
MP: केन्द्रीय मंत्री के बेटे, भतीजे सहित 7 गिरफ्तार, हत्या के प्रयास का मामला

नरसिंहपुर। नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव थाने में केन्द्रीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रहलाद पटेल के बेटे प्रबल पटेल और भतीजे मोनू पटेल पर गाली-गलौच कर मारपीट करने और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर सोमवार देर रात हमला किया था। दोनों पक्षों के विवाद में नगर सैनिक सहित 7 लोग घायल हो गए। हमले में एक युवक को गोली भी लगी है। सभी घायलों को जबलपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने इस मामले में 12 नामजद और 8 अन्य को आरोपित बनाया है। आईजी विवेक शर्मा के मुताबिक केंद्रीय राज्यमंत्री के बेटे प्रबल पटेल समेत 7 लोगों को मंगलवार की दोपहर गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद गोटेगांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
गोटेगांव के कमोद गांव से एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद सोमवार की रात 11 बजे नौनी निवासी हिमांशु राठौर अपने साथी राहुल राजपूत के साथ बाइक से लौट रहा था। इसी दौरान किसानी वार्ड बैलहाई मोहल्ले में निकलने को लेकर विवाद हो गया। हिमांशु के मुताबिक केन्द्रीय मंत्री के पुत्र प्रबल पटेल व दुर्गेश पटेल, सौरभ पटेल व उनके 5-6 साथी मिले वह गालियां देने लगे और रॉड, बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी। उसके बाद दोनों को प्रबल और उसके साथी अलग-अलग बाइक से एसआरजी ऑफिस ले गए और फिर मारपीट की।
हिमांशु ने बताया है कि प्रबल पटेल उसे छोटू उर्फ शिवम राय के घर ले गया। यहां पर छोटू मयंक छिरा के साथ रोड पर खड़ा था। यहां मोनू पटेल, राजेश झारिया, राजू उर्फ राजू शूटर, राजेश राजपूत, दीपक सोनी, बल्लू विश्वकर्मा, मोनू शर्मा, मोहित सेन, नीलेश पटेल एवं अन्य 8-10 लोग भी आ गए। शिवम को देखते ही प्रबल पटेल ने जान से मारने के लिए पिस्टल से फायर किया, लेकिन शिवम ने गर्दन झुका ली। उसके बाद दोबारा फायर किया गया तो गोली मेरे दाहिने हाथ की हथेली पर लगी।
नगर सैनिक से मारपीट कर झाड़ियों में फेंका हिमांशु ने रिपोर्ट में कहा है कि गोली चलने की आवाज सुनकर शिवम के पिता नगर सैनिक ईश्वर राय वर्दी में आए और सभी को अलग-अलग करने लगे। इसी दौरान बल्लू विश्वकर्मा ने रॉड से सिर पर वार किया। मोनू पटेल, राजू राजपूत, मोनू शर्मा ने बेस बॉल के डंडे से मारपीट की। उसके बाद उन्हें ले जाकर कमोद रोड के किनारे फेंक दिया। आरोपितों ने शिवम के घर पर पत्थर भी फेंके।
यह हुए घायल घटना में पीड़ित पक्ष से नगर सैनिक ईश्वर राय, मयंक छिरा, हिमांशु राठौर, राहुल राजपूत, शिवम राय एवं दूसरे पक्ष के राजकुमार पटेल, अमित यादव घायल हैं।
आईजी के हस्तक्षेप के बाद दर्ज हो पाई एफआईआर सोमवार रात हुई वारदात के बाद एफआईआर को दर्ज करने में पुलिस हीलाहवाली बरत रही थी। देर रात पुलिस महानिरीक्षक विवेक शर्मा को सूचना दी गई। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को अविलंब एफआईआर दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। आईजी के हस्तक्षेप के बाद एफआईआर दर्ज हो पाई। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए आईजी के निर्देश पर पृथक से पुलिस टीम गठित की गई।
फर्जी मामला है, जांच होना चाहिए होमगार्ड में जो जवान हैं, उसके लड़कों का कुछ लोगों से विवाद हुआ था, उनके बीच मारपीट हुई, सामान्य सी घटना थी। इसे बढ़ा-चढ़ाकर बताया गया है। मेरा बेटा मोनू और प्रबल सहित कुछ और लोग, उनके नाम एफआईआर में लिखाए गए, वह बाहर हैं। मेरी रात को भी एसपी से बात हुई थी। यह फर्जी मामला है, निष्पक्ष जांच होना चाहिए। इस संबंध में मैं एक पत्र भी लिख रहा हूं - जालम सिंह पटेल, विधायक नरसिंहपुर
बनाई है 4 टीम दो पक्षों के विवाद में आरोपितों को पकड़ने 4 टीमें बनाई गई हैं, मामले में 20 आरोपित हैं, जिसमें 12 नामजद और 8 अन्य हैं। आरोपितों में प्रबल पटेल, मोनू पटेल का भी नाम है। प्रकरण की अभी जांच चल रही है- डॉ. गुरुकरन सिंह, एसपी, नरसिंहपुर




