
MP: विंध्य के इस कांग्रेस विधायक समेत 10 विधायकों को भाजपा उठा ले गई?

नई दिल्ली/भोपाल. मंगलवार देर रात मध्यप्रदेश की सियासत में सियासी भूचाल आ गया। कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा ने मध्यप्रदेश के 10 विधायकों को बंधक बना लिया है। वहीं, विधायकों के बंधक होने की जानकारी जैसे ही कांग्रेस के नेताओं को मिली तो देर रात मंत्री जयवर्धन सिंह और जीतू पटवारी विधायकों को छुड़वाने के लिए दिल्ली रवाना हुए।
10 विधायक बंधक
देर शाम खबर आई की भाजपा ने कांग्रेस के एंदल सिंह कंसाना, बसपा की राम बाई, सपा के राजेश शुक्ला, निर्दलीय विधायक सुरेन्द्र सिंह शेरा समेत 10 विधायकों को हरियार के एक होटल आईटीसी ग्रैंड में रूके हुए हैं। उनके साथ भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा, भूपेन्द्र सिंह, अरविंद सिंह भदौरिया और संजय पाठक भी मौजूद हैं। इसके बाद कांग्रेस ने मंत्री जयवर्धन सिंह और जीतू पटवारी को तत्काल दिल्ली रवाना किया। वहीं, दिग्विजय सिंह भी होटल पहुंचे।
इन विधायकों के होटल में होने की पुष्टि
रामबाई (बसपा), पथरिया
बिसाहूलाल (कांग्रेस), अनूपपुर
हरदीप सिंह (कांग्रेस), सुवासरा
सुरेंद्र सिंह शेरा (निर्दलीय)
संजीव कुशवाह (बसपा), भिंड
ऐंदल सिंह कंसाना (कांग्रेस), सुमावली
हरियाणा पुलिस ने रोका
बताया जा रहा है कि तीनों नेताओं को हरियाणा पुलिस ने अंदर जाने से रोक दिया था। दिग्विजय सिंह की तीखी बहस भी हुई। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि भाजपा ने विधायकों के साथ मारपीट भी की है। इसी बीच मंगलवार शाम पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह दिल्ली रवाना हुए हैं।
तरुण भनोत ने भी लगाया आरोप
वहीं, मध्यप्रदेश के वित्त मंत्री तरुण भनोत ने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक अरविंद भदौरिया 4 विधायकों को लेकर कर्नाटक गए हैं। कांग्रेस ने इस दौरान दावा भी किया कि 10 में से 6 विधायकों को छुड़ा लिया गया है। वहीं, इस पूरे मामले में कांग्रेस आज मीडिया से बात करेगी। मध्यप्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री ने पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी के चीफ विप नरोत्तम मिश्रा और पूर्व गृह मंत्री भूपेंद्र सिंह पर सत्तारूढ़ पार्टी के विधायकों को पैसे का लालच देने का आरोप लगाया है।
कमलनाथ ने किया था दिग्विजय का समर्थन
वहीं, मध्यप्रदेश के सीएम कमलनाथ ने भाजपा द्वारा खरीद फरोख्त के मामले में दिग्विजय सिंह के बयान का समर्थन किया था। सीएम कमलनाथ ने कहा था- मैं दिग्विजय सिंह जी की बात से पूरा तरह से सहमत हूं। मध्यप्रदेश में विधायकों को खरीदने की कोशिश की जा रही है। भाजपा पूरी तरह से डरी हुई है। उसके 15 सालों के कार्यकाल में घोटालों का खुलासा होने वाला है। कमलनाथ ने कहा कि मेरी सरकार स्थिर है। मुझे विधायकों ने कहा है कि पैसों का ऑफर मिल रहा है। कमलनाथ ने कहा- मैंने विधायकों से कहा है कि पैसे फोकट में मिल रहे हैं तो ले लो। वहीं, उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि सबसे बड़ा सवाल ये है कि ये पैसे आए कहां से।




