राष्ट्रीय

MP: इस दिन हो सकता है कमलनाथ के मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण, 20 से अधिक मंत्री हो सकते हैं शामिल

Aaryan Dwivedi
16 Feb 2021 11:33 AM IST
MP: इस दिन हो सकता है कमलनाथ के मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण, 20 से अधिक मंत्री हो सकते हैं शामिल
x
Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat

भोपाल। डेढ़ दशक बाद सत्ता में लौटी कांग्रेस के मुख्यमंत्री कमलनाथ 24 दिसंबर को अपनी कैबिनेट का गठन करेंगे। मुख्यमंत्री ने शपथ समारोह के लिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से चर्चा कर ली है। पहली बार के विधायकों को मौका नहीं दिया जाएगा। देर शाम वह कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी एवं अन्य नेताओं से मिलने रवाना हो गए, मुख्यमंत्री के रूप में यह उनकी पहली दिल्ली यात्रा है।

बताया जाता है कि मंत्रियों की शपथ संभवत: 24 दिसंबर को होगी। 8 जनवरी से विधानसभा का सत्र प्रारंभ होगा। मंत्रिमंडल का आकार अभी सीमित रहेगा। पहली किस्त में 20-22 मंत्रियों को शपथ दिलाने की तैयारी है। इनमें क्षेत्रीय और जातीय संतुलन बिठाने के साथ कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थकों को पहले जगह दी जाएगी। मंत्रियों के रूप में पहली सूची में वरिष्ठ विधायकों को शामिल किए जाने पर सहमति बनी है।

सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद कमलनाथ चार दिन से लगातार मंत्रालय में बैठकर सभी विभागों के अधिकारियों से कामकाज संबंधी ब्योरा ले रहे हैं। कुछ अफसरों को उन्होंने इधर से उधर भी किया। वह अपने भरोसे के अधिकारियों की टीम बनाने की प्रक्रिया में भी सक्रिय हैं। गुरुवार देर शाम वह दिल्ली के लिए रवाना हो गए, मुख्यमंत्री के रूप में यह उनकी पहली यात्रा है।

दिल्ली में वह अपने मंत्रिमंडल के बारे में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श करेंगे। दिल्ली में उनकी मुलाकात ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया एवं एके एंटोनी सहित पार्टी के अन्य नेताओं से होना निर्धारित है। मंत्रियों के शपथ समारोह के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। राज्यपाल 25 दिसंबर को बाहर जा रही हैं। इसलिए शपथ के लिए 24 दिसंबर की तारीख तय की गई है।

राज्यपाल से मिलने के बाद मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पत्रकारों से कहा कि पहली बार के विधायकों को मंत्री बनाने में प्राथमिकता नहीं देंगे। सपा-बसपा के सदस्यों को कैबिनेट में शामिल करने के सवाल पर वह बोले कि यह उनके नेता ही तय करेंगे, उन्होंने इस तरह की शर्त नहीं रखी थी।

Next Story