
MP के डिप्टी CM जगदीश देवड़ा का विवादित बयान: 'सेना PM के चरणों में नतमस्तक', कांग्रेस बोली- सैनिकों का अपमान; BJP का पलटवार

मध्य प्रदेश में कैबिनेट मंत्री विजय शाह के विवादित बयान का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब राज्य के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर दिए गए अपने एक बयान से नए राजनीतिक तूफान में घिर गए हैं। देवड़ा ने शुक्रवार, 16 मई, 2025 को जबलपुर में आयोजित सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स के एक प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि "प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद देना चाहेंगे...और पूरा देश, देश की वो सेना, वो सैनिक...उनके चरणों में नतमस्तक है।" उनके इस बयान को कांग्रेस ने भारतीय सेना के शौर्य का घोर अपमान करार दिया है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर बयान का गलत अर्थ निकालने का आरोप लगाते हुए बचाव किया है।
क्या है डिप्टी सीएम देवड़ा का पूरा बयान?
जबलपुर में अपने संबोधन के दौरान डिप्टी सीएम देवड़ा ने पहले पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र करते हुए गहरा क्षोभ व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "मन में बहुत क्रोध था। लोग पर्यटक के रूप में घूमने गए थे। वहां धर्म पूछ-पूछकर और महिलाओं को एक तरफ खड़ा करके उनके सामने पति को गोली मारी। बच्चों के सामने गोली मारी। उस दिन से दिमाग में बहुत तनाव था। जब तक इसका बदला नहीं लिया जाएगा और जिन माताओं के सिंदूर को मिटाने का काम जिन आतंकवादियों ने किया और आतंकवादियों को जिन्होंने पाला, जो पाल रहे हैं उनको नेस्तनाबूद नहीं कर देंगे, तब तक चैन की सांस नहीं लेंगे।"
इसी क्रम में, 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री को देते हुए उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद देना चाहेंगे।...और पूरा देश, देश की वो सेना, वो सैनिक...उनके चरणों में नतमस्तक है। उनके चरणों में पूरा देश नतमस्तक है। उन्होंने जो जवाब दिया है, उसकी जितनी सराहना की जाए, जितना कहा जाए, एक बार उनके लिए जोरदार तालियां बजाकर स्वागत करिए।"
कांग्रेस ने सेना का अपमान बताया
उपमुख्यमंत्री देवड़ा के इस बयान पर कांग्रेस पार्टी ने कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे सेना का अपमान बताया है।
प्रियंका गांधी वाड्रा: कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "भाजपा के नेताओं की ओर से लगातार हमारी सेना का अपमान अत्यंत शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। पहले मध्य प्रदेश के एक मंत्री ने महिला सैनिकों पर अभद्र टिप्पणी की और अब उनके उपमुख्यमंत्री ने सेना का घोर अपमान किया है।"
सुप्रिया श्रीनेत: कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने देवड़ा के बयान "इस देश की सेना और सैनिक प्रधानमंत्री मोदी के चरणों में नतमस्तक हैं" को उद्धृत करते हुए इसे "सेना के शौर्य पराक्रम का घोर अपमान" बताया।
विवेक तन्खा: राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने देवड़ा से सवाल करते हुए कहा, "आप क्या कह रहे हैं देवड़ा जी। मोदी जी और देश की जनता हमारी वीर सेना के प्रति समर्पित और नतमस्तक है। आप लोग देश की और सुरक्षा एजेंसीज का मनोबल क्यों गिरा रहे हैं।"
भाजपा का बचाव और देवड़ा की सफाई
विवाद बढ़ने के बाद उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने अपनी सफाई में कहा कि "मेरे बयान को गलत ढंग से पेश किया जा रहा है।" वहीं, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता आशीष अग्रवाल ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा, "जैसी नजर होती है, वैसा ही नजरिया हो जाता है। यही हाल कांग्रेसियों का है। न तो उन्हें देश की सेना के प्रति सम्मान है और न ही देश के प्रति। ऐसे में उनके द्वारा इस प्रकार के भाव और उनके भावार्थ ही निकाले जाएंगे।"
विजय शाह विवाद
यह उल्लेखनीय है कि कुछ ही दिन पहले मध्य प्रदेश सरकार के एक अन्य मंत्री, विजय शाह, ने भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी पर अत्यंत आपत्तिजनक और सांप्रदायिक टिप्पणी की थी। उन्होंने इंदौर के महू स्थित रायकुंडा गांव में एक कार्यक्रम में कहा था, "जिन लोगों ने हमारी बेटियों का सिंदूर उजाड़ा था, मोदी जी ने उन्हीं की बहन भेजकर उनकी ऐसी की तैसी करा दी।" इस बयान का वीडियो वायरल होने के बाद भारी विवाद हुआ था।
मंत्री शाह को पार्टी ने भोपाल तलब किया था और संगठन महामंत्री ने उन्हें फटकार भी लगाई थी, जिसके बाद उनके सुर बदल गए थे। इस मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए पुलिस को FIR दर्ज करने का आदेश दिया था। मंत्री शाह इस आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचे हैं, जहां उनकी याचिका पर सोमवार (19 मई) को सुनवाई होनी है। विजय शाह के पूरे बयान में कर्नल कुरैशी को "आतंकवादियों की बहन" और अन्य अपमानजनक बातें भी कही गई थीं।




