपूर्ण है क्योंकि ये भारतीय क्रिकेट के भविष्य का सवाल है। युवा खिलाड़ी केवल घरेलू स्पर्धाओं तक सीमित न रखे जाएं। उन्हें पूरा मौका मिलना चाहिए।

Next Story